Rahul Gandhi: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित कोटा दौरे से एक दिन पहले शहर में लगे होर्डिंग और पोस्टर हटाने का मामला चर्चा में आ गया है। कोटा के कोटड़ी ओवरब्रिज क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें प्रशासनिक अमले के कर्मचारी स्ट्रीट लाइट पोल पर लगे होर्डिंग-पोस्टर उतारते नजर आ रहे हैं। हटाए गए पोस्टरों को एक लोडिंग टेंपो में रखा जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ता और समर्थक सोशल मीडिया पर लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोगों ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कोटा आगमन से पहले प्रदेश की भाजपा सरकार घबराई हुई है, इसलिए उनके स्वागत और कार्यक्रम से जुड़े प्रचार सामग्री को हटाया जा रहा है।
17 जून की शाम को कोटा पहुंचेंगे राहुल
गौरतलब है कि राहुल गांधी 17 जून की शाम को कोटा पहुंचने वाले हैं। दौरे के दौरान वे नीट पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर कोचिंग विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस संगठन ने व्यापक तैयारियां की हैं, वहीं होर्डिंग हटाने की घटना ने राजनीतिक माहौल को और गर्मा दिया है। प्रशासन की ओर से फिलहाल इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
अशोक गहलोत ने लगाया भाजपा पर आरोप
वहीं राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया कि वह कोटा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इस कार्यक्रम में लोगों को शामिल होने से रोकने की कोशिश कर रही है। उन्होंने इस मामले में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की चुप्पी पर भी सवाल उठाए क्योंकि राहुल के कार्यक्रम से पहले शहर के कोचिंग संस्थानों पर दबाव डालने के आरोप लग रहे हैं। ओम बिरला कोटा से लोकसभा सदस्य हैं।
छात्रों और युवाओं में जबरदस्त उत्साह
राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा और कुछ छात्र समूहों ने इसके समय पर सवाल उठाए हैं क्योंकि 21 जून को नीट की परीक्षा दोबारा होनी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गहलोत ने कहा कि गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर देश भर के छात्रों और युवाओं में जबरदस्त उत्साह है और इसकी शुरुआत के लिए कोटा शहर को इसलिए चुना गया क्योंकि यह प्रतियोगी परीक्षाओं का बड़ा कोचिंग हब है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक के बाद एक प्रश्न पत्र लीक हुए हैं उससे व्यवस्था पर से युवाओं का विश्वास पूरी तरह समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि यह बड़ा देशव्यापी मुद्दा बन चुका है। गहलोत ने आरोप लगाया कि कोटा में ऐसा माहौल बनाया जा रहा है जिससे लोग राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल होने से बचें।
(कोटा से अर्जुन अरविंद के इनपुट के साथ)
