देश

‘चीटिंग कमीशन बन गया है चुनाव आयोग’: कांग्रेस ने तैयार किया 3-चरणों का मेगा प्लान, जानें 'दिल्ली चलो' से गांव चौपाल तक की पूरी रणनीति

कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को देशव्यापी स्तर पर तेज करने का ऐलान किया है। 10 से 20 अक्टूबर तक पैदल मार्च और साइकिल रैली, 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक गांवों में चौपाल और 25-26 नवंबर को ‘दिल्ली चलो’ अभियान होगा। कांग्रेस के मुताबिक, दिल्ली की ओर पांच यात्राएं निकाली जाएंगी, जिनकी अगुवाई पार्टी के बड़े नेता करेंगे।

Image

चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कामकाज को लेकर कांग्रेस पार्टी देशव्यापी विरोध प्रदर्शन करने जा रही है। Congress X handle

कांग्रेस ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपने विरोध प्रदर्शन को और तेज करने का फैसला किया है। सोमवार को कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि पार्टी की महासचिव, प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों की बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष और राहुल गांधी भी मौजूद रहे। इस दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्षों और प्रभारियों को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को जिला स्तर से लेकर केंद्रीय स्तर तक ले जाने का स्पष्ट संदेश दिया गया।

‘

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगा प्रदर्शन’

केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने साफ निर्देश दिया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि “चुनाव आयोग अब चिटिंग कमीशन बन गया है।” कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग देश को गुमराह करने का काम कर रहा है।

उन्होंने दावा किया कि देश की जनता ज्ञानेश कुमार को पद से हटाना चाहती है, लेकिन वह अभी भी अपने पद पर बने हुए हैं। कांग्रेस का कहना है कि देशभर में लोकतंत्र बचाओ आंदोलन लगातार जारी है और आने वाले दिनों में इसे और व्यापक स्तर पर ले जाया जाएगा।

10 से 20 अक्टूबर: दूसरे चरण में पैदल मार्च और साइकिल रैली

कांग्रेस के मुताबिक, ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान का दूसरा चरण 10 से 20 अक्टूबर के बीच चलेगा। इस दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों में पैदल मार्च और साइकिल रैलियां निकाली जाएंगी।

पार्टी का लक्ष्य इस अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाना और मतदाता सूची तथा चुनावी प्रक्रिया से जुड़े अपने आरोपों को जनता के बीच उठाना है।

25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक गांव-गांव चौपाल

अभियान का तीसरा चरण 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलेगा। कांग्रेस के मुताबिक, इस एक महीने के कार्यक्रम के दौरान गांवों में चौपाल आयोजित की जाएंगी। इन चौपालों के जरिए पार्टी स्थानीय स्तर पर लोगों से संवाद करेगी और ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को गांवों तक ले जाने की कोशिश करेगी।

25-26 नवंबर को ‘दिल्ली चलो’ अभियान

कांग्रेस ने आंदोलन के सबसे बड़े चरण के तौर पर 25 और 26 नवंबर को ‘दिल्ली चलो’ अभियान की तैयारी की है। इस अभियान के तहत देश के अलग-अलग हिस्सों से दिल्ली की ओर पांच यात्राएं निकाली जाएंगी। इन यात्राओं की अगुवाई कांग्रेस के बड़े नेता करेंगे। पार्टी की योजना इन यात्राओं के जरिए कार्यकर्ताओं और समर्थकों को दिल्ली तक जुटाने की है। कांग्रेस नेतृत्व का संदेश साफ है कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को अब केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे जिला, गांव और बूथ स्तर तक ले जाया जाएगा।

चुनाव आयोग पर हमलावर कांग्रेस

कांग्रेस लंबे समय से चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाती रही है। पार्टी का आरोप है कि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस अब चरणबद्ध तरीके से देशव्यापी आंदोलन चलाने की तैयारी में है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें