कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुजरात में जारी SIR को लेकर एक डाटा शेयर करते हुए चुनाव आयोग और बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है। राहुल गांधी ने कहा कि गुजरात में सुनियोजित, संगठित और रणनीतिक तरीके से वोट काटा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर को “एक व्यक्ति, एक वोट” के संवैधानिक अधिकार को खत्म करने के हथियार में बदल दिया गया है - ताकि जनता नहीं, भाजपा तय करे कि सत्ता में कौन रहेगा।
राहुल गांधी का बड़ा आरोप
राहुल गांधी ने 'एक्स' पर गुजरात कांग्रेस कमेटी के एक पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए दावा किया कि जहां-जहां एसआईआर, वहां-वहां वोट चोरी हो रही है। उन्होंने दावा किया कि सबसे चौंकाने वाली और खतरनाक बात यह है कि एक ही नाम से हजारों-हजार आपत्तियां दर्ज की गईं।
राहुल गांधी ने क्या-क्या कहा
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा- गुजरात में SIR के नाम पर जो कुछ किया जा रहा है, वह किसी भी तरह की प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं है - यह सुनियोजित, संगठित और रणनीतिक वोट चोरी है। सबसे चौंकाने वाली और खतरनाक बात यह है कि एक ही नाम से हजारों-हजार आपत्तियां दर्ज की गईं। चुन-चुनकर खास वर्गों और कांग्रेस समर्थक बूथों के वोट काटे गए। जहां BJP को हार दिखती है, वहाँ मतदाता ही सिस्टम से गायब कर दिए जाते हैं। यही पैटर्न आलंद में दिखा। यही राजुरा में हुआ। और अब वही ब्लूप्रिंट गुजरात, राजस्थान और हर उस राज्य में लागू किया जा रहा है जहां SIR थोपा गया है। SIR को “एक व्यक्ति, एक वोट” के संवैधानिक अधिकार को खत्म करने के हथियार में बदल दिया गया है - ताकि जनता नहीं, BJP तय करे कि सत्ता में कौन रहेगा। और सबसे गंभीर सच्चाई यह है कि चुनाव आयोग अब लोकतंत्र का रक्षक नहीं, बल्कि इस वोट चोरी की साज़िश का मुख्य सहभागी बन चुका है।
गुजरात कांग्रेस ने क्या कहा
वहीं गुजरात कांग्रेस ने कहा कि नेता विपक्ष राहुल गांधी जी द्वारा वोट चोरी का खुलासा होने के बाद भाजपा ने उसका Next Level चुनाव चोरी का मॉडल अपना लिया है। चुनाव चोरी मतलब आपके वोट अधिकार की चोरी इसका नया खेल गुजरात में सामने आया है। नियमानुसार चुनाव आयोग ने SIR के बाद ड्राफ्ट लिस्ट जारी कर आपत्तियां लेना शुरू किया और 18 जनवरी अंतिम तारीख घोषित कर दी। 15 जनवरी तक गिनी-चुनी आपत्तियां आई लेकिन असली खेल उसके बाद शुरू हुआ, षडयंत्र के तहत अचानक लाखों आपत्तियां ( फॉर्म 7) जमा करा दी जाती हैं।
