देश

'मोदी भारत और ट्रंप दुनिया को कर रहे बर्बाद', राम मंदिर चंदा चोरी विवाद पर क्या बोले खरगे?

Congress Attacks On Modi Government: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक में एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों नेता अपने-अपने स्तर पर लोगों को परेशान कर रहे हैं। खरगे ने बढ़ती ईंधन कीमतों और भारत की विदेश नीति को लेकर भी मोदी सरकार की आलोचना की।

Image

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मोदी सरकार पर साधा निशाना। PTI

Photo : PTI

Congress Attacks On Modi Government: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि खुद को ’’अच्छा दोस्त’’ बताने वाले ये दोनों नेता अपने-अपने क्षेत्रों को (एक देश को, तो दूसरा दुनिया को) बर्बाद कर रहे हैं। अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़ी निधि में हेराफेरी के आरोपों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म के नाम पर ’’लूट’’ हुई है।

'मोदी सरकार ने छात्रों के साथ की धोखाधड़ी'

खरगे ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के आयोजन को लेकर मोदी सरकार पर हमला बोला और छात्रों तथा अभिभावकों के साथ ’’धोखाधड़ी’’ करने का आरोप लगाया। खरगे ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। वह यहां एक अधिवेशन को संबोधित कर रहे थे, जिसमें बी.के. हरिप्रसाद ने कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष का पद संभाला। खरगे ने कहा, ’’मोदी देश को बर्बाद कर रहे हैं। ट्रंप पूरी दुनिया को बर्बाद कर रहे हैं। दोनों खुद को ’अच्छा दोस्त’ बताते हैं। दोनों अच्छे दोस्त, आप देश का नाम खराब कर रहे हैं और आप दोनों की वजह से लोग परेशान हो रहे हैं।’’

खरगे ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से क्या की अपील?

ईंधन की बढ़ती कीमतों के लिए ट्रंप को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने दावा किया, ’’भारत ने नेहरू के समय से ही गुटनिरपेक्षता की नीति अपनाई और सभी देशों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखे। लेकिन उस नीति को छोड़ दिया गया है, और मोदी ने हर किसी को अपना दोस्त बताकर तथा उन्हें गले लगाकर हमें इस स्थिति में पहुंचा दिया है।’’

उन्होंने कहा, ’’हमें (कांग्रेस कार्यकर्ताओं को) यह ध्यान में रखना चाहिए कि कौन सी सरकार देश और इसके लोगों के लिए फायदेमंद होगी। हमें लोगों को इसके बारे में बताना चाहिए। लोगों के पास जाएं और उन्हें समझाएं कि क्या हो रहा है।’’

राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर क्या बोले खरगे?

खरगे ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पार्टी के मूल मूल्यों और विचारधारा से समझौता किए बिना पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि लालकृष्ण आडवाणी की रथ यात्रा के बाद अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए दान और सामग्री एकत्र की गई थी, लेकिन उसका कोई उचित हिसाब नहीं दिया गया। खरगे ने दावा किया कि अब मंदिर से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं की खबरें आ रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया, ’’ऐसी खबरें हैं कि लगभग 5,000 करोड़ रुपये का दुरुपयोग किया गया है। पुजारी पैसे लूट रहे हैं। राम नाम जपना, पराया माल अपना। राम के नाम पर लूट हुई है। मंदिर का निर्माण करोड़ों रुपये लूटने के लिए किया गया।’’ खरगे ने कहा कि आम तौर पर मंदिरों का उद्घाटन स्वामीजी और साधु-संत करते हैं, लेकिन राम मंदिर का उद्घाटन खुद प्रधानमंत्री मोदी ने किया था। उन्होंने कहा, ’’मंदिरों के दान-पात्रों का पैसा कहीं और जा रहा है। इसके पीछे उनके अपने लोग हैं या कोई और, इसकी जांच होनी चाहिए।’’

राम मंदिर में वित्तीय अनियमितता और दान राशि के गायब होने के आरोपों की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 15 दिन का समय दिए जाने और तब तक जनता से इंतजार करने की अपील करने पर प्रतिक्रिया देते हुए खरगे ने कहा, ’’जब भगवान आपके साथ हैं, मंदिर आपके साथ है, मोदी आपके साथ हैं और आप मुख्यमंत्री हैं, तो आपको 15 दिन की ज़रूरत क्यों है? राम के नाम पर लूट करने वालों को जेल में डालिए।’’

उन्होंने कहा, ’’लोगों ने भगवान, राम मंदिर और धर्म के नाम पर वोट दिया। लेकिन क्या ये लोग धर्म की रक्षा कर रहे हैं? धर्म के नाम पर लूट हो रही है और धर्म के नाम पर गरीबों का शोषण हो रहा है।’’ नीट परीक्षा के आयोजन से जुड़े विवादों का जिक्र करते हुए खरगे ने आरोप लगाया कि कुप्रबंधन ने इस प्रक्रिया की विश्वसनीयता को कमजोर किया है और उन्होंने प्रधान के इस्तीफे की राहुल गांधी की मांग को दोहराया।

कर्नाटक के सीईटी मॉडल की समीक्षा हो: खरगे

उन्होंने कहा, ’’वे ठीक से परीक्षा आयोजित करने में असमर्थ हैं। भाजपा और प्रधान ने छात्रों और अभिभावकों के साथ धोखा किया है। उन्हें इस्तीफ़ा देना होगा।’’ खरगे ने सुझाव दिया कि कर्नाटक के सीईटी मॉडल की समीक्षा की जानी चाहिए और छात्रों के साथ निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए नीट के अंक के साथ-साथ 12वीं कक्षा के अंकों पर भी विचार किया जाना चाहिए।

महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर मोदी सरकार पर हमला करते हुए खरगे ने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों की अनदेखी करते हुए कुछ ही लोगों के हाथों में सत्ता केंद्रित करने में रुचि रखती है। उन्होंने दावा किया, ’’यह मोदी सरकार एक दिन गिरेगी, इंतजार कीजिए और देखिए। मोदी के लिए बड़ी मुसीबत आने वाली है, इंतजार कीजिए और देखिए। वे लोगों की मदद के लिए कुछ भी ठीक तरीके से नहीं कर रहे हैं, चाहे वे मजदूर हों, महिलाएं हों या छात्र।’’

खरगे ने आरोप लगाया कि शिक्षा प्रणाली और पाठ्यक्रम को इस तरह से बदला जा रहा है जिससे छात्र गुमराह हों। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सदस्यों को अहम पदों पर बिठाया जा रहा है और आरएसएस की पृष्ठभूमि वाले शिक्षकों तथा कुलपतियों की नियुक्ति की जा रही है। उन्होंने कहा, ’’वे ऐसा राजनीतिक नियंत्रण बनाए रखने के लिए कर रहे हैं।"

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article