भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतरे दोनों उम्मीदवार कद्दावर हैं, वो रिमोट कंट्रोल से नहीं चलाए जा सकते हैं। राहुल गांधी ने इस प्रेस कांफ्रेंस में कई मुद्दों पर मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा।
कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर जारी चुनावी प्रक्रिया पर राहुल ने कहा कि जो भी रिमोट कंट्रोल वाला सवाल उठा रहे हैं, वो उम्मीदवारों का अपमान कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा- "सबसे पहले एक चुनाव हो रहा है, मैं इस स्थिति पर कोई राय नहीं देना चाहता। दोनों उम्मीदवार कद और प्रतिष्ठा के लोग हैं। सच कहूं तो मुझे लगता है कि इस तरह के दावे दोनों का अपमान कर रहे हैं।"
राहुल गांधी ने आगे कहा कि दोनों लोग जो चुनाव में उतरे हैं, उनकी एक हैसियत है, एक दृष्टिकोण है और वे कद्दावर होने के साथ-साथ अच्छी समझ रखने वाले व्यक्ति हैं। मुझे नहीं लगता कि उनमें से कोई भी रिमोट कंट्रोल से चलने वाला पार्टी प्रमुख होगा। ये सोचना ही गलत है।
बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव 17 अक्टूबर को होगा और परिणाम 19 अक्टूबर को होंगे। इस चुनाव के लिए कांग्रेस नेता शशि थरूर और मल्लिकार्जुन खड़गे मैदान में हैं।
राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हुए हैं। यह यात्रा तमिलनाडु से शुरू हुई थी, जिसके बाद केरल गई और फिर अब कर्नाटक में यह यात्रा चल रही है। यात्रा 18 अक्टूबर से तीन दिनों के लिए आंध्र प्रदेश में जाएगी, जहां 95 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि यह यात्रा फिर से कर्नाटक के रायचूर लौटेगा और फिर तेलंगाना जाएगा।
