देश

कुछ नहीं किया फिर भी 'फांसी की सजा' दे दी गई- राज्यसभा से निलंबित होने पर बोलीं कांग्रेस सांसद रजनी पाटिल

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Feb 10, 2023, 09:02 PM IST

Congress MP Rajani Patil: वीडियो रिकॉर्डिंग मामले में विशेषाधिकार समिति मामले की जांच करेगी और रजनी पाटिल तब तक निलंबित रहेंगी जब तक समिति अपनी रिपोर्ट नहीं सौंप देती। राज्यसभा अध्यक्ष जगदीप धनखड़ ने कहा कि संसद की पवित्रता बनाए रखने के लिए इस मामले को किसी बाहरी एजेंसी को नहीं सौंपा जाएगा।

Image

कांग्रेस सांसद रजनी पाटिल वर्तमान सत्र से निलंबित

Photo : ANI

Congress MP Rajani Patil: कांग्रेस की सांसद रजनी पाटिल को वर्तमान सत्र के लिए राज्यसभा से निलंबित कर दिया गया है। उनपर आरोप है कि वो सदन के अंदर का वीडियो रिकॉर्ड कर रही थीं, जो नियमों के अनुसार गलत है। इस निलंबन के बाद पाटिल ने कहा कि उन्होंने कुछ किया भी नहीं फिर भी फांसी की सजा दे दी गई है।

क्या है आरोप

रजनी पाटिल पर आरोप है कि उन्होंने राज्यसभा का वीडियो तब शूट किया था, जब पीएम मोदी बोल रहे थे। जिसे बाद में ट्वीट भी किया गया था। राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा- "कल पब्लिक डोमेन में, ट्विटर पर, इस सदन की कार्यवाही से संबंधित एक वीडियो को शेयर किया गया था। रजनी अशोकराव पाटिल इस गतिविधि में शामिल थीं। यह एक ऐसा मामला है जिस पर हमें ध्यान देना चाहिए।"

निलंबन के बाद क्या बोलीं सांसद

सदन से निलंबन के बाद रजनी पाटिल ने कहा- "मैंने ऐसा कुछ नहीं किया, लेकिन जब मैंने कुछ नहीं किया तब भी मुझे "फंसी की सजा" दी गई। मैं स्वतंत्रता सेनानी के परिवार से आती हूं और मेरी संस्कृति मुझे कानून का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं देती है।"

क्या बोले धनखड़

राज्यसभा के चेयरमैन जगदीप धनखड़ ने कहा कि विशेषाधिकार समिति मामले की जांच करेगी और पाटिल तब तक निलंबित रहेंगी जब तक समिति अपनी रिपोर्ट नहीं सौंप देती। धनखड़ ने कहा कि संसद की पवित्रता बनाए रखने के लिए इस मामले को किसी बाहरी एजेंसी को नहीं सौंपा जाएगा। इससे पहले सभापति धनखड़ ने सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से सदन की कार्यवाही को फिल्माने से संबंधित मामले पर अपने विचार व्यक्त करने के लिए कहा था।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article