देश

'गमछा पहनता हूं तो वे उड़ाते हैं मजाक', PM मोदी बोले- कांग्रेस ने असम की संस्कृति और विरासत का किया अपमान

PM Modi in Assam: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस पर असम की संस्कृति और विरासत का अपमान करने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि सत्ता पाने की लालसा में घुसपैठियों के लिए पार्टी द्वारा लाल कालीन बिछाए जाने से यह स्पष्ट हो गया है। मोदी ने कहा, ''जब मैं असम से जुड़ी कोई चीज पहनता हूं, जैसे गमछा तो वे उसका मजाक उड़ाते हैं।''

PM Modi in Assam

असम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक जनसभा को किया संबोधित (फोटो साभार: PTI)

PM Modi in Assam: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस पर असम की संस्कृति और विरासत का अपमान करने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि सत्ता पाने की लालसा में घुसपैठियों के लिए पार्टी द्वारा लाल कालीन बिछाए जाने से यह स्पष्ट हो गया है। विधानसभा चुनाव से ठीक एक महीने पहले राज्य के अपने दूसरे दौरे पर पहुंचे मोदी ने जोर देकर कहा कि भाजपा की 'डबल इंजन' सरकार कांग्रेस की पिछली सरकारों के ''पापों को धो रही है''।

उन्होंने गुवाहाटी में अर्जुन भोगेश्वर बरुआ स्टेडियम में 10,000 से अधिक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भव्य बोडो लोक नृत्य 'बागुरुम्बा द्वौ' को देखने के बाद कहा, ''जब हम असम और उसकी संस्कृति का सम्मान करते हैं, तो कुछ लोगों को यह पसंद नहीं आता। आप सभी जानते हैं कि कौन सी पार्टी सम्मान दिखाना पसंद नहीं करती, वह कांग्रेस पार्टी है।''

PM मोदी ने कांग्रेस पर लगाए आरोप

मोदी ने दावा किया कि कांग्रेस ने संगीतकार भूपेन हजारिका को भारत रत्न दिए जाने का विरोध किया था और असम में एक सेमीकंडक्टर इकाई की स्थापना का विरोध कर्नाटक के एक मंत्री ने किया था, जो कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पुत्र भी हैं। मोदी ने कहा, ''जब मैं असम से जुड़ी कोई चीज पहनता हूं, जैसे गमछा तो वे उसका मजाक उड़ाते हैं।'' उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने असम व राज्य के बोडोलैंड को मुख्यधारा से अलग-थलग रखा। उन्होंने राज्य में हुई हिंसा के लिए पार्टी को जिम्मेदार ठहराया।

मोदी ने कहा, ''असम के सामने चुनौतियां थीं। लेकिन समाधान खोजने के बजाय, कांग्रेस ने सत्ता हथियाने पर ध्यान केंद्रित किया। जहां विश्वास की आवश्यकता थी, वहां उन्होंने विभाजन पैदा किया। जहां चर्चा की आवश्यकता थी, वहां उन्होंने मुद्दों को अनदेखा किया और संवाद के द्वार बंद कर दिए।'' उन्होंने कहा कि बोडो समुदाय द्वारा उठाए गए मुद्दों को नजरअंदाज कर दिया गया।

PM मोदी ने क्या कुछ कहा?

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब असम की जनता के लिए काम करने की जरूरत थी, तब कांग्रेस ने 'वोट बैंक की राजनीति' के लिए ''घुसपैठियों के लिए दरवाजे खोल दिए'' और इन अवैध कब्जाधारियों ने पूरे राज्य में जमीन हड़प ली। मोदी ने कहा, ''असम की हिमंत विश्व शर्मा सरकार अब कांग्रेस के पापों को धो रही है और कब्जा की हुई जमीनों को खाली करा रही है।'' उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस ने न केवल असम, बल्कि पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र की उपेक्षा की।

प्रधानमंत्री ने दूसरी ओर कहा कि 'डबल इंजन' वाली भाजपा सरकार असम में लोगों के दिलों और जगहों को जोड़ रही है। उन्होंने राज्य के लिए विभिन्न परियोजनाओं और योजनाओं की सूची दी, जिसमें बेहतर संपर्क पर विशेष ध्यान दिया गया। मोदी ने पूर्वोत्तर राज्य के प्रति अपना सम्मान और प्रेम जताते हुए कहा कि किसी भी अन्य प्रधानमंत्री ने असम के उतने दौरे नहीं किए जितना उन्होंने किए हैं।

प्रधानमंत्री ने जारी 'माघ बिहू' उत्सव के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे राज्य की संस्कृति को करीब से देखने का कोई भी अवसर नहीं छोड़ते। मोदी ने कहा कि 'बागुरुम्बा द्वौ' नृत्य प्रस्तुति मात्र एक उत्सव नहीं, बल्कि बोडो समुदाय के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

अनुराग गुप्ता
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article