देश

विजय ने मांगा समर्थन तो कांग्रेस में शुरू हुआ बैठकों का दौर; खरगे-राहुल ने की मंत्रणा, तमिलनाडु इकाई के पाले में फेंकी गेंद

TVK Congress Alliance: कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि टीवीके नेता विजय ने तमिलनाडु में सरकार गठन के लिए उससे समर्थन मांगा है। तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में टीवीके को 108 सीटें हासिल हुई हैं।

Image

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (बाएं) और थलपति विजय (दाएं)

Photo : PTI

TVK Congress Alliance: कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) नेता विजय ने तमिलनाडु में सरकार गठन के लिए उससे समर्थन मांगा है और आलाकमान ने पार्टी की प्रदेश इकाई को राज्य की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए अंतिम निर्णय लेने का निर्देश दिया है।

क्या TVK को अपना समर्थन देगी कांग्रेस?

कांग्रेस ने यह भी कहा कि तमिलनाडु का जनादेश धर्मनिरपेक्ष सरकार के लिए है और वह भाजपा तथा उसके प्रतिनिधि समूहों को सत्ता से दूर रखने के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडानकर के बीच मंत्रणा के बाद कांग्रेस नेतृत्व ने राज्य इकाई को यह निर्देश जारी किया।

विजय ने कांग्रेस से मांगा समर्थन

वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा, "टीवीके अध्यक्ष विजय ने तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए कांग्रेस से समर्थन का अनुरोध किया है। उन्होंने अपने राजनीतिक मिशन में पेरुमथलाईवर कामराज से भी प्रेरणा लेने की बात कही है। कांग्रेस का स्पष्ट मानना है कि तमिलनाडु में जनादेश ऐसी धर्मनिरपेक्ष सरकार के लिए है, जो संविधान की अक्षरशः रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हो।"

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि भाजपा और उसके प्रतिनिधि किसी भी तरह से तमिलनाडु सरकार को न चलाएं। उनका कहना था, "ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व ने तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस कमेटी को चुनाव परिणाम के मद्देनजर राज्य की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए विजय के अनुरोध पर अंतिम निर्णय लेने का निर्देश दिया है।"

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस के तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडानकर ने आज रात पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति की ऑनलाइन बैठक बुलाई है, जिसमें विजय के आग्रह पर फैसला होगा। सूत्रों ने कहा कि यदि कांग्रेस टीवीके को समर्थन देती है तो सहयोगी द्रमुक को विश्वास में लेकर यह निर्णय लेने का प्रयास करेगी और संभव है कि वह सरकार को बाहर से समर्थन दे।

सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी TVK

तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में टीवीके को 108 सीटें हासिल हुई हैं। उसे सरकार बनाने के लिए 10 और विधायकों के समर्थन की जरूरत है। कांग्रेस के पांच विधायक निर्वाचित हुए हैं। कांग्रेस राज्य में द्रमुक नीत गठबंधन का हिस्सा है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें