Pune News: महाराष्ट्र के पुणे से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां पिंपरी चिंचवाड़ में एक ऑटो कंपनी को सप्लाई किए गए समोसे में आलू की जगह कथित तौर पर कंडोम, गुटखा और पत्थर पाए गए हैं। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसमें एक आरोप को गिरफ्तार भी किया गया है। पुलिस की अबतक की जांच में सामने आया है कि समोसे में कंडोम, गुटखा और पत्थर भरने का खेल कारोबारी की दुश्मनी में हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि जिन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, उनमें दो कर्मचारी सबकॉन्ट्रैक्टिंग फर्म के हैं, जिन्हें ऑटो कंपनी में समोसा सप्लाई करने के लिए कहा गया था। अन्य तीन आरोपी ऐसी एक फर्म के पार्टनर थे, जिन्हें मिलावट के आरोप में हटा दिया गया था।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, पिंपरी चिंचवाड स्थित नामी ऑटो कंपनी में खाने-पीने के सामान की सप्लाई करने की जिम्मेदारी कैटलिस्ट सर्विस सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड की थी। इस कंपनी ने समोसा सप्लाई करने का ठेका मनोहर एंटरप्राइजेज नाम की कंपनी को दिया था। पुलिस ने बताया कि मनोहर एंटरप्राइजेज के कर्मचारियों ने पूछताछ में बताया है कि फिरोज शेख और विक्की शेख नाम के दो कर्मचारियों ने कथित तौर पर समोसे में कंडोम, गुटखा और पत्थर भरे थे। इस खुलासे के बाद पुलिस ने आईपीसी की धारा 328 ओर धारा 120बी के तहत केस दर्ज किया है।
कंपनी को बदनाम करने के लिए हुआ पूरा खेल
पुलिस ने बताया कि समोसे में मिलावट करने के आरोपी फिरोज और विक्की एसआरएस एंटरप्राइजेज के कर्मचारी हैं। उन्होंने बताया कि इसी कंपनी के अन्य तीनों पार्टनर ने मनोहर एंटरप्राइजेज को बदनाम करने के लिए समोसे में मिलावट करने को कहा था। उन्होंने कहा, तीन साझेदारों ने कथित तौर पर इन दो कर्मचारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए लगाया था कि जिस कंपनी को अब समोसे का ठेका मिला है, वह बदनाम हो जाए। दरअसल, ऑटो फर्म को फूड सप्लाई करने का कॉन्ट्रैक्ट पहले एसआरए एंटरप्राइजेज के पास ही था, लेकिन बाद में उसका कॉन्ट्रैक्ट खत्म कर दिया गया था। दरअसल, उनके द्वारा सप्लाई किए गए नाश्ते में बैंडेज पाई गई थी। पुलिस ने बताया कि एसआरएस एंटरप्राइजेज के तीनों आरोपियों की पहचान रहीम शेख, अज़हर शेख और मजहर शेख के रूप में हुई है।
