देश

राधिका के साथ म्यूजिक वीडियो में नजर आए ईनाम ने बताया-टेनिस खिलाड़ी से पहली बार कहां मिला, मर्डर पर कही ये बात

इनाम उल हक ने कहा है कि राधिका की हत्या में उसकी किसी तरह की संलिप्तता नहीं है और वीडियो शूट होने के बाद वह टेनिस खिलाड़ी के साथ संपर्क में नहीं था। समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में इनाम ने कहा कि दिल्ली में आयोजित टेनिस प्रीमियर लीग के दौरान वह राधिका से मिला था और इस मुलाकात के बाद उसने म्यूजिक वीडियो में उसके साथ काम किया।

Image

राधिका यादव की हत्या उसके पिता ने की है। तस्वीर-ट्विटर, ANI

Radhika Yadav Murder case : टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव के एक साथ म्यूजिक वीडियो में नजर आने वाले कलाकार इनाम उल हक ने कहा है कि राधिका की हत्या में उसकी किसी तरह की संलिप्तता नहीं है और वीडियो शूट होने के बाद वह टेनिस खिलाड़ी के साथ संपर्क में नहीं था। समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में इनाम ने कहा कि दिल्ली में आयोजित टेनिस प्रीमियर लीग के दौरान वह राधिका से मिला था और इस मुलाकात के बाद उसने म्यूजिक वीडियो में उसके साथ काम किया।

दिल्ली में पहली बार राधिका से मिला-इनाम

इनाम ने कहा, 'दिल्ली में हुए टेनिस प्रीमियर लीग के दौरान मैं पहली बार राधिका से मिला। इसके बाद म्यूजिक वीडियो में मेरी उससे मुलाकात हुई। वह मेरे लिए एक कलाकार थी। मैंने कई कलाकारों के साथ काम किया है। वह इस वीडियो की शूटिंग के लिए यहां आई थी और फिर इसके बाद चली गई। हमने इस वीडियो के लिए उसे भुगतान किया जबकि वीडियो बनाने में जो खर्च हुआ, उसका भुगतान अभी नहीं हुआ। इस वीडियो के बाद हमारे बीच कोई संपर्क नहीं हुआ।'

घटना को सांप्रदायिक रंग देने पर चिंता जताई

राधिका की हत्या में अपनी किसी तरह की संलिप्तता से इंकार करते हुए इनाम ने इस घटना को सांप्रदायिक रंग देने की हो रही कोशिशों पर चिंता जताई। उसने कहा, 'इस घटना को हिंदू-मुस्लिम रंग भी दिया जा रहा है। ऐसा क्यों किया जा रहा है, इसके बारे में मुझे कुछ नहीं पता। मेरा इस मर्डर से कोई लेना-देना नहीं है। राधिका का कोई सोशल मीडिया अकाउंट नहीं है। बस यूट्यूब पर एक क्लिप है। इसी वजह से इस वीडियो को बार-बार दिखाया जा रहा है।'

'अपनी मां के साथ दुबई आई थी राधिका'

यही नहीं, इनाम ने कहा कि राधिका के साथ उसके रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया में अफवाह फैलाई जा रही है। सोशल मीडिया में जो बातें कही जा रही हैं, वह बिल्कुल झूठ हैं। राधिका के साथ उसकी न तो किसी तरह की दोस्ती और न ही वे किसी रिश्ते में थे। हक ने कहा कि वीडियो शूट के लिए राधिका अपनी मां के साथ दुबई आई थी और उसने बताया था कि उसके पिता को यह गाना पसंद आया। इनाम ने बताया कि पुलिस ने अभी तक उससे संपर्क नहीं किया है। अगर पुलिस उससे संपर्क करती है तो वह सहयोग करने के लिए तैयार है।

शुक्रवार शाम हुआ राधिका का अंतिम संस्कार

हरियाणा की पूर्व टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव का शुक्रवार शाम अंतिम संस्कार कर दिया गया। एक दिन पहले ही उसके पिता ने कथित तौर पर नजदीक से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। भले ही राधिका का अंतिम संस्कार कर दिया गया, लेकिन इस घटना ने कई सवाल पीछे छोड़ दिये हैं। राधिका के 49 वर्षीय पिता दीपक यादव ने अपना अपराध कबूल कर लिया और पुलिस को बताया कि टेनिस अकादमी से होने वाली आय पर निर्भर रहने के कारण उसे ताना मारा जाता था। आरोपी पिता को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया और एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

25-वर्षीय राधिका को चार गोलियां लगीं

पुलिस ने बताया कि तीन चिकित्सकों के बोर्ड द्वारा की गई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, 25-वर्षीय राधिका को चार गोलियां लगीं, जिनमें से तीन पीठ में और एक कंधे में लगी। पुलिस के अनुसार, राधिका का शव पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिया गया और अंतिम संस्कार के लिए पास के वजीराबाद स्थित उनके गांव ले जाया गया। एक ग्रामीण ने बताया कि युवती के अंतिम संस्कार के समय वहां सन्नाटा पसरा था और कई लोगों की आंखों में आंसू भी थे। उसके शोकाकुल परिजनों सहित कम से कम 150 लोग अंतिम संस्कार में शामिल हुए और उसके भाई धीरज ने चिता को अग्नि दी।

राधिका की हत्या को लेकर कई सवाल

शोक संतप्त परिजनों में से एक ने कहा, ‘हत्या को लेकर कई सवाल थे। हर कोई हैरान था कि दीपक अपनी बेटी की हत्या कैसे कर सकता है, जबकि वह जिसे सबसे ज़्यादा प्यार करता था।’गुरुग्राम के सुशांत लोक स्थित घर में खाना बना रही अपनी बेटी की पीठ में पिता ने गोली क्यों मारी? क्या उसकी टेनिस अकादमी की वजह से? क्या पिछले साल बनाए गए उसके किसी संगीत वीडियो की वजह से? क्या उसके आत्म-सम्मान को ठेस पहुंची थी? या फिर कुछ और ही था? जैसे-जैसे लोगों को एक सफल महिला की चौंकाने वाली हत्या के बारे में जानकारी मिली, अटकलबाजियों का दौर शुरू हो गया।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article