देश

भोपाल में युवाओं का महाकुंभ! 20 हजार युवा होंगे शामिल, जुबिन नौटियाल-कबीर कैफे लगाएंगे सुर

भोपाल के लाल परेड मैदान में 6 अक्टूबर को सीएम यूथ कॉनक्लेव 2026 का आयोजन होगा। इसमें प्रदेशभर से 20 हजार से ज्यादा युवा शामिल होंगे। मुख्यमंत्री मोहन यादव युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम में रोजगार, करियर, एआई, रोबोटिक्स, ड्रोन, सेमीकंडक्टर समेत कई क्षेत्रों पर चर्चा होगी। जुबिन नौटियाल और कबीर कैफे की प्रस्तुतियां भी होंगी।

Image

CM Youth Conclave 2026: भोपाल में जुटेंगे 20 हजार युवा।

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 6 अक्टूबर को युवाओं का बड़ा जुटान होने जा रहा है। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से लाल परेड मैदान में "सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026" का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से 20 हजार से ज्यादा युवा शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस दौरान युवाओं से सीधे संवाद करेंगे और उनके करियर, रोजगार और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

17 विभागों और विश्वविद्यालयों के 80 से ज्यादा स्टॉल

कॉन्क्लेव में 17 शासकीय विभागों और विश्वविद्यालयों की ओर से 80 से ज्यादा स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉल पर युवाओं को रोजगार, प्रशिक्षण, करियर काउंसलिंग, रिसर्च, आधुनिक तकनीक और सरकार की विभिन्न योजनाओं से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम का फोकस युवाओं को बदलते दौर की तकनीक और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने पर रहेगा। एआई, रोबोटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर, नवीकरणीय ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहन (EV) जैसे तेजी से उभरते क्षेत्रों में प्रशिक्षण और रोजगार की संभावनाओं के बारे में युवाओं को जानकारी दी जाएगी।

आईआईटी के विशेषज्ञ बताएंगे भविष्य के करियर विकल्प

कॉन्क्लेव में IIT मुंबई और IIT रुड़की के विशेषज्ञ भी युवाओं के साथ संवाद करेंगे। विशेषज्ञ शिक्षा, तकनीकी विकास, अनुसंधान और भविष्य में उभरने वाले करियर विकल्पों को लेकर विशेष सत्र आयोजित करेंगे। इसका उद्देश्य युवाओं को पारंपरिक करियर विकल्पों के साथ-साथ नई तकनीक और रिसर्च के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं से परिचित कराना है।

एम्स के डॉक्टर बताएंगे तनाव से निपटने के तरीके

कॉन्क्लेव में युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य को भी खास तवज्जो दी जाएगी। एम्स के मनोचिकित्सक विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और एकाग्रता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी देंगे। पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर को लेकर बढ़ते दबाव के बीच युवाओं के लिए यह सत्र काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कार्यक्रम में पुलिस विभाग की ओर से भी कई जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, यातायात जागरूकता और कम्युनिटी पुलिसिंग जैसे विषय शामिल होंगे। युवाओं को साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन अपराधों से बचने के तरीके बताए जाएंगे। साथ ही महिला सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिक के तौर पर युवाओं की भूमिका पर भी चर्चा होगी।

जुबिन नौटियाल और कबीर कैफे की होगी प्रस्तुति

सीएम यूथ कॉन्क्लेव सिर्फ करियर और जागरूकता तक सीमित नहीं रहेगा। कार्यक्रम में युवाओं के मनोरंजन के लिए गायक जुबिन नौटियाल और युवाओं के पसंदीदा बैंड कबीर कैफे की प्रस्तुतियां भी होंगी।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article