Cloudburst in Sirmour: हिमाचल प्रदेश में मुसीबत कम होने का नाम नहीं ले रही है। अब सिरमौर में बादल फटने से भारी तबाही की खबर है। जानकारी के मुताबिक, पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र के मुगलावाला पंचायत के सिरमौरी ताल में बादल फट गया, जिसके बाद यहां गिरी नदी का जल प्रभाव काफी तेज हो गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बादल फटने के कारण स्थानीय निवासी कुलदीप सिंह का मकान मलबे में दब गया। उनके परिवार के पांच लोग लापता बताए जा रहे हैं। इसके साथ ही सिरमौरी ताल के लगभग 70 परिवारों को भी आधी रात को अपना घर छोड़ना पड़ा है। ये सभी लोग नेशनल हाईवे पर आ गए हैं।
निचले क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात
बताया जा रहा है कि बादल फटने के कारण गिरी नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिसके बाद जटोन बैराज के सभी गेट भी खोल दिए गए हैं। इससे निचले क्षेत्रों में एक बार फिर से बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। वहीं, सिरमौर में 70 फीसदी रूट बंद कर दिए गए हैं।
देर रात आया भूकंप
वहीं हिमाचल प्रदेश में देर रात भूकंप आने की भी खबर है। यहां करीब 11:20 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशन सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक, लाहौल एवं स्पीति में भूकंप के कारण लोगों ने कंपन महसूस किया। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.3 दर्ज की गई है। राहत की बात यह है कि इस भूकंप के कारण किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। बता दें, बीते महीने राज्य के कांगड़ा जिले में भी ऐसे ही भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।
हिमाचल में अब तक 223 की जान गई
बीते दिनों हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण बाढ़ ने तबाही मचाई थी। इस कारण प्रदेश में करीब 223 लोगों की जान चली गई तो वहीं 295 लोग घायल हो गए। सरकार की ओर से जारी किए गए बयान के मुताबिक, 800 घर पूरी तरह से तबाह हो गए तो 7500 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए।
