देश

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को मिला IIT कानपुर का विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान, 1985 बैच के रह चुके हैं छात्र

आईआईटी कानपुर ने 2025 के Distinguished Alumni Award के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को चुना है। यह पुरस्कार उनके असाधारण करियर, प्रशासनिक योगदान और चुनाव आयोग में निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए दिया जाएगा। सम्मान समारोह 2 नवंबर 2025 को संस्थान के 66वें स्थापना दिवस पर होगा।

Image

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को आईआईटी कानपुर ने सर्वोच्च विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान देने का एलान किया।(फोटो सोर्स: टाइम्स नाउ डिजिटल)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर ने 2025 के लिए अपने सर्वोच्च विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान (Distinguished Alumni Award) की घोषणा की है। इस वर्ष यह सम्मान भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को दिया जा रहा है। यह सम्मान संस्थान अपने उन पूर्व छात्रों को देता है जिन्होंने अपने क्षेत्र में असाधारण उपलब्धियां हासिल की हों।

आईआईटी कानपुर का सर्वोच्च सम्मान है DAA

आईआईटी कानपुर का यह पुरस्कार उसके सभी पूर्व छात्रों के लिए सबसे बड़ा सम्मान माना जाता है। निदेशक प्रो. मणीन्द्र अग्रवाल ने बताया कि बोर्ड ऑफ गवर्नर्स ने सर्वसम्मति से श्री ज्ञानेश कुमार को 2025 के लिए इस सम्मान के लिए चुना है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान ज्ञानेश कुमार की अद्भुत उपलब्धियों और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

शिक्षा और करियर की शुरुआत

श्री ज्ञानेश कुमार ने वर्ष 1985 में आईआईटी कानपुर से सिविल इंजीनियरिंग (BT/CE/1985) में स्नातक की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में प्रवेश किया और विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। अपने लंबे प्रशासनिक करियर के दौरान उन्होंने न केवल नीति निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया, बल्कि पारदर्शिता और सुशासन को भी बढ़ावा दिया।

मुख्य चुनाव आयुक्त के रूप में भूमिका

ज्ञानेश कुमार वर्तमान में भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त हैं। इस पद पर रहते हुए उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को और मजबूत किया है। चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने में उनकी भूमिका सराहनीय रही है। उनके नेतृत्व में आयोग ने कई तकनीकी सुधारों और नवाचारों को अपनाया है, ताकि लोकतंत्र की जड़ों को और मजबूत किया जा सके।

नवंबर में होगा सम्मान समारोह

आईआईटी कानपुर ने घोषणा की है कि यह पुरस्कार उन्हें 2 नवंबर 2025 को संस्थान के 66वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदान किया जाएगा। इस दिन आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम में ज्ञानेश कुमार को सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का संचालन डीन ऑफ रिसोर्सेज एंड एलुमनाई, प्रो. अमेय कर्करे करेंगे।

संस्थान ने इस सम्मान पर जताया गर्व

आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. अग्रवाल ने पत्र में कहा कि संस्थान को अपने पूर्व छात्र पर गर्व है। उन्होंने विश्वास जताया कि श्री ज्ञानेश कुमार भविष्य में भी समाज और देश की सेवा में उत्कृष्ट कार्य करते रहेंगे। यह सम्मान न केवल उनके लिए बल्कि पूरे संस्थान और उनके बैच के लिए गर्व का विषय है।

Gaurav Srivastav
गौरव श्रीवास्तवauthor

टीवी न्यूज रिपोर्टिंग में 10 साल पत्रकारिता का अनुभव है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से लेकर कानूनी दांव पेंच से जुड़ी हर खबर आपको इस जगह मिलेगी। साथ ही चुनाव आयोग, विपक्ष के राजनीतिक घटनाक्रम से लेकर हर जनहित मुद्दे पर मेरी नजर रहती है।

और पढ़ें
End of Article