देश

Chhattisgarh Naxal Attack: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सलियों का बड़ा हमला, किया IED ब्लास्ट, 10 DRG जवान शहीद

  • Authored by: रवि वैश्य
  • Updated Apr 26, 2023, 04:41 PM IST

Chhattisgarh Naxal Attack News: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सलियों का बड़ा हमला हुआ है,जिले के अरनपुर के पास जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के जवानों को ले जा रहे एक वाहन पर आईईडी (IED) हमला हुआ है इसमें 10 DRG जवान शहीद हुए हैं और एक ड्राइवर भी शहीद हुआ है।

Image

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में बड़ा नक्सली हमला हुआ है

Chhattisgarh Naxal Attack and IED Blast : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा अरनपुर के पास बुधवार को जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के जवानों को ले जा रहे एक वाहन पर आईईडी (IED) हमला हुआ है, माओवादी कैडर की उपस्थिति की आसूचना पर दंतेवाड़ा से डीआरजी बल नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया था, बताते हैं कि वापसी के दौरान माओवादियों की ओर से अरनपुर मार्ग पर आईईडी विस्फोट किया गया, जिससे अभियान में शामिल 10 डीआरजी जवान और एक ड्राइवर शहीद हुए हैं।

सभी जवान एक वाहन में सवार थे और पेट्रोलिंग से लौट रहे थे, माओवादियों ने जवानों के लौटने वाले रास्ते पर पहले से ही आईईडी प्लांट कर रखा था, जिसे उनके पहुंचते ही ब्लास्ट कर दिया।

घटना के बारे में बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दंतेवाड़ा में सुरक्षाकर्मियों पर नक्सलियों द्वारा किए गए IED हमले में 11 जवानों की जान जाने की खबर पर कहा, 'हमारे पास ऐसी सूचना है, यह बहुत ही दुखद है. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं, अपने अंतिम चरण में नक्सलियों को बख्शा नहीं जाएगा।

11 जवानों की शहादत को लेकर केंद्र सरकार ने संज्ञान लिया है

गौर हो कि छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सली हमले और 11 जवानों की शहादत को लेकर केंद्र सरकार ने संज्ञान लिया है, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस मामले को लेकर तत्काल मुख्यमंत्री डॉ. भूपेश बघेल से चर्चा की है। शाह ने केन्द्र द्वारा हर संभव मदद का भरोसा दिया है।फोन पर हुई चर्चा में इस गंभीर मसले को लेकर केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को नक्सल मोर्चे पर और भी सख्ती के लिए कहा है, तो वहीं हर संभव सहयोग के लिए भी आश्वस्त किया है।

सीएम बोले- सुरक्षा में तैनात जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी

इस हमले की सूचना के तत्काल बाद ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने माओवादियों के इस करतूत की निंदा करते हुए कहा कि यह उनकी बौखलाहट है, क्योंकि वे अब बंधकर रह गए हैं। सीएम ने कहा कि सुरक्षा में तैनात जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी।

DRG छत्तीसगढ़ पुलिस के स्पेशल जवान

गौर हो कि DRG छत्तीसगढ़ पुलिस के स्पेशल जवान हैं और ये केवल नक्सलियों से लड़ने के लिये भर्ती किए गये हैं। जानकारी के मुताबिक बताया जा रहा है कि नक्सलियों को DRG के जवानों के अभियान की पहले से जानकारी थी और उन्होंने योजना बनाकर उन पर अटैक किया है, शहीद हुए सभी जवान डीआरजी के हैं और ये जवान सर्चिंग पर निकले थे कि रास्ते में उनपर अटैक हो गया।

रवि वैश्य
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article