देश

छत्तीसगढ़ में 19 महिलाओं सहित 28 सक्रिय नक्सलियों ने किया सरेडर, सिर पर घोषित था Rs 89 लाख का इनाम

आत्मसमर्पण करने वालों में नक्सली नेता एवं कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माओवादी) का डिविजनल कमेटी मेंबर (डीवीसी) दिनेश पांडे भी शामिल है। नक्सलियों के समर्पण करने के मौके पर बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी, बीएसएफ-आईटीबीपी के अधिकारी, नारायणपुर की कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई और एसपी रॉबिन्सन गुडिया उपस्थित थे।

Image

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों का सरेंडर।

Photo : ANI

Naxali surrenders: छत्तीसगढ़ में 19 महिलाओं सहित 28 सक्रिय नक्सलियों ने मंगलवार को पुलिस के सामने सरेंडर किया। सरेंडर करने वाले इन नक्सलियों के सिर पर सरकार ने 89 लाख रुपए का इनाम घोषित कियाथा। आत्मसमर्पण करने वालों में नक्सली नेता एवं कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माओवादी) का डिविजनल कमेटी मेंबर (डीवीसी) दिनेश पांडे भी शामिल है। नक्सलियों के समर्पण करने के मौके पर बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी, बीएसएफ-आईटीबीपी के अधिकारी, नारायणपुर की कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई और एसपी रॉबिन्सन गुडिया उपस्थित थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में 28 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें से तीन नक्सलियों ने अपने पास रखे तीन हथियार एसएलआर, इंसास और .303 राइफल को भी सुरक्षाबलों को सौंप दिया। उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वालों में 19 महिला नक्सली भी शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि आज जिन नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है उनमें डिविजनल कमेटी के सदस्य पंडी ध्रुव उर्फ दिनेश (33), पूर्व बस्तर डिवीजन की कंपनी नंबर छह की सदस्य दुले मंडावी (26), छत्तीस पोयाम (18) और पदनी ओयाम (30) के सिर पर आठ-आठ लाख रुपये का इनाम है।

ज्यादातर के सिर पर इनाम था

वहीं एरिया कमेटी सदस्य लखमू उसेंडी (20), लिमि उर्फ सुखमती नुरेटी (25), मासे उर्फ सकीला कश्यप (35), शामबत्ती शोरी (35), चौते उर्फ रजिता पद्दा (30) और बुधरा रवा (28) के सिर पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम है। उन्होंने बताया कि चार नक्सलियों पर तीन-तीन लाख रुपये, दो नक्सलियों पर दो-दो लाख रुपये तथा छह नक्सलियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम है। इसके साथ ही आत्मसमर्पण करने वाले तीन नक्सलियों द्वारा जमा किए गए तीन हथियारों के लिए कुल पांच लाख रुपये का इनाम है। अधिकारियों ने बताया कि यह राज्य शासन का 'पूना मारगेम : पुनर्वास से पुनर्जीवन' पहल के तहत स्थायी शांति और सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।

‘पूना मारगेम : पुनर्वास से पुनर्जीवन’ पहल पर भरोसा

यह पुनर्वास नारायणपुर के स्थानीय समाज, प्रशासन, पुलिस और सुरक्षाबलों के सतत, समन्वित तथा दृढ़ प्रयासों का परिणाम है। नारायणपुर जिले के पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुड़िया ने बताया कि आज की कार्रवाई के साथ इस वर्ष जिले में कुल 287 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने कहा, ''नारायणपुर जिले में 28 माओवादी कैडर का पुनर्वास यह दर्शाता है कि हिंसक और जनविरोधी माओवादी विचारधारा का अंत अब निकट है। लोग ‘पूना मारगेम : पुनर्वास से पुनर्जीवन’ पहल पर भरोसा जताते हुए शांति, गरिमा और स्थायी प्रगति का मार्ग चुन रहे हैं।’’

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Alok Rao
आलोक कुमार राव author

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारो... और देखें

End of Article