देश

'जब से LPU के मालिक अशोक मित्तल BJP में आए, AAP सरकार ने इसे बर्बाद करना शुरू कर दिया', बोले कांग्रेस MP चरणजीत चन्नी

पंजाब के फागवारा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के छात्रों ने रविवार को परिसर में जमकर उत्पात मचाया, संपत्ति में तोड़फोड़ की और राष्ट्रीय राजमार्ग को ब्लॉक कर दिया। उनका आरोप था कि विश्वविद्यालय परिसर में एक बाहरी व्यक्ति ने एक छात्रा के साथ दुष्कर्म किया है।

Image

चरणजीत चन्नी ने एलपीयू मुद्दे पर आप सरकार को घेरा

Photo : PTI

LPU Protest Row: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) मामले को लेकर पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार विपक्ष के निशाने पर है। इसे लेकर कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने भी आप सरकार को घेरा है। पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चन्नी ने कहा, वास्तविक स्थिति तो वहां जाकर ही पता चलती है। जो दुष्कर्म हुआ, उसकी रिपोर्ट भी दर्ज होनी चाहिए थी। उसके बाद बाहरी लोगों ने वहां जाकर गुंडागर्दी की। पुलिस द्वारा ही ये गुंडागर्दी प्रायोजित थी। LPU के मालिक अशोक मित्तल भाजपा में आ गए हैं, इसके बाद आम आदमी पार्टी की सरकार ने इस यूनिवर्सिटी को बर्बाद करने का प्रयास किया है। इसका कौन जिम्मेदार है? कितनी देर तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। बलात्कार की घटना के बाद FIR होनी चाहिए थी लेकिन क्यों नहीं हुई? छात्रों को बुरी तरह पीटा गया, इसके लिए कौन जिम्मेदार है?

क्या है मामला?

बता दें कि रविवार को तड़के करीब 1 बजे कैंपस में गर्ल्स हॉस्टल-3 के पास विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ, जब कुछ छात्राओं ने आरोप लगाया कि वहां रहने वाली एक छात्रा के साथ तीन दिन पहले एक प्लंबर ने बलात्कार किया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि हॉस्टल वार्डन को घटना की सूचना दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। हालांकि, एलपीयू प्रबंधन ने एक बयान में कहा कि इन अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है, और रजिस्ट्रार मोनिका गुलाटी ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व झूठे, निराधार और मनगढ़ंत आरोप फैला रहे हैं।

एलपीयू ने हॉस्टल के कमरा नंबर 504 में रहने वाली तीन छात्राओं का एक वीडियो बयान भी जारी किया, जिसमें उन्होंने दावा किया कि बलात्कार की कोई घटना नहीं हुई है और वे पिछले दो महीनों से वहां रह रही हैं। वायरल हो रहे वीडियो में, कुछ कथित प्रदर्शनकारी, जिन्होंने अपने चेहरे रुमाल से ढके हुए थे, विश्वविद्यालय मॉल में दुकानों और कैंपस की अन्य संपत्तियों में तोड़फोड़ करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ अन्य एक किराने की दुकान से कुछ सामान ले जाते हुए देखे जा सकते हैं। वीडियो में क्षतिग्रस्त वाहन और कैंपस में एक क्षतिग्रस्त एटीएम कियोस्क भी दिखाया गया है।

छात्रों ने रविवार को परिसर में जमकर उत्पात मचाया

पंजाब के फागवारा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के छात्रों ने रविवार को परिसर में जमकर उत्पात मचाया, संपत्ति में तोड़फोड़ की और राष्ट्रीय राजमार्ग को ब्लॉक कर दिया। उनका आरोप था कि विश्वविद्यालय परिसर में एक बाहरी व्यक्ति ने एक छात्रा के साथ दुष्कर्म किया है। अधिकारियों ने बताया कि रविवार शाम को प्रदर्शनकारी छात्रों द्वारा पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंकने और उनके वाहनों पर हमला करने के बाद हिंसा भड़क उठी, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

नियमित कक्षा 10 दिन के लिए सस्पेंड

पंजाब के फागवारा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में नियमित कक्षा 10 दिन के लिए सस्पेंड होने के बाद LPU के कई सारे छात्र अपने घर जा रहे हैं। छात्रों के हिंसक विरोध के बाद लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने 28 सितंबर से 10 दिनों के लिए रेगुलर क्लास सस्पेंड कर दी हैं। एक छात्र ने कहा कि अभी हम सभी के पास एक नोटिस आया था कि कॉलेज 10 दिन बंद रहेगा और घर जा सकते हैं तो सभी घर निकल रहे हैं। अभी अंदर सब कुछ शांत है, सब कुछ शांत रहा तो एक-दो सप्ताह में क्लास चालू हो जानी चाहिए।

एहतियातन मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद

LPU में हुए बवाल के बाद 10 दिन के लिए रेगुलर क्लासेज सस्पेंड कर दी गईं। मिड टर्म एग्जामिनेशन भी पोस्टपोन कर दिए गए हैं जिसके बाद तमाम छात्र अपने घर रवाना हो गए। LPU के बाहर बड़ी संख्या में छात्र अपने बैग लेकर घर जा रहे हैं। छात्रों ने बताया कि उनके पेरेंट्स काफी चिंतित हैं और उन्हें घर आने के लिए कह रहे हैं। कई दिन से लगातार कैंपस में डर का माहौल था।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article