देश

'बंगाल का नव निर्माण करना है, चरैवेति...चरैवेति', CM बनने के बाद सुवेंदु अधिकारी ने साफ किया सरकार का इरादा

सीएम बनने के बाद मीडिया से बातचीत में सुवेंदु ने कहा कि बंगाल के विकास के लिए आगे बहुत काम करना है। आज का दिन देश और बंगाल के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते थे कि हमारी सरकार रवींद्र जयंती के दिन कार्यकाल शुरू करे। उन्होंने कहा कि 'चरैवेति...चरैवेति' यानी चलते रहना है, चलते रहना है

Image

मीडिया से बात करते बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी।

Photo : ANI

Suvendu Adhikari: पश्चिम बंगाल में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पहली सरकार बन गई। राज्यपाल आरएन रवि ने सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। सुवेंदु बंगाल के नौवें सीएम बने है। सीएम बनने के बाद मीडिया से बातचीत में सुवेंदु ने कहा कि बंगाल के विकास के लिए आगे बहुत काम करना है। आज का दिन देश और बंगाल के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते थे कि हमारी सरकार रवींद्र जयंती के दिन कार्यकाल शुरू करे। उन्होंने कहा कि 'चरैवेति...चरैवेति' यानी चलते रहना है, चलते रहना है।

ब्रिगेड परेड ग्राउंड में हुआ शपथ ग्रहण

सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बनने वाले भाजपा के पहले नेता हैं। राज्यपाल आर. एन. रवि ने यहां ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित भव्य समारोह में अधिकारी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद थे। शुभेंदु अधिकारी के शपथ लेने के तुरंत बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पार्टी की प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष ने नयी मंत्रिपरिषद में मंत्री के रूप में शपथ ली। भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, निशीथ प्रामाणिक और क्षुदिराम टुडू को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।

चुनाव में भाजपा को मिली हैं 207 सीटें

भाजपा ने शपथग्रहण समारोह के लिए ब्रिगेड परेड मैदान को चुना, जो कभी वाम दलों की विशाल रैलियों का गढ़ था और बाद में तृणमूल कांग्रेस के लिए भी एक प्रमुख राजनीतिक मैदान रहा। पश्चिम बंगाल में भाजपा के उदय के प्रमुख शिल्पकारों में शामिल शुभेंदु अधिकारी ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शपथ ली। इस दौरान भाजपा के हजारों समर्थक समारोह स्थल पर पहुंचे। उन्होंने भगवा झंडे लहराए और 'जय श्रीराम’ के नारे लगाए। भाजपा ने हाल में हुए चुनाव में 294 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीट हासिल कीं। इसके साथ ही राज्य में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत हो गया और पूर्वी भारत में भाजपा ने अपनी अब तक की सबसे बड़ी सफलता दर्ज की।

समारोह में दिग्गज हस्तियां हुईं शामिल

इस समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता, सांसद, उद्योगपति और फिल्म जगत की हस्तियां शामिल हुईं। भाजपा खेमे ने इस आयोजन को 'डबल इंजन’ सरकार के तहत 'सोनार बांग्ला’की शुरुआत के रूप में पेश किया। अधिकारी ने विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट पर तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी को हराया और नंदीग्राम सीट भी बरकरार रखी। उन्हें शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article