देश

इसरो का लेटेस्ट Video, चंद्रमा की सतह पर लैंडर के बाद अब रोवर ने रखा कदम, देखिए 'मूनवॉक'

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 25, 2023, 12:01 PM IST

Rover Ramped Down From Lander: चंद्रयान-3 गत 23 अगस्त को शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा की सतह पर उतरा। लैंडर और रोवर 14 दिनों तक चंद्रमा की सतह एवं उसके वातावरण का अध्ययन करेंगे। इसरो के अध्यक्ष एस सोमनाथ अपने इस चंद्रमिशन की अवधि के बारे में कहा है कि उम्मीद है कि इस मिशन की अवधि एक चंद्र दिवस या पृथ्वी के 14 दिन तक सीमित नहीं रहेगी।

Rover Ramped Down From Lander: चंद्रमा की दक्षिणी सतह पर उतरकर इतिहास रच चुका चंद्रयान-3 अब अपने अगले लक्ष्य की तरफ बढ़ने लगा है। चांद पर लैंडर विक्रम के कदम रखने के बाद अब उसकी सतह पर रोवर प्रज्ञान ने चहल कदमी की है। लैंडर विक्रम से रोवर प्रज्ञान के बाहर निकलकर चंद्रमा की सतह पर 'मूनवॉक' करने का ताजा वीडियो इसरो ने जारी किया है। 30 सेकेंड के इस वीडियो में रोवर को चंद्रमा की सतह पर आगे बढ़ते हुए देखा जा सकता है।

23 अगस्त को चंद्रमा पर उतरा चंद्रयान-3

बता दें कि चंद्रयान-3 गत 23 अगस्त को शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा की सतह पर उतरा। लैंडर और रोवर 14 दिनों तक चंद्रमा की सतह एवं उसके वातावरण का अध्ययन करेंगे। इसरो के अध्यक्ष एस सोमनाथ अपने इस चंद्रमिशन की अवधि के बारे में कहा है कि उम्मीद है कि इस मिशन की अवधि एक चंद्र दिवस या पृथ्वी के 14 दिन तक सीमित नहीं रहेगी और चांद पर फिर से सूर्य निकलने पर यह पुन: सक्रिय हो सकता है। लैंडर और रोवर के उतरने के बाद, उन पर मौजूद प्रणालियां अब एक के बाद एक प्रयोग करने के लिए तैयार हैं, ताकि उन्हें 14 पृथ्वी दिनों के भीतर पूरा किया जा सके, इससे पहले कि चंद्रमा पर गहरा अंधेरा और अत्यधिक ठंडा मौसम हो जाए।

एक और चंद्र दिवस काम करेगा चंद्रयान-3!

हालांकि, इसरो के अधिकारी इनके एक और चंद्र दिवस के लिए सक्रिय होने की संभावना को खारिज नहीं कर रहे।

इसरो के अध्यक्ष एस सोमनाथ ने सॉफ्ट लैंडिंग के बाद की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा था, ‘इसके बाद एक के बाद एक सारे प्रयोग चलेंगे। ये सभी चंद्रमा के एक दिन में जो पृथ्वी के 14 दिन के बराबर है, में पूरे करने होंगे।’उन्होंने कहा था कि जब तक सूरज की रोशनी रहेगी, सारी प्रणालियों को ऊर्जा मिलती रहेगी। सोमनाथ ने कहा, ‘जैसे ही सूर्य अस्त होगा, हर तरफ गहरा अंधेरा होगा। तापमान शून्य से 180 डिग्री सेल्सियस नीचे चला जाएगा। तब प्रणालियों का काम कर पाना संभव नहीं होगा और यदि यह आगे चालू रहता है तो हमें खुश होना चाहिए कि यह फिर से सक्रिय हो गया है और हम एक बार फिर से प्रणाली पर काम कर पाएंगे।’

पीएम 26 को इसरो के वैज्ञानिकों से मिलेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चंद्रयान-3 मिशन के तहत चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सफलता पूर्वक लैंडर (विक्रम) को उतारने और वहां रोवर (प्रज्ञान) को तैनात करने का इतिहास रचने वाले भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों और अधिकारियों को बधाई देने के लिए 26 अगस्त को बेंगलुरु पहुंचेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आर अशोक ने बृहस्पतिवार को कहा कि कर्नाटक भाजपा विशाल रोड शो आयोजित करके प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत करने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी 26 अगस्त को आ रहे हैं। हम बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उनका स्वागत करेंगे और एचएएल हवाई अड्डा पर 6000 से अधिक लोग एकत्र होंगे। वह बेंगलुरु के लोगों को संबोधित भी कर सकते हैं। हमारे (भाजपा) राष्ट्रीय नेता संतोष जी (महासचिव बी एल संतोष) ने मुझे पिन्या में एक विशाल रोड शो आयोजित करने के लिए कहा है।’

(एजेंसी इनपुट के साथ)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article