देश

कौन हैं गृह सचिव गोविंद मोहन? जिनका केंद्र सरकार ने बढ़ाया कार्यकाल

Who is Home Secretary Govind Mohan: केंद्र सरकार ने शुक्रवार को गृह सचिव गोविंद मोहन का कार्यकाल अगले वर्ष 22 अगस्त तक के लिए बढ़ा दिया। सिक्किम कैडर के 1989 बैच के आईएएस अधिकारी मोहन को अगस्त 2024 में गृह सचिव के रूप में नामित किया गया था। वह एक अनुभवी नौकरशाह हैं।

Image

गृह सचिव गोविंद मोहन (फोटो साभार: MHA)

Who is Home Secretary Govind Mohan: केंद्र सरकार ने शुक्रवार को गृह सचिव गोविंद मोहन का कार्यकाल अगले वर्ष 22 अगस्त तक के लिए बढ़ा दिया। गृह सचिव का कार्यकाल विस्तार ऐसे समय में किया गया है, जब देश जाति गणना के साथ बड़ी जनगणना की तैयारी कर रहा है और गृह मंत्रालय अगले वर्ष मार्च तक नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।

भारत की 16वीं जनगणना (जाति गणना के साथ) 2027 में की जाएगी, जिसकी संदर्भ तिथि लद्दाख जैसे बर्फीले क्षेत्रों में एक अक्टूबर 2026 तथा देश के शेष भागों में एक मार्च, 2027 होगी।

कौन हैं गृह सचिव गोविंद मोहन?

सिक्किम कैडर के 1989 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी मोहन को अगस्त 2024 में गृह सचिव के रूप में नामित किया गया था। उन्होंने पिछले साल 22 अगस्त को अजय कुमार भल्ला का कार्यकाल पूरा होने के बाद गृह सचिव के तौर पर कार्यभार संभाला था।

कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने अखिल भारतीय सेवा (मृत्यु-सह-सेवानिवृत्ति लाभ) नियम, 1958 के एफआर 56 (डी) और नियम 16 (1ए) के प्रावधानों के अनुसार, 30 सितंबर को उनकी सेवानिवृत्ति की तारीख से 22 अगस्त 2026 तक या अगले आदेश तक गृह सचिव के रूप में मोहन की सेवाओं में विस्तार को मंजूरी दे दी है।

इन नियमों में ऐसे अधिकारियों की सेवाएं बढ़ाने का प्रावधान है। इस विस्तार के साथ मोहन का इस महत्वपूर्ण पद पर दो वर्ष का कार्यकाल होगा। गृह सचिव नियुक्त होने से पहले वह केंद्रीय संस्कृति सचिव के पद पर कार्यरत थे।

अनुभवी नौकरशाह

मोहन एक अनुभवी नौकरशाह हैं और कोरोना महामारी के दौरान सरकार के प्रमुख अधिकारी भी थे। इस दौरान उन्हें विभिन्न प्रोटोकॉल के लिए लिए गए निर्णयों के कार्यान्वयन की देखरेख और राज्यों के साथ सुचारू समन्वय सुनिश्चित करने का काम सौंपा गया था।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article