देश

मोदी सरकार ने बढ़ाया केंद्रीय गृह सचिव और कैबिनेट सचिव का कार्यकाल, दिया एक साल का सेवा विस्तार, जानें अब कब होंगे रिटायर

केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन और कैबिनेट सचिव टी. वी. सोमनाथन को केंद्र सरकार ने सेवा विस्तार दिया है। उनका कार्यकाल एक वर्ष की अवधि के लिए बढ़ा दिया गया है।

Image

केंद्रीय कैबिनेट सचिव टी. वी. सोमनाथन और गृह सचिव गोविंद मोहन।

केंद्र सरकार ने देश के दो शीर्ष नौकरशाहों को एक-एक साल का सेवा विस्तार दिया है। इनमें कैबिनेट सचिव टी. वी. सोमनाथन और गृह सचिव गोविंद मोहन का नाम शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने दोनों अधिकारियों के कार्यकाल बढ़ाने को मंजूरी दे दी है।

कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से जारी आदेश के अनुसार, गृह सचिव गोविंद मोहन को 22 अगस्त 2026 के बाद एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया गया है। अब उनका कार्यकाल 22 अगस्त 2027 तक रहेगा। गोविंद मोहन 1989 बैच के सिक्किम कैडर के आईएएस अधिकारी हैं और उन्होंने अगस्त 2024 में गृह सचिव का पद संभाला था।

वहीं, कैबिनेट सचिव टी. वी. सोमनाथन का कार्यकाल भी 30 अगस्त 2026 के बाद भी एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया गया है। वह अब 30 अगस्त 2027 तक इस पद पर बने रहेंगे। सोमनाथन 1987 बैच के तमिलनाडु कैडर के आईएएस अधिकारी हैं और उन्हें अगस्त 2024 में दो वर्ष के लिए कैबिनेट सचिव नियुक्त किया गया था।

सरकार ने यह विस्तार फंडामेंटल रूल (FR) 56(d) और ऑल इंडिया सर्विसेज (डेथ-कम-रिटायरमेंट बेनेफिट्स) रूल्स, 1958 के प्रावधानों में दी गई छूट के तहत मंजूर किया है। इन नियमों के अनुसार, राष्ट्रीय महत्व के कुछ प्रमुख पदों पर कार्यरत अधिकारियों जैसे कैबिनेट सचिव, गृह सचिव, रक्षा सचिव, विदेश सचिव, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के निदेशक और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) के सचिव को 60 वर्ष की सेवानिवृत्ति आयु के बाद भी आवश्यकता पड़ने पर सेवा विस्तार दिया जा सकता है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article