देश

Gujarat By Election: गुजरात में दो विधानसभा सीटों पर 19 जून को उपचुनाव, बीजेपी-कांग्रेस और आप के बीच त्रिकोणीय मुकाबला

Gujarat By Election: गुजरात विधानसभा में 182 सीट हैं, जिनमें से भाजपा के पास 161, कांग्रेस के पास 12 और ‘आप’ के पास चार सीट हैं, जबकि एक सीट समाजवादी पार्टी और दो सीटें निर्दलीय के पास हैं।

Image

गुजरात में बीजेपी का रोड शो (फोटो- BJP4Gujarat)

Gujarat By Election: गुजरात में कडी और विसावदर विधानसभा सीट पर 19 जून को होने वाले उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन सत्तारूढ़ भाजपा, विपक्षी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवारों ने सोमवार को अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, मेहसाणा जिले की कडी सीट के लिए राष्ट्रीय राजनीतिक दलों सहित 18 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन दाखिल किए जबकि जूनागढ़ जिले की विसावदर सीट के लिए 31 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है। मतगणना 23 जून को होगी।

क्यों हो रहा है उपचुनाव

अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित कडी सीट चार फरवरी को भाजपा विधायक करसनभाई सोलंकी के निधन के बाद खाली हो गई थी। दिसंबर 2023 में ‘आप’ विधायक भूपत भायाणी के इस्तीफा देने के बाद विसावदर सीट खाली हो गई थी। बाद में वह सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हो गए।

भाजपा ने उपचुनाव के लिए कडी से राजेंद्र चावड़ा और विसावदर से किरीट पटेल को मैदान में उतारा है।

कांग्रेस ने किसे मैदान में उतारा

गुजरात में विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने कडी और विसावदर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए क्रमश: रमेश चावड़ा और नितिन रणपरिया को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। रमेश चावड़ा कडी विधानसभा सीट से कांग्रेस के पूर्व विधायक हैं। जूनागढ़ जिला पंचायत के सदस्य रह चुके रणपरिया पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

आप त्रिकोणीय बनाने की कोशिश में

इन सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है। अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी कड़ी से जगदीश चावड़ा और विसावदर से गोपाल इटालिया को मैदान में उतार चुकी है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article