Flight Emergency Landing: दिल्ली से पश्चिम बंगाल के बागडोगरा जा रही इंडिगो की फ्लाइट में रविवार को बम की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। जिसके बाद आनन-फानन में विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इस विमान में 222 यात्री सवार थे।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, विमान के अंदर टॉयलेट में मौजूद एक टिशू पेपर में 'बम की धमकी' वाला संदेश था। दरअसल, टिशू में लिखा था, ''विमान में बम...।''
चप्पा-चप्पा खंगाला गया
एयरलाइन ने बताया कि विमान में सुरक्षा खतरे का पता चलने के बाद इसको लखनऊ की ओर डायवर्ट कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि आठ शिशुओं सहित सभी यात्रियों और सात क्रू सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया। इसके बाद, विमान को आइसोलेशन बे में पार्क करने के बाद बम निरोधक दस्ते, सुरक्षा एजेंसियों और एयरपोर्ट प्रशासन ने इसकी पूरी जांच की।
क्या है पूरा मामला?
इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि 18 जनवरी को दिल्ली से बागडोगरा जाने वाली इंडिगो फ्लाइट 6E6650 में सुरक्षा खतरे का पता चला, जिसके चलते विमान को लखनऊ डायवर्ट किया गया। उन्होंने बताया कि स्थापित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए हमने तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित किया और जरूरी सुरक्षा जांच करने में उनकी पूरी मदद कर रहे हैं।
बयान में आगे कहा गया, ''हम अपने ग्राहकों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए सभी प्रयास कर रहे हैं, जिसमें उन्हें जलपान देना और नियमित अपडेट साझा करना शामिल है। हमेशा की तरह, हमारे ग्राहकों, क्रू और विमान की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।''
