चरणजीत सिंह चन्नी होंगे पंजाब के नए मुख्यमंत्री, आज 11 बजे लेंगे शपथ, राज्य के पहले दलित CM होंगे
Punjab Live Updates in Hindi: मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद पंजाब के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया गया है। चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब के नए मुख्यमंत्री होंगे। कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत ने ट्वीट कर जानकारी दी। रावत ने ट्वीट किया कि मुझे यह घोषणा करते हुए अपार हर्ष हो रहा है कि श्री चरणजीत सिंह चन्नी को सर्वसम्मति से पंजाब के कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया।
Punjab Congress and New CM: कैप्टन के इस्तीफे के बाद पंजाब सीएम की रेस में एक नहीं बल्कि कांग्रेस के आधा दर्जन नेता शामिल थे। सीएम पद के लिए अंदरखाने ऐसी जोर आजमाइश हो रही थी कि कांग्रेस आलाकमान को 36 घंटे लग गए आखिरी फैसला करने में। सोनिया और राहुल गांधी के फैसले वाली फाइल खुली तो चरणजीत सिंह चन्नी का नाम बाहर आया। चन्नी सिद्धू के करीबी हैं। कैप्टन के विरोधी हैं। कैप्टन के खिलाफ बगावत करने वालों में से एक हैं। उससे भी बड़ी बात ये है कि वो राहुल गांधी के भरोसेमंद हैं। यही वजह है कि वो सीएम की रेस जीत गए। चरणजीत सिंह चन्नी सिख भी हैं और दलित भी हैं। पंजाब की कास्ट पॉलिटिक्स पर फिट बैठते हैं। इसीलिए कांग्रेस आलाकमान ने चन्नी के नाम पर मुहर लगाया। पंजाब में करीब 34% SC-ST हैं, जो 30 सीटों पर जीत हार तय करते हैं। राहुल गांधी ने चन्नी को शुभकामनाएं दी हैं। शुभकामनाएं कैप्टन की तरफ से भी आई है। कैप्टन ने ट्वीट कर कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी को शुभकामनाएं। मुझे उम्मीद है कि वो पंजाब की सरहदों को सुरक्षित रख पाएंगे और पंजाब के लोगों को बढ़ते पाकिस्तानी खतरे से बचाएंगे।
2 डिप्टी सीएम होने चाहिए: रावत
हरीश रावत ने कहा कि फैसला (पंजाब का नया मुख्यमंत्री चुनने का) कल ही लिया गया था, हम केवल राज्यपाल से मिलने का इंतजार कर रहे थे। चरणजीत सिंह चन्नी के नाम पर पार्टी एकमत थी। हम यह सुनिश्चित करने की कोशिश करेंगे कि वह (अमरिंदर सिंह) शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहें, लेकिन यह उनके ऊपर है। हमारी आपसी भावना है कि दो डिप्टी सीएम होने चाहिए। जल्द ही हम मंत्रिपरिषद के नामों के साथ इस पर निर्णय लेंगे। कुछ नामों पर चर्चा हुई है लेकिन यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है जो पार्टी आलाकमान के साथ इस पर चर्चा करते हैं और निर्णय लेते हैं।
राहुल गांधी ने दी चन्नी को बधाई
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने चरणजीत सिंह चन्नी को बधाई दी और कहा कि राज्य के लोगों से किये गए वादों को पूरा करना जारी रखना है। उन्होंने ट्वीट किया कि चरणजीत सिंह चन्नी जी को नई जिम्मेदारी को लेकर बधाई। हमें पंजाब के लोगों से किये गए वादों को लगातार पूरा करना जारी रखना है। विश्वास ही सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है।
कल शपथ लेंगे चरणजीत सिंह चन्नी
चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि हमने राज्यपाल के समक्ष पार्टी विधायकों के समर्थन से अपना पक्ष रखा है। शपथ ग्रहण समारोह कल सुबह 11 बजे होगा।
अमरिंदर सिंह ने दी शुभकामनाएं
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने चरणजीत सिंह चन्नी को अपनी शुभकामनाएं दीं कहा कि मुझे उम्मीद है कि वह सीमावर्ती राज्य पंजाब को सुरक्षित रखने और सीमा पार से बढ़ते सुरक्षा खतरे से हमारे लोगों की रक्षा करने में सक्षम हैं।
चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब के नए मुख्यमंत्री
कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब के नए मुख्यमंत्री होंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने ट्वीट किया, 'चरणजीत सिंह चन्नी को सर्वसम्मति से पंजाब कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया है। वहीं कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि यह आलाकमान का फैसला है। मैं इसका स्वागत करता हूं। मेरे छोटे भाई जैसे हैं चन्नी। बिल्कुल भी निराश नहीं हूं।
It gives me immense pleasure to announce that Sh. #CharanjitSinghChanni has been unanimously elected as the Leader of the Congress Legislature Party of Punjab.@INCIndia @RahulGandhi @INCPunjab pic.twitter.com/iboTOvavPd
— Harish Rawat (@harishrawatcmuk) September 19, 2021
अभी बना हुआ है सस्पेंस
अब खबर आ रही है कि रंधावा के मुख्यमंत्री बनने पर सस्पेंस बना हुआ है। सिद्धू ने उनके नाम पर आपत्ति जताई है।
सुखजिंदर सिंह रंधावा का नाम सबसे आगे
मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे कांग्रेस नेता सुखजिंदर रंधावा का नाम चल रहा है और कहा जा रहा है कि उनका सीएम बनना तय है। इसके अलावा दो उप मुख्यमंत्री भी बनाएगी। कैप्टन अमरिंदर के खिलाफ बगावत करने वाले रंधावा ने कहा, ‘इस बारे में हमने कांग्रेस अध्यक्ष को अधिकृत कर दिया है।’ यह पूछे जाने पर कि विधायक दल का नया नेता चुनने में इतना समय क्यों लग रहा है, तो रंधावा ने कहा, ‘अगर आप एक गांव का सरपंच चुनते हैं तो उसमें भी कभी-कभी 20 दिन लग जाते हैं।’ अमरिंदर सिंह के अपमानित महसूस करने संबंधी बयान पर उन्होंने कहा, ‘भाजपा ने पांच मुख्यमंत्री बदले हैं। कांग्रेस में भी कुछ मुख्यमंत्री बदले गए हैं। कांग्रेस में अमरिंदर साढ़े नौ साल तक मुख्यमंत्री रहे। मेरा मानना है कि उनको जितना सम्मान मिला, उतना किसी मुख्यमंत्री को नहीं मिला।’
CM पद के दावेदार रंधावा बोले- पद की कभी लालसा नहीं रही
पंजाब में अमरिंदर सिंह सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे सुखजिंदर सिंह रंधावा ने रविवार को कहा कि उनकी कभी किसी पद की लालसा नहीं रही है। उन्होंने यह टिप्पणी उस वक्त की है जब उनका नाम भी कांग्रेस विधायक दल के नेता के संभावित दावेदारों में लिया जा रहा है। यह पूछे जाने पर कि अगले मुख्यमंत्री के लिए उनके नाम को लेकर भी चर्चा चल रही, रंधावा ने कहा कि उन्होंने और उनके परिवार ने कभी किसी पद की लालसा नहीं है।
सिद्धू के सलाहकार का कैप्टन पर हमला
पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू के सलाहकार मोहम्मद मुस्तफा बोले- नवजोत सिद्धू देशद्रोही नहीं हैं। अगर अब के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह सिद्धू को देशद्रोही कहेंगे तो मैं पूरी किताब खोल दूंगा। कैप्टन के निशाने पर सिद्धू नहीं बल्कि गांधी परिवार है। मैं कैप्टन को गांधी परिवार को निशाना नहीं बनने दूंगा। कैप्टन अमरिंदर सिंह पिछले 5 साल से पंजाब को बदनाम कर रहे हैं। इस पार्टी के लोग उन्हें पिछले साढ़े चार साल से बर्दाश्त करते आ रहे हैं। मैं पार्टी का नेता होता तो कैप्टन को 30 दिन में पार्टी से निकाल देता।
किसी सिख को संभालनी चाहिए यह जिम्मेदारी
यह पूछे जाने पर क्या उन्हें मुख्यमंत्री पद का प्रस्ताव दिया गया है तो सोनिया गांधी की करीबी मानी जाने वाली अंबिका ने कहा, ‘मैंने इनकार कर दिया है। मेरा 50 साल से मानना है कि पंजाब का मुख्यमंत्री कोई सिख होना चाहिए क्योंकि यह देश में एकमात्र राज्य है जहां सिख बहुसंख्यक हैं।पार्टी की प्रक्रिया चल रही है। प्रभारी हैं और एक-एक विधायक की राय लिखित में ली जा रही है। कोई टकराव नहीं है।’
अंबिका सोनी ने ठुकराया प्रस्ताव
गहलोत का ट्वीट- कैप्टन साहब पार्टी के सम्मानित नेता हैं
सोनी ने ठुकराया प्रस्ताव?
कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद पंजाब के अगले मुख्यमंत्री के रूप में अंबिका सोनी रेस में सबसे आगे थी लेकिन अब खबर आ रही है कि उन्होंने अपने स्वास्थ्य का हवाला देते हुए सीएम बनने की पेशकश को ठुकरा दिया है। सुखजिंदर सिंह रंधावा सीएम की रेस में सबसे आगे बताए जा रहे हैं जो सिद्धू गुट के नेता है। ऐसे में अब कौन सीएम होगा इसका पता कुछ देर बाद पता चल सकता है।
परगट सिंह बोले- सब आलाकमान पर निर्भर है
कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने चंडीगढ़ में मीडिया से बात करते हुए कहा, 'यह सब कांग्रेस आलाकमान पर निर्भर है। यह आलाकमान का विशेषाधिकार है। सीएलपी की बैठक कल हुई थी और इसे जनादेश दिया गया है। सीएलपी की एक और बैठक की जरूरत नहीं है।'
कपिल सिब्बल का ट्वीट
पवन गोयल बोले- आज पता चल जाएगा सोनिया गांधी का फैसला
सिद्धू के सलाहकार ने किया था ट्वीट
सिद्धू के प्रमुख रणनीतिक सलाहकार और भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी मोहम्मद मुस्तफा ने ट्वीट कर कहा कि साढ़े चार साल के "लंबे पीड़ादायी इंतजार" के बाद "कांग्रेस के मुख्यमंत्री’’ बनने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि आज व्यवस्था को सुधारने का वक्त है । मुस्तफा की पत्नी रजिया सुल्ताना कैप्टन के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री थी ।
पर्यवेक्षकों ने दिया कैप्टन को धन्यवाद
शनिवार को कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षकों अजय माकन और हरीश चौधरी तथा प्रदेश प्रभारी हरीश रावत की मौजूदगी में विधायक दल की बैठक में प्रस्ताव पारित कर नया नेता चुनने के लिए सोनिया गांधी को अधिकृत किया गया। इसके साथ ही, एक और प्रस्ताव पारित कर अमरिंदर सिंह के योगदान की तारीफ की गई और उनका धन्यवाद किया गया।
ये फॉर्मूला आजमा सकती है कांग्रेस
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि अगर पार्टी आलाकमान सिद्धू को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला करता है तो फिर उनके साथ हिंदू और दलित समुदाय से दो उप मुख्यमंत्री या फिर इनमें से एक समुदाय का नेता उप मुख्यमंत्री और दूसरे समुदाय का नेता प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया जा सकता है।
कैप्टन का सिद्धू पर हमला
CM पद से इस्तीफा देने के बाद कैप्टन अमरिंदर ने नवजोत सिद्धू पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सिद्धू प्रो पाकिस्तान हैं और कांग्रेस को पछताना पड़ेगा। साथ ही राजनीतिक भविष्य पर कहा कि राजनीति कभी खत्म नहीं होती। उन्होंने कहा कि 25 साल से जो भी सहयोगी उनके साथ जुड़े हैं उनसे चर्चा कर नई शुरुआत की जाएगी।
थरूर की मांग
कांग्रेस सांसद और वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की मांग की है। थरूर का कहना है कि कांग्रेस को तुरंत नया अध्यक्ष मिलना चाहिए। राहुल गांधी के नाम की वकालत करते हुए उन्होंने कहा कि अगर राहुल अध्यक्ष बनना चाहते हैं तुरंत उन्हें बनाया जाए।
11 बजे कांग्रेस विधायक दल की होगी बैठक
आज सुबह 11 बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी। बैठक के बाद मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जा सकता है।.बैठक में पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत और अजय माकन भी मौजूद रहेंगे। इससे पहले शनिवार को हुई विधायक दल की बैठक में विधायक दल का नेता चुनने का फैसला सोनिया गांधी पर छोड़ दिया गया था।
जाखड़ रेस में सबसे आगे
एआईसीसी पर्यवेक्षक चंडीगढ़ में ही हैं और पंजाब के अगले मुख्यमंत्री का नाम आज घोषित होगा। इस पद के लिए सुनील जाखड़ सबसे आगे चल रहे हैं जबकि अंबिका सोनी, विजय इंदर सिंगला रेस में शामिल बताए जा रहे हैं। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस उनके (नए सीएम) नेतृत्व में अगला विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी।

