Farmers Protest : किसानों को दिल्ली आने से रोकने के लिए हरियाणा सरकार के कड़े सुरक्षा इंतजाम
हरियाणा पुलिस ने गुरुवार को पंजाब के किसानों के एक समूह को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारें की और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। ये किसान केन्द्र के कृषि कानूनों के खिलाफ प्रस्तावित ‘दिल्ली चलो’ मार्च के तहत कथित तौर पर पुलिस अवरोधक लांघ कर हरियाणा में दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे।
नई दिल्ली: दिल्ली में आज किसानों को विशाल प्रदर्शन प्रस्तावित है। अंबाला के राष्ट्रीय राजमार्ग पर शंभू अंतरराज्यीय सीमा पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, जहां किसानों ने घग्गर नदी में पुलिस बैरिकेड को फेंक दिया। केंद्र सरकार द्वारा लाए नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के ‘दिल्ली चलो मार्च’ को देखते हुए हरियाणा ने पंजाब के साथ लगी अपनी सीमा को सील कर दिया है। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने भी अपनी कुछ लाइन्स पर अपनी सेवाएं स्थगित कर दी हैं। आज दोपहर 2 बजे तक दिल्ली से नोएडा, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गुरुग्राम तक मेट्रो सेवाओं पर ब्रेक रहेगी। जानिए किसानों के प्रदर्शन से जुड़ा हर ताजा अपडेट-
हरियाणा सरकार ने दिल्ली करनाल हाइवे पर खोद दी सड़कें
किसानों ने अंबाला, करनाल और कुरुक्षेत्र में खासा हंगामा खड़ा कर दिया
प्रकाश सिंह बादल कैप्टन अमरिंदर से बोले- प्रधानमंत्री से मिलकर प्रेशर बनाए कैप्टन
शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने कहा है कि कैप्टन को वहां जाकर आंदोलन करने की जरूरत है, लेकिन वो चुप होकर बैठे हैं और पानी की बौछारों का सामना करने के लिए किसानों को सड़कों पर लगा दिया है, उन्हें प्रधानमंत्री और कृषि मंत्री के साथ मिलकर प्रेशर बनाना चाहिए उनके मन में एक बात है जिसके चलते वो पॉलिटिकल झंडे के नीचे कैंपेन शुरू नहीं करना चाहते।
हरियाणा सीएम खट्टर बोले अगर MSP पर दिक्कत आई तो छोड़ देंगे राजनीति
गुरुग्राम-दिल्ली रोड पर लगा भीषण जाम
किसानों को रोकने को लेकर अमरिंदर ने खट्टर पर साधा निशाना
पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने बृहस्पतिवार को दिल्ली की ओर मार्च कर रहे किसानों को रोकने के लिए भाजपा नीत हरियाणा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके खिलाफ ‘कठोर बल’ का इस्तेमाल ‘पूरी तरह अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक’ है। पंजाब के किसानों को केन्द्र के कृषि संबंधी कानूनों के खिलाफ प्रस्तावित ‘दिल्ली चलो’ मार्च के लिए हरियाणा से लगी सीमाओं के पास इकट्ठा होता देख, हरियाणा ने पंजाब से लगी अपनी सभी सीमाओं को पूरी तरह सील कर दिया है।
सरकार ने की बातचीत की पेशकश
केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने किसानों के सामने बातचीत की पेशकश रखी है। उन्होंने कहा, 'मैं अपने किसान भाइयों से अपील करना चाहता हूं कि वे आंदोलन न करें। हम मुद्दों के बारे में बात करने और मतभेदों को सुलझाने के लिए तैयार हैं। मुझे यकीन है कि हमारे संवाद का सकारात्मक हल निकलेगा। नए कृषि कानून समय की आवश्यकता थी। आने वाले समय में यह क्रांतिकारी बदलाव लाने वाले हैं। हमने पंजाब में सचिव स्तर पर अपने किसान भाइयों की गलत धारणाओं को दूर करने के लिए बात की है। हम 3 दिसंबर को बात करेंगे।'
करनाल में किसानों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल
हरियाणा: कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली कूच कर रहे किसानों पर करनाल में वॉटर कैनन का इस्तेमाल कर उन्हें तितर-बितर करने की कोशिश की जा रही है। बड़ी संख्या में किसान दिल्ली कूच की तैयारी कर रहे हैं और ऐसे में दिल्ली से सटी सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है और सभी जगहो पर धारा 144 लगा दी गई है। वहीं हरियाणा के अंबाला में भी किसानों और पुलिस के बीच झड़प की खबर सामने आई है।
प्रियंका बोलीं- किसानों से सबकु छीना जा रहा है
पहले ही अनुरोध ठुकरा चुकी है पुलिस
इससे पहले दिल्ली पुलिस ने 26 और 27 नवंबर को केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी में विरोध प्रदर्शन करने के विभिन्न किसान संगठनों के अनुरोधों को अस्वीकार कर दिया था। पुलिस ने मंगलवार को कहा था कि अगर वे कोविड-19 महामारी के बीच किसी भी सभा के लिए शहर में आते हैं तो विरोध करने वाले किसानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वाहनों की सघन चैंकिंग
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) जसमीत सिंह ने बताया, 'हमारा मुख्य ध्यान गाजीपुर सीमा, चिल्ला सीमा और डीएनडी पर होगा। वहां पहले से ही पुलिस कर्मियों की भारी तैनाती है और चौबीसों घंटे जांच होगी। अर्धसैनिक बलों को भी तैनात किया गया है। पुलिस जिले की अन्य छोटी सीमाओं की भी जांच करेगी।' पुलिस ने बताया कि सभी सीमाओं पर पुलिस को सक्रिय कर दिया गया है
दिल्ली के सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ी
दिल्ली पुलिस ने बृहस्पतिवार को केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों द्वारा 'दिल्ली चलो' विरोध मार्च के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी के सीमावर्ती क्षेत्रों में अपनी निगरानी सख्त कर दी। पुलिस ने कहा कि सिंघू सीमा पर दिल्ली पुलिस ने किसानों द्वारा संचालित ट्रैक्टरों की आवाजाही रोकने के लिए रेत से भरे ट्रकों को तैनात किया है। यह पहला मौका है जब शहर की पुलिस ने सीमा पर रेत से भरे ट्रकों को तैनात किया है।
किसानों पर पुलिस ने की पानी की बौछार
पंजाब के साथ लगी शंभू अंतरराज्यीय सीमा पर हरियाणा पुलिस के अधिकारियों ने ‘लाउड स्पीकर’ का इस्तेमाल किया और किसानों को पंजाब की ओर ही इकट्ठा होने को कहा। उनमें से कुछ अवरोधक लांघने की कोशिश कर रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर शंभू अंतरराज्यीय सीमा पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, जहां किसानों ने घग्गर नदी में पुलिस बैरिकेड को फेंक दिया। कई किसान हाथ में काले झंडे लिए भी नजर आए। किसानों के एक समूह को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारें की और आंसू गैस का इस्तेमाल किया।
अंबाला बॉर्डर पर किसानों ने की पुलिस पर पत्थरबाजी
रोहतक की सीमा पर भारी पुलिस बल तैनात
सीमा पर एकत्र हुए हजारों किसान
बढ़ते तनाव के बीच पंजाब में हरियाणा की सीमा पर विभिन्न जगहों पर गुरुवार को हजारों प्रदर्शनकारी किसान रात भर बारिश और सर्द हवाओं का सामना करते हुए इकट्ठा हुए। केंद्र के 3 कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे ये लोग 'दिल्ली चलो' के तहत राष्ट्रीय राजधानी की ओर बढ़ रहे थे जिन्हें हरियाणा पुलिस ने सीमा पर रोक लिया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स समेत पुलिस की एक बड़ी टुकड़ी को तैनात किया गया है
पंजाब से दिल्ली की तरफ कूच कर रहे हैं किसान
गुरुग्राम पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
गुरुग्राम पुलिस ने बुधवार को एडवाइजरी जारी की है। गुरुग्राम पुलिस के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी), सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) और स्टेशन हाउस अधिकारी (एसएचओ) सहित पर्यवेक्षी अधिकारियों को वहां तैनात किया गया है। इन प्रवेश बिंदुओं पर 500 से अधिक पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
बॉर्डर पर भारी पुलिसबल तैनात
किसानों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली हरियाणा बार्डर पर भारी पुलिसबल तैनात कर दिया गया है और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। दिल्ली पुलिस की तरफ से भी किसानों को साफ कह दिया गया है कि वे किसी भी प्रकार के विरोध प्रदर्शन में शामिल न हों। यदि किसान दूसरे राज्यों से दिल्ली आए तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीमाओं पर बढ़ाई गई सुरक्षा
किसानों के दिल्ली में मार्च को लेकर राजधानी की सीमाओं पर बढ़ाई गई सुरक्षा। फरीदाबाद बॉर्डर पर मुस्तैद है पुलिस। फरीदाबाद पुलिस का कहना है, 'हमारे पास स्पष्ट निर्देश हैं कि भारतीय किसान यूनियन के किसी भी सदस्य को आज और कल दिल्ली में प्रवेश न करने दें। सभी महत्वपूर्ण प्रवेश बिंदुओं पर पुलिस की टीमें तैनात हैं।'
किसानों के समर्थन में आई कांग्रेस
इसबीच हरियाणा कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा नीत सरकार किसानों की आवाज को दबाना चाहती है और केन्द्र के कृषि विरोधी कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन करने से उन्हें रोकना चाहती है।
फरीदाबाद में धारा 144 लागू
दिल्ली के बदरपुर बॉर्डर, थाना पल्ला क्षेत्र से जैतपुर बॉर्डर, सूरजकुंड शूटिंग रेंज बॉर्डर, फरीदाबाद से गुरुग्राम रोड पर मागरं से दिल्ली प्रवेश करने वाले रास्ते के अलावा पलवल की तरफ से फरीदाबाद आने वाले रास्ते के सीकरी सीमा पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। किसान आंदोलन के मद्देनजर फरीदाबाद के जि़लाधीश यशपाल यादव ने जिले में धारा-144 लागू कर दी है।
फरीदाबाद-दिल्ली बॉर्डर भी सील
नोएडा-गुरुग्राम नहीं जाएगी मेट्रो
किसानों ने ट्रैक्टर में किया राशन पानी का पूरा इंतजाम
किसानों के ट्रैक्टर पर राशन, पानी सहित सभी इंतजाम दिख रहे हैं। सर्दी के इस मौसम में वे अपनी ट्रैक्टर ट्रॉली में या फिर सड़कों के किनारे अस्थाई तंबू लगाकर रहेंगे। करनाल के पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने पत्रकारों से कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए और किसानों के प्रदर्शन मार्च के मद्देनजर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। हरियाणा पुलिस विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी करा रही है।
हरियाणा ने निलंबित की पंजाब में बस सेवा
हरियाणा ने किसानों के ‘दिल्ली चलो मार्च’ के मद्देनजर पंजाब के साथ अपनी बस सेवा बुधवार से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी है। हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने पीटीआई को बताया, ‘हमने पंजाब के लिए रोडवेज सेवा अगले दो दिन के लिए निलंबित कर दी है।’अधिकारियों ने बताया कि इसबीच बुधवार की शाम चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग ने भी किसानों के ‘दिल्ली चलो’ मार्च के मद्देनजर अगले दो दिन के लिए हरियाणा की अपनी बस सेवा निलंबित कर दी है।

