COVID Cases & Lockdown News: महाराष्ट्र में 26,000 से ज्यादा नए केस, सक्रिय मामले 87,000 से ज्यादा हुए
देश में कोरोना एवं ओमीक्रोन के बढ़ते खतरे के बीच कई राज्यों ने अपने यहां पाबंदियों को और सख्त कर दिया है। दिल्ली में नाइट कर्फ्यू तो पहले से लागू था अब वीकेंड कर्फ्यू की भी घोषणा कर दी गई है। सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में भी नाइट कर्फ्यू का का ऐलान कर दिया गया है। यूपी में 10वीं तक के सभी स्कूलों को मकर संक्रांति तक बंद कर दिया गया है। साथ ही राज्य में 6 जनवरी से रात का कर्फ्यू लगेगा। यह कर्फ्यू रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक रहेगा।
भारत में अभी तक कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमीक्रोन के 2135 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 828 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं या अन्य स्थानों पर चले गए हैं। ये मामले 24 राज्यों तथा केन्द्र शासित प्रदेशों में सामने आए हैं। वहीं देश में बुधवार को कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमीक्रोन से मौत का पहला मामला सामना आया है। राजस्थान के उदयपुर के एक व्यक्ति की पिछले सप्ताह मौत हो गई थी और उसमें ओमीक्रोन की पुष्टि हुई है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 की तीसरी लहर आ गई है। भारत में एक दिन में कोविड-19 के 58,097 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,50,18,358 हो गई है। करीब 199 दिन बाद इतने अधिक दैनिक मामले सामने आए हैं।
महाराष्ट्र में 26 हजार से ज्यादा नए केस
महाराष्ट्र में आज 26,538 नए मामले सामने आए हैं और 8 मौतें हुईं हैं। सक्रिय मामले बढ़कर 87,505 हो गए हैं। राज्य के ओमीक्रोन मामलों की संख्या 797 है। वहीं गुजरात में 3350 नए मामले सामने आए हैं। 24 घंटे में 1 मौत हुई है। सक्रिय मामले 10,000 से ज्यादा हुए। यहां कुल ओमीक्रोन मामले 204 हुए।
मुंबई में 15 हजार से ज्यादा नए केस
मुंबई में कोविड 19 के 15,166 नए मामले सामने आए हैं। 24 घंटे में 3 मौतें हुई हैं। सक्रिय मामले 61,923 हुए। वहीं पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटों में 14,022 नए मामले सामने आए हैं और 17 मौतें हुई हैं। सक्रिय मामले 33,042 हुए।
दिल्ली में 10 हजार से ज्यादा नए केस
दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 10,665 नए मामले सामने आए और 8 मौतें हुईं; सक्रिय मामले 23,307 हुए। सकारात्मकता दर बढ़कर 11.88% हुई।
Delhi reports 10, 665 fresh cases and 8 deaths in the last 24 hours; active cases 23,307. The positivity rate rises to 11.88% pic.twitter.com/amM6qWyfuM
— ANI (@ANI) January 5, 2022
सामूहिक समारोहों से बचना चाहिए: डॉ. बलराम भार्गव
ICMR के डीजी डॉ. बलराम भार्गव ने कहा कि ओमीक्रोन देश के शहरों में प्रमुख परिसंचारी स्ट्रेन है, इस प्रसार की गति को कम करने के लिए सामूहिक समारोहों से बचना चाहिए। ओमीक्रोन डिटेक्टिंग आरटी-पीसीआर किट को टाटा एमडी और आईसीएमआर के साथ साझेदारी में विकसित किया गया है और इसे डीसीजीआई द्वारा अनुमोदित किया गया है। यह किट 4 घंटे में रिजल्ट देगी।
Omicron से विश्व भर में 108 मौतें
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा कि 15-18 वर्ष के बीच 7.40 करोड़ बच्चे कोविड 19 टीकाकरण के लिए पात्र हैं। विश्व स्तर पर ओमीक्रोन से अब तक 108 मौतें दर्ज की गई हैं। 4 जनवरी को वैश्विक स्तर पर 25.2 लाख मामले दर्ज किए गए, जो महामारी की शुरुआत के बाद से अब तक के सबसे अधिक मामले हैं। 4 जनवरी को समाप्त सप्ताह में लगभग 65% मामले संयुक्त राज्य अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, इटली और स्पेन से रिपोर्ट किए गए।
पिछले 8 दिनों में मामलों में 6.3 गुना से अधिक की वृद्धि
भारत ने पिछले 8 दिनों में मामलों में 6.3 गुना से अधिक की वृद्धि दर्ज की है। सकारात्मकता रेट 29 दिसंबर 2021 को 0.79% थी जो 5 जनवरी को 5.03% तक पहुंच गई। महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, झारखंड, गुजरात चिंता के राज्य हैं जहां मामलों में वृद्धि हुई है। देश के 28 जिले 10% से अधिक साप्ताहिक सकारात्मक रिपोर्ट कर रहे हैं।
कर्नाटक में 21 एमबीबीएस विद्यार्थी कोरोना वायरस से संक्रमित
बेल्लारी के विजयनगर मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे 21 विद्यार्थी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। कॉलेज अधिकारियों ने बताया कि संस्थान में पढ़ने वाले छात्रों में से किसी-किसी को चुनकर जांच की गई। इस तरह कुल 250 विद्यार्थियों की जांच हुई जो छात्रावास में रह रहे थे और जिनके संक्रमित होने का खतरा था।
देश में अब तक एक करोड़ बच्चों को लगा कोरोना का टीका
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने बताया कि 3 जनवरी से पांच जनवरी के बीच देश में एक करोड़ बच्चों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। सरकार अभी 15 से 18 साल के बच्चों को स्वदेशी वैक्सीन कोवैक्सीन का टीका लगा रही है।
मुंबई के जेजे अस्पताल के 61 रेजिडेंट डॉक्टर पॉजिटिव
मुंबई के जेजे अस्पताल के 61 रेजिडेंट डॉक्टर कोरोना से पॉजिटिव मिले हैं।
61 resident doctors found positive for COVID-19 at JJ Hospital in Mumbai: Maharashtra Association of Resident Doctors
— ANI (@ANI) January 5, 2022
कोविड का असर : कांग्रेस ने स्थगित किए अपने बड़े कार्यक्रम
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर कांग्रेस ने फिलहाल अपनी आगामी सभी बड़ी रैलियां और कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। प्रदेश कांग्रेस मीडिया संयोजक ललन कुमार ने बुधवार को भाषा को बताया कि प्रदेश में कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए पार्टी ने फिलहाल अपने सभी बड़े कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। हालांकि छोटे कार्यक्रम और सभाएं जारी रहेंगी। उन्होंने बताया कि आजमगढ़ में आज तथा वाराणसी में बृहस्पतिवार को आयोजित होने वाली 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' मैराथन के कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है।
लद्दाख में कोविड-19 के 32 नए मामले
लद्दाख में कोविड-19 के 32 नए मामले सामने आने के बाद केन्द्र शासित प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या बढ़कर 22,321 हो गई, जिनमें से 21,836 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि केन्द्र शासित प्रदेश में अभी 265 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जिनमें से लेह में 205 और करगिल जिले में 60 लोग उपचाराधीन है।
शिअद (संयुक्त) प्रमुख सुखदेव ढींढसा कोरोना वायरस से संक्रमित
शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के अध्यक्ष सुखदेव सिंह ढींढसा बुधवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। वह घर पर पृथक-वास में हैं। पार्टी की ओर से जारी एक बयान में यह जानकारी दी गयी। राज्यसभा सदस्य ढींढसा का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिरोजपुर में होने वाली रैली में शामिल होने का कार्यक्रम था। फिरोजपुर में प्रधानमंत्री मोदी 42,750 करोड़ रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेस वे और पीजीआईएमईआर सैटेलाइट केन्द्र शामिल हैं।
अमिताभ बच्चन के बंगले का एक कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित
मेगास्टर अमिताभ बच्चन के बंगले का एक कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। इससे पहले, बच्चन ने अपने ब्लॉग में बताया था कि वह अपने घर पर कोविड-19 संबंधी स्थिति से निपट रहे हैं और अपने प्रशंसकों के साथ थोड़े समय बाद जुड़ेंगे। बीएमसी के अधिकारी ने बताया कि नियमित जांच के दौरान बच्चन के बंगले ‘प्रतीक्षा’ और ‘जलसा’ के 31 कर्मचारियों में से एक कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। उन्होंने कहा, ‘वह कर्मचारी बीएमसी के सीसीसी2 (कोविड देखभाल केन्द्र-2) में पृथक-वास में है।’उन्होंने बताया कि कर्मचारी में संक्रमण का कोई लक्षण नहीं है।
सत्येंद्र जैन बोले-दिल्ली में कोरोना की यह पांचवी लहर, आज आ सकते हैं 10 हजार केस
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली में कोरोना की यह पांचवी लहर है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बुधवार को 10 हजार से ज्यादा केस आ सकते हैं। दिल्ली में पॉजिटिविटी दर 10 फीसदी के पास पहुंच गई है। जैन ने कहा कि ओमीक्रोन के लक्षण काफी हल्के हैं, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है।
बिहार की डिप्टी सीएम रेणु देवी कोरोना पॉजिटिव
बिहार की उप मुख्यमंत्री रेणु देवी और मंत्री सुनील कुमार कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। कैबिनेट की होने वाली बैठक से पहले हुई जांच में डिप्टी सीएम और मंत्री कोरोना पॉजिटिव पाए गए। ये लोग मुख्यमंत्री के साथ थे। सीएम नीतीश कुमार की कैबिनेट के करीब आधे दर्जन मंत्री कोरोना पॉजिटिव हुए हैं।
बीते 24 घंटे में 96 लाख लगे टीके
बीते 24 घंटे में भारत में 96 लाख से ज्यादा कोरोना के टीके लगाए गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि देश में अब तक 147.72 करोड़ टीके की डोज लग चुकी है।
मेट्रो स्टेशनों के बाहर लंबी कतार
दिल्ली सरकार ने मेट्रो को पूरी क्षमता के साथ चलाने की घोषणा की है। लेकिन मेट्रो स्टेशनों के बाहर लगने वाली लंबी कतार से यात्री परेशान हैं। यात्रियों का कहना कि सरकार को उनकी परेशानियों के बारे में भी सोचना चाहिए और इस दिक्कत को दूर करनी चाहिए।
Delhi government allows metro trains and buses to run at 100% seating capacity. Visuals from outside Subhash Nagar metro station
— ANI (@ANI) January 5, 2022
"The government needs to come up with a solution to deal with the issue of such long queues outside metro stations," says a passenger pic.twitter.com/Cq8xOLpHHd
बीते 24 घंटे में देश में कोरोना संक्रमण के 58,097 केस
कोरोना वायरस संक्रमित यात्रियों के साथ क्रूज पोत मुंबई पहुंचा
कॉर्डेलिया क्रूज पोत गोवा से मंगलवार शाम को मुंबई तट पर पहुंचा ओर उसमें से 30 संक्रमितों को उतारा गया है। बृह्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पोत ने मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे दक्षिण मुंबई के बल्लार्ड पियर स्थित यात्री टर्मिनल पर लंगर डाला और इस मौके पर बीएमसी की टीम और पुलिस मौजूद रही। अधिकारियों ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमितों को कोविड मरीज देखभाल केंद्र ले जाने के लिए बीएससी ने 17-17 सीटों वाली पांच एंबुलेंस की व्यवस्था की थी। अधिकारियों ने बताया कि संक्रमितों को अपने खर्चे पर ही होटल में पृथकवास में रहने का भी विकल्प दिया गया है। उन्होंने बताया कि अन्य यात्रियों को जांच रिपोर्ट आने तक पोत में ही रहना होगा।
कर्नाटक में भी लगा वीकेंड कर्फ्यू
कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए कर्नाटक सरकार ने भी अपने यहां वीकेंड कर्फ्यू लगाने की घोषणा की है। यह कर्फ्यू शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह पांच बजे तक लागू रहेगा। सरकार के मंत्री आर अशोक ने यह जानकारी मंगलवार को दी। वीकेंड कर्फ्यू के दौरान लागू पाबंदियों के बारे में सरकार ने गाइडलाइन जारी की है।
तेलंगाना हाई कोर्ट में ऑन लाइन होगी सुनवाई
तेलंगाना हाई कोर्ट की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि अदालत में उपस्थित होकर सुनवाई की प्रक्रिया स्थगित की जा रही है। हालांकि सुनवाई ऑनलाइन करनी है या कोर्ट रूम में उपस्थित होना है, इसका विशेषाधिकार जजों के पास होगा। मिजोरम में कोरोना वायरस के 443 नए केस सामने आए हैं जबिक एक की मौत हुई है।
कोरोना के हालात पर बैठक करेंगे सीएम चन्नी
इंदौर में 137 नए केस
इंदौर के सीएमएचओ भूरे सिंह सेठा ने कहा है कि कोविड-19 के 137 नए केस सामने आए हैं जबकि एक व्यक्ति की मौत हुई है। एक्टिव केस की संख्या बढ़ी है। पॉजिटिव मरीजों में किसी की हालत गंभीर नहीं है। सीएमएचओ ने लोगों से कोविड प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने का अनुरोध किया है।

