दिल्ली में आज से वीकेंड कर्फ्यू, सोमवार सुबह 5 बजे तक लागू रहेंगे प्रतिबंध
देशभर में कोरोना वायरस से हाहाकार सा मचा हुआ है। नए मामले हर दिन रिकॉर्ड बना रहे हैं। पिछले चौबीस घंटे के दौरान करीब 1200 लोगों की मौत हुई है। कई जगहों पर रेमडेसिवीर इंजेक्शन को लेकर ब्लैक मार्केटिंग हो रही है तो कई जगहों पर इस इंजेक्शन के लिए लंबी- लंबी कतारे लगी हैं।
नई दिल्ली: देश में कोरोना वायरस की रफ्तार कम होने का नाम नहीं ले रही है और पिछले चौबीस घंटे के दौरान करीब 1200 लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र, दिल्ली, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में तो हालात और भी बेकाबू होते जा रहे हैं और मामले नया रिकॉर्ड बना रहे हैं। छत्तीसगढ़ में जहां पिछले 24 घंटों के दौरान 15,256 नए लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है वहीं दिल्ली में एक ही दिन में 16 हजार से अधिक नए मामले सामने आए हैं। रेमडेसिवीर इंजेक्शन की ब्लैक मार्केटिंग की खबरें लगातार आ रही हैं वहीं देश भर में ऑक्सीजन की भारी किल्लत को देखते हुए सरकार ने विदेश से 50 हजार मीट्रिक टन मेडिकल ऑक्सीजन मंगाने का फैसला किया है। यहां जानिए कोरोना से जुड़ी हर ताजा घटना का अपडेट
दिल्ली में आज से शुरू हो गया है वीकेंड कर्फ्यू
कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी के बीच देश की राजधानी दिल्ली में आज से वीकेंड कर्फ्यू लागू हो गया है। जगह-जगह पुलिस ने चेकिंग बढ़ा दी है। इस दौरान हालांकि आवश्यक सेवाओं को छूट रहेगी, पर अन्य किसी भी तरह की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। आवश्यक कारणों से यात्रा से पहले लोगों को पास लेना होगा। ये प्रतिबंध दिल्ली में सोमवार सुबह 5 बजे तक लागू रहेंगे।
कर्नाटक के CM को दूसरी बार कोरोना का संक्रमण
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा आठ महीने में दूसरी बार कोविड-19 की चपेट में आ गए हैं। शुक्रवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। येदियुरप्पा (78) को इससे पहले दो अगस्त, 2020 को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने ट्वीट किया, 'हल्के बुखार के बाद आज मेरी कोविड-19 की रिपोर्ट में संक्रमण का पता चला है। मैं ठीक हूं, लेकिन डॉक्टरों की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहा हूं।' मुख्यमंत्री ने हाल में अपने संपर्क में आए सभी लोगों से ध्यान रखने और पृथक-वास में जाने को कहा।
उन्होंने 12 मार्च को कोविड-19 टीके की पहली खुराक ली थी और उन्हें भारत बायोटेक का 'कोवैक्सीन' टीका लगाया गया था। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने तेज बुखार और थकान के बाद गुरुवार को बेलगावी में उपचुनाव प्रचार के लिए निर्धारित अपना दौरा छोटा कर दिया था। उन्होंने बताया कि वह लोकसभा की बेलगांव सीट और मासकी और बसावाकल्याण विधानसभा सीट पर 17 अप्रैल को होने वाले उपचुनाव के लिए प्रचार कर रहे थे। कहा जाता है कि कुछ दिन पहले बेलागावी (बेलगांव लोकसभा) के लिए प्रचार के दौरान उन्हें बुखारा आया, लेकिन बाद में वे जांच में नेगेटिव पाए गए थे।
हरियारणा में वीकेंड पर लगेगा लॉकडाउन
हरियाणा में कोरोना वायरस संक्रमण के बीते 24 घंटों के दौरान 6,277 नए मामले सामने आए हैं। यह राज्य में एक दिन में संक्रमण का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इस अवधि मे राज्य में 20 अन्य लोगों की जान गई है।
मुंबई में करीब 9 हजार केस
मुंबई में बीते 24 घंटों के दौरान करीब 9 हजार कोविड-19 केस दर्ज किए गए हैं। सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों में यहां संक्रमण के 8839 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि 9033 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिली है और 53 लोगों की जान गई है। मुंबई में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 5,61,998 हो गए हैं, जबकि 12,242 लोगों की जान इस घातक बीमारी से गई है। यहां कुल एक्टिव केस 85,226 हैं।
महाराष्ट्र में 63 हजार से अधिक केस
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 63,729 नए मामले सामने आए हैं। 45,335 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी मिली है, जबकि 398 लोगों की इस अवधि में जान गई है। राज्य में संक्रमण के कुल मामले 37,03,584 हो गए हैं, जबकि अब तक इस बीमारी से दम तोड़ने वालों की संख्या 59,551 रही। राज्य में कोविड-19 के कुल एक्टिव केस 6,38,034 हैं।
दिल्ली में अब तक के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के रोजाना सामने आ रहे आंकड़े डराने लगे हैं। बीते 24 घंटों के दौश्रान यहां 19,486 नए कोविड केस दर्ज किए गए हैं। यह दिल्ली में संक्रमण का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। वहीं, 141 लोगों की जान बीते 24 घंटों के दौरान इस घातक संक्रमण से गई है। यहां कोविड-19 के एक्टिव केस इस वक्त 61,005 हैं।
CISCE ने भी टाली 10वीं और 12वीं की परीक्षा
कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए CISCE ने भी 10वीं और 12वीं की परीक्षा टालने का फैसला किया है। नई डेट के बारे में फैसला जून के पहले सप्ताह में लिया जाएगा। CISCE की ओर से कहा गया है कि हालांकि 12वीं की परीक्षा बाद में होगी, लेकिन 10वीं के छात्रों के लिए यह वैकल्पिक होगा कि वे परीक्षा में शामिल होना चाहते हैं या नहीं। CISCE उनके रिजल्ट के लिए ऑब्जेक्टिव क्राइटेरिया तय करेगा।
उत्तराखंड सचिवालय में बाहरी प्रवेश वर्जित
उत्तराखंड में कोविड-19 को देखते हुए सरकार ने सचिवालय में सांसदों, कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों तथा सचिवालय परिसर में सचिवालय के अधिकारी और कर्मचारियों के अतिरिक्त किसी भी बाहरी व्यक्ति का अग्रिम आदेश तक प्रवेश वर्जित कर दिया है।
कर्नाटक में 14 हजार से अधिक केस
कर्नाटक में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के के 14,859 नए मामले सामने आए हैं। 4,031 लोग डिस्चार्ज हुए और 78 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई। राज्य में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 11,24,509 हो गए हैं। 10,03,985 लोगों को अब तक अस्पतालों से छुट्टी मिली है, जबकि इस महामारी के कारण 13,190 लोगों ने जान गंवाई है। राज्य में संक्रमण के कुल एक्टिव केस 1,07,315 हैं।
तमिलनाडु में 8 हजार से अधिक मामले
तमिलनाडु में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 8,449 नए मामले सामने आए हैं। 4,920 लोग डिस्चार्ज हुए और 33 लोगों की मृत्यु दर्ज़ की गई। इसके साथ ही कुल मामले बढ़कर 9,71,384 हो गए हैं। अब तक कुल 8,96,759 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी मिली है। राज्य में कोविड-19 के कुल एक्टिव केस 61,593 हैं, जबकि अब तक 13,032 लोगों की जान इस बीमारी से गई है।
केरल में 24 घंटों में संक्रमण के 10 हजार से अधिक केस
केरल में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 10,031 नए मामले सामने आए हैं। 3,792 लोग डिस्चार्ज हुए और 21 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई। राज्य में संक्रमण से अब तक कुल 4,877 लोगों की मृत्यु हुई है। वहीं अब तक कुल 11,32,267 लोग डिस्चार्ज हुए है।
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर कोविड-19 से संक्रमित
देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी के बीच केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी और बताया कि उनकी रिपोर्ट आज पॉजिटिव आई है। उन्होंने बीते दो-तीन दिनों में अपने संपर्क में आए लोगों को कोविड टेस्ट करवाने की सलाह दी है।
इन तीन राज्यों में हैं कोविड-19 के 1 लाख से अधिक केस
देशभर में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ ऐसे तीन राज्य हैं, जहां संक्रमण के मामलों में बड़ा उछाल देखा जा रहा है। यहां एक्टिव केस 1 लाख से अधिक हैं। छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में कोविड-19 के रोजाना के केस और इस घातक बीमारी से होने वाली मृत्यु दर सबसे अधिक है।
यूपी में कोविड-19 से 9,583 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि संक्रमण से 9,583 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। कल 2,23,307 सैंपल की जांच की गई। 3,78,14,182 टेस्ट किए जा चुके हैं। अब तक 88,09,638 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज दी जा चुकी है। इनमें से 14,87,037 लोग अपनी दूसरी डोज ले चुके हैं।
यूपी में फिर दर्ज किए गए 24 घंटों में रिकॉर्ड 27 हजार से अधिक केस
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार उछाल देखा जा रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान यहां एक बार फिर संक्रमण के 27 हजार से अधिक केस दर्ज किए गए हैं। सरकार की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों में यहां कोविड-19 के 27,426 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें से लखनऊ में 6,598, प्रयागराज में 1,758 और वाराणसी में 2,344 मामले दर्ज किए गए हैं। ये राज्य में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
चंडीगढ़ में शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक वीकेंड कर्फ्यू लागू रहेगा
चंडीगढ़ में शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक वीकेंड कर्फ्यू लागू रहेगा। कर्फ्यू में सिर्फ जरूरी सेवाओं की अनुमति होगी। आदेश आज रात से लागू होंगे। एनडीए और अन्य परीक्षाएं प्रभावित नहीं होंगी, छात्र एडमिट कार्ड दिखा सकते हैं। कर्फ्यू के दौरान वैक्सीनेशन का कार्य जारी रहेगा
सख्ती से वीकेंड कर्फ्यू लागू कराएगी दिल्ली पुलिस
दिल्ली पुलिस सख्ती से वीकेंड कर्फ्यू लागू कराएगी, पूरी दिल्ली में पुलिस पेट्रोलिंग लगी रहेगी। कोई भी व्यक्ति जब तक ये साबित नहीं कर देता कि वो जरूरी सेवाओं के लिए जा रहा है, उसको जाने नहीं दिया जाएगा, उल्लंघन करने के लिए उसको गिरफ़्तार भी किया जा सकता है: दिल्ली पुलिस कमिश्नर
दिल्ली के हालात पर केजरीवाल करेंगे बैठक
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैलने की वजह से उत्पन्न हालात की समीक्षा करने के लिए शुक्रवार को एक बैठक बुलाई है। शहर में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 16,699 नए मामले सामने आए जबकि इस महामारी ने 112 और लोगों को मौत की नींद सुला दिया।
यूपी के सभी जिलों में रविवार का लॉकडाउन
कोरोना के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने आदेश दिया है कि राज्य के सभी जिलों में अब रविवार को लॉकडाउन रहेगा। इतना ही नहीं यदि कोई शख्स मास्क बगैर दिखता है तो उसका एक हजार रुपये का चालान काटा जाएगा। दरअसल यूपी में कोरोना की रफ्तार बेकाबू हो गई है और कई जिलों में लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सर्वाधिक मौतें महाराष्ट्र से
पिछले 24 घंटों में वायरस से महाराष्ट्र में सर्वाधिक लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र में 349 लोगों की, छत्तीसगढ़ में 135 लोगों की, दिल्ली में 112 लोगों की, उत्तर प्रदेश में 104 लोगों की, गुजरात में 81 लोगों की, कर्नाटक में 66 लोगों की, मध्य प्रदेश में 53 लोगों की, पंजाब में 50 लोगों की, राजस्थान में 33 लोगों की और तमिलनाडु में 29 लोगों की पिछले 24 घंटे में मौत हुई है।
किसी चीज की कोई कमी नहीं है, अनुभव भी पर्याप्त हो गया है- डॉ. हर्षवर्धन
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ.हर्षवर्धन ने कहा, 'केंद्र सरकार के पास वेंटिलेटर हैं लेकिन अभी कोई राज्य सरकार हमसे वेंटिलेटर नहीं मांग रही है। बहुत सारी राज्य सरकारों को हमने जो वेंटिलेटर दिए हैं वो अभी उन सबका भी इस्तेमाल नहीं कर पाई हैं, उनके पास वेंटिलेटर लगाने का स्थान नहीं है किसी चीज की कोई कमी नहीं है, अनुभव भी पर्याप्त हो गया है, सामान भी पर्याप्त है और टेस्टिंग की सुविधा भी पर्याप्त है।'
पिछले चौबीस घंटे में रिकॉर्ड मौतें
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला और SAD नेता हरसिमरत कौर बादल भी हुईं कोविड पॉजिटिव
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर बताया, 'आज मेरी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पिछले पांच दिन में जो भी लोग मेरे संपंर्क में आए हैं वो खुद को आइसोलेट कर लें।' वहीं शिरोमणि अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर बादल ने भी ट्वीट कर अपने कोविड पॉजिटिव होने की जानकारी दी है। उन्होंने अपने संपर्क में आए लोगों को आइसोलेट होने का आग्रह किया है।
सरकार ने कर्मचारियों को दी ऑफिस आने में निश्चित स्तर तक की छूट
टेस्ट में लगातार बढ़ोत्तरी
दिल्ली : कोविड-19 के इलाज के लिए अस्पतालों से जुड़े होटलों में होने लगीं तैयारियां
दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल से करोलबाग के चार प्रमुख होटलों को जोड़ा गया है, जिसमें होटल जिवितेश को फस्र्ट फेज मे जोड़ा गया है। यहां बेड भर जाने के बाद सेकंड फेज की लिस्ट में शामिल होटल सिटी इंटरनेशनल में मरीजों की भर्ती होगी। अभी इन अस्पतालों में बेड आदि लगाने को लेकर रणनीति बन रही है।
हरिद्वार में 30 साधु अभी तक कोरोना पॉजिटिव
हरिद्वार में अब तक 30 साधुओं में कोरोना होने की पुष्टि हुई है। हरिद्वार के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके झा ने बताया कि चिकित्सा दल अखाड़ों में जा रहे हैं और साधुओं के आरटी-पीसीआर परीक्षण लगातार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 17 अप्रैल से प्रक्रिया को और तेज किया जाएगा
महाराष्ट्र की सड़कें दिखीं खाली
महाराष्ट्र: राज्य सरकार द्वारा लगाए गए नए प्रतिबंधों के बाद मुंबई में आज सुबह सड़कों पर वाहनों की कम आवाजाही दिखी। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने 1 मई तक धारा 144 लागू की है। वहीं मिज़ोरम में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 25 नए मामले सामने आए। पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 4,747 है जिसमें 258 सक्रिय मामले, 4,477 डिस्चार्ज हो चुके मामले और 12 मौतें शामिल हैं
50 हजार मीट्रिक टन मेडिकल ऑक्सीजन मंगाएगी सरकार
मेडिकल ऑक्सीजन और रेमडेसिवर इंजेक्शन की किल्लत के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा और राहत भरा फैसला लिया है। जानकारी के मुताबिक, देश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए 50 हजार मीट्रिक टन मेडिकल ऑक्सीजन विदेश से आयात किया जाएगा। इसके लिए जल्दी ही टेंडर जारी किए जाएंगे। इसकी ज्यादा जरूरत वाले 12 राज्यों में महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान शामिल हैं।
रेमेडिसविर इंजेक्शन की भारी किल्लत
हरिद्वार कुंभ : निरंजनी अखाड़े ने हटने का फैसला किया
हरिद्वार कुंभ में शामिल संतों के 13 अखाड़ों में से एक निरंजनी अखाड़े ने कोविड-19 के बढ़ते मामलों और राज्य में खराब होती स्थिति के मद्देनजर बृहस्पतिवार को आयोजन से हटने का फैसला किया। निरंजनी अखाड़ा के सचिव रवींद्र पुरी ने बताया, ‘मुख्य शाही स्नान 14 अप्रैल को मेष संक्राति के साथ संपन्न हो गया। हमारे अखाड़ा में कई लोगों में कोविड-19 के लक्षण सामने आ रहे हैं। ऐसे में हमारे लिए कुंभ मेला संपन्न हो गया।’

