कोरोना वायरस समाचार: महाराष्ट्र में कोरोना के कुल 132075 केस, मुंबई में मामले 66507 हुए
Coronavirus (Covid-19) News India: देश में कोरोना वायरस संक्रमण का आंकड़ा बढ़कर 4 लाख से अधिक हो गया है। बढ़ते संक्रमण के बीच भारत दुनिया में इस घातक महामारी से सर्वाधिक प्रभावित देशों में चौथे स्थान पर है।
Coronavirus in India Update: देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 4 लाख से अधिक हो गए हैं। यहां अब तक 13 हजार से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के साथ चिंता भी बढ़ रही है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हालात दिन-प्रतिदिन गंभीर हो रहे हैं, जहां संक्रमण का आंकड़ा अब 60 हजार के करीब हो चुका है। वहीं, महाराष्ट्र में संक्रमण के मामले 1 लाख 32 हजार से अधिक हैं, जहां मुंबई सर्वाधिक प्रभावित है। बिहार, यूपी, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ सहित देश के कई राज्यों में संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।
UPDATES- Coronavirus News India
मुंबई में कोरोना के 66000 से ज्यादा मामले
महाराष्ट्र में आज कोविड 19 के 3870 नए मामले सामने आए हैं और 101 मौतें हुई हैं। कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1,32,075 हो गई है, जिनमें से 65,744 ठीक हो गए हैं, 60,147 सक्रिय मामले हैं और 6170 की मौत हुई है। वहीं आज मुंबई में 1242 नए केस आए हैं और 41 मौतें हुई हैं। कुल मामले बढ़कर 66,507 हो गए हैं, जिनमें से 3669 मौतें हैं, 33,491 ठीक हो गए हैं और 29,347 सक्रिय मामले हैं।
UP में 2671 हॉटस्पॉट्स
यूपी के प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन ने बताया, 24 घंटों में 596 केस सामने आए हैं। एक्टिव केसों की संख्या 6186 है। अब तक पूरी तरह ठीक होकर डिस्चार्ज लोगों की संख्या 10995 है। कल 626 संक्रमित लोग ठीक होकर घर गए। डिस्चार्ज होने का प्रतिशत अब 62.01 हो गया है। अब तक 550 लोगों की मौत हुई है। अब तक प्रदेश में कुल 560697 सैंपलों की टेस्टिंग की जा चुकी है। RT-PCR टेस्ट के साथ अब जल्द ही कुछ चयनित जनपदों में हम एंटीजन टेस्ट शुरू करेंगे। प्रदेश में आज की तारीख में 2671 हॉटस्पॉट्स हैं।
दिल्ली में 3000 नए केस
गुजरात में पिछले 24 घंटों में कोविड 19 के 580 ताजा मामले सामने आए हैं और 25 मौतें हुई हैं। राज्य में कुल मामले बढ़कर 27,317 हो गए हैं, जिसमें 19,357 ठीक हो गए हैं और कुल 1,664 मौतें हो गई है। वहीं दिल्ली में 3000 नए मामले आए हैं, जिससे कुल मामलों की संख्या बढ़कर 59,746 हो गई है। आज 63 मौतों के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 2175 हो गई है। अब तक 33,013 मरीज ठीक हो गए हैं।
तमिलनाडु में एक दिन में सबसे ज्यादा केस
तमिलनाडु में एक दिन में कोरोना वायरस के 2532 नए मामले सामने आए हैं, ये एक दिन में सबसे ज्यादा है। पिछले 24 घंटों में 53 मौतें हुईं। राज्य में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 59377 हो गई है। राज्य में अब 25863 सक्रिय मामले हैं। मरने वालों की संख्या 757 हो गई है।
दिल्ली के हालातों पर अमित शाह की बैठक
गृह मंत्री अमित शाह आज दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कोविड 19 पर एक बैठक करेंगे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी बैठक में शामिल होंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन और स्वास्थ्य सचिव प्रीति सूदन बैठक के लिए गृह मंत्रालय पहुंचे।
महाराष्ट्र पुलिस में कोरोना के 88 नए केस
महाराष्ट्र पुलिस में कोरोना वायरस संक्रमण के 88 नए मामले सामने आए हैं, जबकि एक अन्य की जान गई है। इसके साथ ही यहां पुलिस में संक्रमण का आंकड़ा बढ़कर 4 हजार 48 हो गया है, जबकि 47 पुलिसकर्मियों की अब तक जान गई है।
सत्येंद्र जैन की हालत में सुधार
कोरोना वायरस से संक्रमित दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की हालत में सुधार बताया जा रहा है। उन्हें प्लाज्मा थेरेपी दी गई है, जिसके बाद उनमें सुधार हुआ है। दिल्ली स्वास्थ्य मंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उन्हें अब बुखार नहीं आ रहा है और ऑक्सीजन के स्तर में भी सुधार हुआ है। डॉक्टर्स का कहना है कि उन्हें कल (सोमवार) तक जनरल वार्ड में शिफ्ट किया जा सकता है।
आंध्र प्रदेश में बढ़े मामले
आंध्र प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 477 नए मामले सामने आए और 5 अन्य लोगों की जान गई। इसके साथ ही राज्य में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 8,929 हो गए हैं, जिनमें से 4,516 एक्टिव केस हैं। राज्य में अब तक 106 लोगों की जान गई है।
रिकवरी रेट अब 55.49 प्रतिशत
देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले हालांकि लगातार बढ़ रहे हैं, पर यहां रिकवरी रेट में सुधार हो रहा है, जो राहत की बात समझी जा रही है। केंद्र सरकार के अनुसार, बीते 24 घंटों में यहां कोरोना संक्रमण की चपेट में आए 13 हजार 925 लोग ठीक हुए हैं। यहां रिकवरी रेट में सुधार हो रहा है, जो अब बढ़कर 55.49 प्रतिशत हो गया है। देश में अब तक 2 लाख 27 हजार 755 लोग संक्रमण से अब चुके हैं।
अब भी रेड जोन में इंदौर, संक्रमण के आंकड़ों में बढ़ोतरी
देश में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में पिछले 24 घंटे के दौरान इस महामारी के 41 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की कुल तादाद 4,288 से बढ़कर 4,329 हो गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान 1,788 नमूनों की जांच में कोविड-19 के 41 नए मरीज मिले। यहां चार और मरीजों की मौत हो गई, जिसके बाद जिले में कोविड-19 की चपेट में आकर दम तोड़ने वाले मरीजों की तादाद बढ़कर 197 पर पहुंच गई है। इलाज के बाद कोरोना वायरस संक्रमण से मुक्त होने पर अब तक जिले के 3,185 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। जिले में मरीजों के उपचार के बाद इस महामारी से उबरने की दर रविवार सुबह तक करीब 73.5 प्रतिशत थी, जबकि मृत्यु दर 4.55 फीसदी दर्ज की गई। यहां कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर लम्बे समय से राष्ट्रीय औसत के मुकाबले ज्यादा बनी हुई है। इंदौर जिला अब भी रेड जोन में ही है। जिले में इस संक्रामक रोग की शुरुआत 24 मार्च से हुई थी, जब पहले चार मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी।
पुणे में कोरोना के रिकॉर्ड 823 केस
महाराष्ट्र के पुणे में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। रविवार को यहां 823 नए मामले दर्ज किए गए, जो एक दिन में यहां संक्रमण का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। यहां कोरोना वायरस संक्रमण के कारण 24 अन्य लोगों की मौतें दर्ज की गई हैं। इसके साथ ही यहां कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 15,004 हो गए हैं, जबकि मृतकों की संख्या 584 हो गई है।
इस बार नहीं होगी कांवड़ यात्रा
इस साल सावन के महीने में कांवड़ यात्रा नहीं होगी। इस संबंध में रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बैठक हुई, जिसें तीनों मुख्मंत्रियों ने फैसला लिया कि इस साल कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए कांवड़ यात्रा नहीं होगी। कई धार्मिक नेताओं और कांवड़ यात्रा आयोजित करने वालों ने भी इस संबंध में सुझाव दिए थे।
UP CM Yogi Adityanath held discussion via video conferencing with Haryana CM ML Khattar & Uttarakhand CM Trivendra Singh Rawat. The 3 CMs have decided to postpone this year's Kanwar Yatra in the wake of #COVID19 pandemic,as suggested by religious leaders & kanwar orgs (file pics) pic.twitter.com/japRHXHyTt
— ANI UP (@ANINewsUP) June 21, 2020
राजस्थान में 14,691 केस
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के 154 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद यहां संक्रमण का कुल आंकड़ा बढ़कर 14 हजार 691 हो गया है। रविवार को यहां 4 अन्य लोगों की मौत दर्ज की गई है, जिसके बाद राज्य में संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या 341 हो गई है।
देश में कोरोना संक्रमण केस 4 लाख के पार
देश में कोरोना वायरस संक्रमण का आंकड़ा चार लाख से अधिक हो गया है, जबकि 13 हजार से ज्यादा लोगों की अब तक इस घातक संक्रमण से जान जा चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से रविवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान यहां कोरोना वायरस संक्रमण के 15 हजार 413 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जो एक दिन में संक्रमण की अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। इसके साथ ही देश में सक्रमण के कुल मामले बढ़कर 4 लाख 10 हजार 461 हो गए हैं, जबकि मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हजार 254 हो गई है। संक्रमण के कुल मामलों में 1 लाख 69 हजार 451 एक्टिव केस हैं, जबकि 2 लाख 27 हजार 756 लोग ठीक हो चुके हैं। बीते 24 घंटों के दौरान यहां कोरोना संक्रमण से 306 लोगों ने जान गंवाई।
सैंपल लेने गए स्वास्थ्यकर्मियों पर पथराव
मध्यप्रदेश में महू के निकट एक गांव में कोविड-19 संक्रमित व्यक्ति की मौत के बाद उसके परिवार के सदस्यों के नमूने लेने गए स्वास्थ्य दल पर कथित रूप से ग्रामीणों ने पथराव किया। हालांकि, इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस के मुताबिक, घटना इंदौर जिले के महू तहसील के अंतर्गत जाफराबाद गांव में हुई। इसकी जांच की जा रही है। यहां अयोध्या वार्ड के एक निवासी की शुक्रवार को मौत हो गई थी, जिसे बाद में कोरोना संक्रमण होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद ही स्वास्थ्य दल मृतक के परिवार के सदस्यों के नमूने लेने गांव पहुंचा था, ताकि यह पता लगाया जा सके कि किसके सपंर्क में आने से व्यक्ति संक्रमित हुआ।
झारखंड में कोरोना आंकड़े 2 हजार के पार
झारखंड में बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 63 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 2 हजार 24 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में संक्रमित कुल 2,024 लोगों में 1 हजार 644 सिर्फ प्रवासी मजदूर हैं, जो देश के विभिन्न भागों से राज्य में वापस अपने घरों को लौटे हैं। यहां 1 हजार 404 लोग अब तक ठीक होकर अपने घरों को लौट चुके हैं। इसके अलावा 609 अन्य संक्रमितों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में किया जा रहा है, जबकि 11 अन्य की मौत हो चुकी है।
दिल्ली में कोरोना महामारी के प्रबंधन को व्यवस्थित किया गया : हर्षवर्धन
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने शनिवार को कहा कि दिल्ली में कोविड-19 महामारी के प्रबंधन को स्वास्थ्य सर्वेक्षणों से लेकर जांच और निजी अस्पतालों में भर्ती मरीजों के इलाज के लिए शुल्क तय करके सुव्यवस्थित की गई है। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) द्वारा कोरोना वायरस रोगियों के इलाज के लिए अस्पताल के बिस्तर की दरों को तय करने के लिए एक उच्च-स्तरीय विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों को मंजूरी देने के बाद उन्होंने कहा कि दिल्ली में कोविड-19 रोगियों के लिए निजी अस्पतालों में आइसोलेशन बेड के शुल्क को कम करके लगभग एक तिहाई तक कर दिया गया है। सस्ता और तेज रैपिड एंटीजन जांच शुरू हुआ।

