LIVE

Coronavirus News Updates:महाराष्ट्र में सामने आए 8 हजार से ज्यादा नए कोरोना केस, एक ही दिन में 223 की मौत

कोरोना वैक्सीन की समयसीमा पर उठे विवाद के बीच संसदीय समिति को बताया गया है कि इस महामारी का टीका अगले साल की शुरुआत में आने की उम्मीद है। डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि ऐसा नहीं लगता कि कोविड-19 का खतरा इतनी जल्दी दुनिया से खत्म होगा। संस्था ने लॉकडाउन से बाहर निकलने के बाद देशों से इस दिशा में तेजी से कदम उठाने की अपील की है।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Jul 12, 2020, 00:22 IST
Follow on Google News
Coronavirus News Updates:महाराष्ट्र में सामने आए 8 हजार से ज्यादा नए कोरोना केस, एक ही दिन में 223 की मौत

महाराष्ट्र, तमिलनाडु और दिल्ली में नए केस आने के बाद देश में कोरोना वायरस से संक्रमण की संख्या आठ लाख को पार कर गई है। उत्तर प्रदेश सहित देश के कई राज्यों में लॉकडाउन का पालन सख्ती से कराया जा रहा है।

JUL 12, 2020 00:22 IST

मुंबई में शनिवार को कोरोना के 1,497 नए केस, 39 लोगों की मौत


मुंबई में शनिवार को कोरोना के 1,497 नए केस सामने आए और 39 लोगों की मौत हो गई। शहर में कुल मामले बढ़कर 91,457 हो गए हैं। अभी यहां 22,779 ऐक्टिव केस हैं और 5,241 लोगों की मौत हो चुकी है वहीं महाराष्ट्र में शनिवार को कोरोना के 8,139 नए केस रिपोर्ट हुए और 4,360 लोग ठीक भी हुए। इसके अलावा एक ही दिन में 223 लोगों की मौत हो गई। राज्यमें अब तक 2,46,600 मामले सामने आ चुके हैं और 99,202 ऐक्टिव केस हैं। अब तक 10,116 लोगों की जान जा चुकी है।

JUL 11, 2020 21:21 IST

बेंगलुरु शहर और बेंगलुरु ग्रामीण में एक हफ्ते का कंपलीट लॉकडाउन

कर्नाटक सरकार ने बेंगलुरु शहर और बेंगलुरु ग्रामीण में एक हफ्ते का  संपूर्ण लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। यह लॉकडाउन 14 जुलाई की रात 8 बजे से शुरू होकर 22 जुलाई सुबह 5 बजे तक जारी रहेगा। इस अवधि के दौरान जरूरी सेवाओं को लॉकडाउन में छूट दी गई है वहीं अन्य सेवाओं को बंद किया गया है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की तरफ से जारी बयान में कहा गया है, 'कोरोना वायरस (Covid 19) के बढ़ते मामलों को देखते हुए बेंगलुरु शहर और ग्रामीण जिलों में 14 जुलाई को रात 8 बजे से 22 जुलाई सुबह 5 बजे तक पूरी तरह से लॉकडाउन जारी रहेगा। इस दौरान आवश्यक सेवाओं को इस लॉकडाउन के दायरे से बाहर रखा गया है।'
 

JUL 11, 2020 18:08 IST

उत्तर प्रदेश में कोरोना के कुल ऐक्टिव केस 11490 हुए

यूपी में आज कोरोना के 1403 नए केस रिपोर्ट हुए। इसके साथ ही कुल ऐक्टिव केस 11490 हो गए हैं। अब तक 22,689 मरीज ठीक हो गए हैं और 913 की मौत हुई है वहीं बिहार में आज कोरोना के 709 नए मामले सामने आए जिसके बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 15,039 हो गई।आंध्र प्रदेश में आज कोरोना के 1,813 नए केस सामने आए, 1,168 लोग डिसचार्ज हुए और 17 लोगों की मौत हो गई। अभी राज्य में 12,533 ऐक्टिव केस हैं वहीं हिमाचल प्रदेश की बात करें तो राज्य में कोरोना के कुल ऐक्टिव केस 1175 हो गए हैं। इनमें से 276 ऐक्टिव केस हैं और 875 लोग ठीक हो गए हैं। वहीं 9 लोगों की मौत हुई है।
 

JUL 11, 2020 15:40 IST

यूपी में पिछले 24 घंटे में 1403 नए केस मिले

उत्तर प्रदेश के प्रमुख स्वास्थ्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने शनिवार को कहा कि राज्य में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 1403 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 11,490 हो गई है। अधिकारी ने बताया कि अब तक इस महामारी से 22,689 मरीज ठीक हो चुके हैं। इस बीमारी से राज्य में अब तक 913 लोगों की जान गई है। 

JUL 11, 2020 13:57 IST

दिल्ली सरकार के विवि में नहीं होगी परीक्षा

कोविड-19 के संकट को देखते हुए दिल्ली सरकार ने राज्य के विश्वविद्यालय की परीक्षाएं रद्द करने का फैसला किया है। डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने शनिवार को बताया कि इसमें यूनिवर्सिटी का फाइनल एग्जाम भी शामिल है। विवि की ओर से निर्धारित मानकों के आधार पर डिग्री अवार्ड की जाएगी। सिसोदिया ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र के अधीन आने वाले विश्वविद्यालयों एवं कॉलेजों की परीक्षाओं पर इसी तरह का फैसला लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है।
JUL 11, 2020 13:51 IST

ओडिशा में कोरोना के 570 नए मामले मिले 

भुवनेश्वर : ओडिशा में शनिवार को कोविड-19 के 570 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमण के कुल मामले 12,526 हो गए। इसके अलावा एक महिला समेत पांच मरीजों की मौत होने के बाद राज्य में इस संक्रमण से अपनी जान गंवाने वालों की संख्या 61 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य के सर्वाधिक प्रभावित जिले गंजम में दो मरीजो की मौत हुई वहीं पुरी, कटक और खुर्दा में एक-एक मरीज की जान गई। अधिकारी ने कहा कि बहुत दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि अस्पताल में इलाज के दौरान पांच कोविड-19 मरीजों ने दम तोड़ दिया।

JUL 11, 2020 12:52 IST

राजस्थान में  दो और लोगों की मौत, 170 नए मामले

राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से शनिवार को दो और लोगों की मौत के बाद राज्य में कोविड-19 से मरने वालों की कुल संख्या 499 हो गई है। इसके साथ ही राज्य में संक्रमण के 170 नये मामले सामने आने से राज्य में इस घातक वायरस से संक्रमितों की कुल संख्या 23,344 हो गयी जिनमें से 5,211 रोगी उपचाराधीन हैं।

JUL 11, 2020 11:17 IST

एक दिन में कोविड-19 के सबसे ज्यादा 27,114 नए मामले मिले

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे में देश में एक दिन में सबसे ज्यादा 27,114 नए मामले सामने आए हैं जबकि इस महामारी से 519 लोगों की मौत हुई है। देश में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 8,20,916 हो गई है। इनमें 2,83,407 एक्टिव केस हैं जबकि 5,15,386 लोगों को उपचार के बाद ठीक/डिस्चार्ज कर दिया गया है। कोरोना से अब तक 22, 123 लोगों की मौत हो चुकी है।
JUL 11, 2020 09:58 IST

नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर परिचय पत्र की जांच

नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर पुलिसकर्मी आने-जाने वालों के पहचान पत्रों की जांच कर रहे हैं। राज्य में 10 जुलाई की रात 10 बजे से 13 जुलाई की सुबह पांच बजे तक लॉकडाउन लागू है। एक स्थानीय ने कहा, 'मैंने ई-पास के लिए आवेदन की कोशिश की लेकिन यूपी सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर इसके लिए कोई विकल्प मौजूद नहीं है।'
JUL 11, 2020 09:34 IST

कोविड-19 पर निगरानी कमेटी की बात फर्जी

गृह मंत्रालय ने कहा है कि एक नाटिस में कहा गया है कि कोविड-19 पर एक निगरानी समिति बनाई गई है। निगरानी समिति की बात फर्जी है। गृह मंत्रालय की तरफ से इस तरह की कोई भी समिति नहीं बनाई गई है। मंत्रालय ने लोगों से फर्जी खबरों एवं अफवाहों के प्रति सचेत रहने के लिए कहा है।
JUL 11, 2020 09:33 IST

बिहार में महामारी से मरने वालों की संख्या 111 हुई

बिहार में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 से दो और लोगों की मौत के बाद राज्य में अब तक इस संक्रमण से मरने वालों की संख्या 111 हो गयी है, जबकि संक्रमण के 352 नये मामलों के साथ कुल संक्रमित 14,330 हो गये हैं। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। विभाग द्वारा जारी कोविड-19 बुलेटिन के अनुसार भागलपुर और पूर्वी चंपारण से मौत के दोनों मामले सामने आये हैं। विभाग के अनुसार राज्य में 10,251 लोग अब तक कोरोना वायरस संक्रमण से उबर चुके हैं। पिछले 24 घंटे में इनमें से 459 लोग स्वस्थ हुए हैं।

JUL 11, 2020 09:33 IST

रविवार को 1,500 भारतीयों को दक्षिण अफ्रीका से भारत लाया जाएगा

कोरोना वायरस के कारण लगी पाबंदियों के चलते दक्षिण अफ्रीका में फंसे करीब 1,500 भारतीयों को रविवार को वापस लाया जाएगा। भारतीयों की वतन वापसी की व्यवस्था इंडिया क्लब नाम के समूह ने की है। इससे पहले भी समूह की ओर से भारतीयों को वापस लाने के लिए एक उड़ान की व्यवस्था की गई थी। कोविड-19 महामारी के कारण यहां कई व्यवसायों ने अपना कामकाज कम कर दिया जिसके चलते स्थानीय कंपनियों के साथ जुड़े कई भारतीयों के अनुबंध समयपूर्व खत्म हो गए। बेंगलुरु के ऐसे 50 से अधिक आईटी पेशेवर दक्षिण अफ्रीका में फंसे थे।