LIVE

Corona Crisis: तमिलनाडु में 30 हजार और बंगाल में 20000 से ज्यादा नए केस, 24 घंटे में 297 और 129 मौतें

Corona Crisis: उत्तर प्रदेश की नदियों शवों को मिलना जारी है। आशंका है कि ये शव कोरोना संक्रमण से दम तोड़ने वाले लोगों के है। उत्तर प्रदेश के उन्नाव में गंगा नदी के पास बालू में शवों को गाड़ने का मामला सामने आया है। जिलाधिकारी का कहना है कि गंगा नदी के पास और शवों की तलाश जारी है। इस बीच, विपक्षी दलों ने कोरोना टीके को लेकर पीएम मोदी को पत्र लिखा है।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated May 13, 2021, 21:42 IST
Follow on Google News
Corona Crisis: तमिलनाडु में 30 हजार और बंगाल में 20000 से ज्यादा नए केस, 24 घंटे में 297 और 129 मौतें
Photo Credit: AP

Coronavirus: देश में कोरोना वायरस के हालत सुधरते नहीं दिख रहे हैं। 'द इंडिपेंडेंट पैनल फॉर पैनडेमिक प्रिपेयर्डनेस एंड रिस्पॉन्स' (आईपीपीआर) ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि दुनिया कोराना महामारी की चुनौती से निपटने के लिए तैयार नहीं थी। चेतावनी को नजरंदाज किए जाने की वजह से महामारी से निपटने में उसकी नाकामी उजागर हुई। इसके चलते कोरोना महामारी घातक बन गई। भारत में कोरोना संकट से निपटने के लिए विदेशों से मेडिकल राहत सामग्री का पहुंचना जारी है। जर्मनी, ग्रीस और फिनलैंड ने भारत के लिए मेडिकल सामग्री भेजी है।

MAY 13, 2021 21:40 IST

पश्चिम बंगाल में 24 घंटे में 129 मौतें

पश्चिम बंगाल में 20,839 नए कोविड 19 मामले, 19,181 डिस्चार्ज और 129 मौतें दर्ज की गई।

कुल मामले 10,73,956
कुल रिकवरी 9,30,886
मृत्यु 12,857
सक्रिय मामले 1,30,213

MAY 13, 2021 21:39 IST

तमिलनाडु में 24 घंटे में 297 मौतें

तमिलनाडु में पिछले 24 घंटों में 30,621 नए कोविड 19 मामले, 19,287 रिकवरी और 297 मौतें दर्ज की गई।

कुल मामले 14,99,485
कुल रिकवरी 12,98,945
मृत्यु 16,768
सक्रिय मामले 1,83,772

MAY 13, 2021 20:42 IST

महाराष्ट्र में 24 घंटे में 850 मौतें

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 42,582 नए मामले सामने आए हैं, इस दौरान 54,535 मरीज ठीक हुए हैं और 850 मौतें हुई हैं। यहां कुल मामले 52,69,292 हुए। 46,54,731 मरीज ठीक हो चुके हैं। अभी तक 78,857 लोगों की इस वायरस से जान जा चुकी है। महाराष्ट्र में अभी 5,33,294 सक्रिय मामले हैं।

MAY 13, 2021 19:42 IST

राजस्थान में 24 घंटे में 159 मौतें

राजस्थान में 15,867 नए कोविड 19 मामले सामने आए हैं और 159 मौतें हुई है। 24 घंटे में 12,929 मरीज ठीक हुए हैं। कुल मामले 8,21,525 हुए। अभी 2,11,889 सक्रिय मामले हैं। वहीं कर्नाटक में आज 35,297 नए कोविड 19 मामले सामने आए हैं। 34,057 मरीज ठीक हुए हैं और 344 मौतें हुई हैं। सक्रिय मामले 5,93,078 हैं।

MAY 13, 2021 18:38 IST

यूपी में 24 घंटे में 281 मौतें

उत्तर प्रदेश में कोरोना के 17,775 नए मामले सामने आए हैं। 24 घंटे में 19,425 मरीज ठीक हुए हैं और 281 मौतें हुई हैं। यहां कुल मामले 15,80,980 हुए। यूपी में सक्रिय मामले 2,04,658 हैं।

MAY 13, 2021 18:17 IST

महाराष्ट्र सबसे अधिक प्रभावित राज्य बना हुआ है: हर्षवर्धन

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने आज कोविड 19 की स्थिति पर कर्नाटक, महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु, राजस्थान और दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सबसे अधिक प्रभावित राज्य बना हुआ है, हम 27 अप्रैल से गिरावट देख रहे हैं, लेकिन फिर भी राज्य प्रतिदिन लगभग 50,000 नए मामले रिपोर्ट कर रहा है। 8 मई से राजस्थान में सक्रिय मामलों में वृद्धि देखी जा रही है, मौतों की दैनिक संख्या 150 से ऊपर हो गई है।

MAY 13, 2021 17:41 IST

केंद्र ने वैक्सीन की 35.6 करोड़ खुराक खरीदी हैं

केंद्र ने अब तक मौजूदा टीकाकरण अभियान के लिए कोविड-19 टीके की 35.6 करोड़ खुराक खरीदी हैं, इसके अतिरिक्त 16 करोड़ खुराक (सीधी खरीद के जरिये) राज्यों और निजी अस्पतालों तक पहुंचाए जाने की प्रक्रिया में है।

MAY 13, 2021 17:19 IST

10 राज्यों में संक्रमण दर 25 प्रतिशत या उससे अधिक

सरकार ने कहा कि देश में पिछले तीन दिनों में कोविड-19 के नए मामलों और संक्रमण दर में स्थिरता दर्ज की गई है। 10 राज्यों में संक्रमण दर 25 प्रतिशत या उससे अधिक है। सरकार के अनुसार, ऐसे जिलों की संख्या में बढ़ोतरी देखी गई है जहां कोविड-19 की जांच की संख्या में सप्ताह दर सप्ताह वृद्धि के बावजूद संक्रमण की दर में कमी दर्ज गई है। ऐसे जिलों की संख्या 22-28 अप्रैल में 125 से बढ़कर 6 से 12 मई के बीच 338 हो गई है।
 

MAY 13, 2021 16:18 IST

12 राज्यों में कोरोना के 1 लाख से ज्यादा एक्टिव केस

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया, '12 राज्यों में कोरोना के 1 लाख से ज्यादा एक्टिव केस हैं। 8 राज्यों में 50,000 से 1 लाख सक्रिय मामले हैं और 16 राज्यों में 50,000 से कम सक्रिय मामले हैं। 24 राज्यों में पॉजिटिविटी रेट 15% से ज्यादा है। 8 राज्यों में पॉजिटिविटी रेट 5-15% है। 4 राज्यों में ये 5% से कम है। 3 मई से रिकवरी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले 2 सप्ताह से 187 जिलों में मामलों में गिरावट देखी गई है। हम देख रहे हैं कि  देशव्यापी सकारात्मकता दर पिछले एक सप्ताह में 21.95% से घटकर 21.02% हो गई है।'

MAY 13, 2021 15:25 IST

दिल्ली में कोरोना के 10 हजार से ज्यादा नए केस

दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 10,489 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 15,189 मरीज ठीक हुए हैं और 308 मौतें हुई हैं। यहां कुल मामले 13,72,475 हो गए हैं। अभी तक 12,74,140 मरीज ठीक हो गए हैं। दिल्ली में कोरोना से अब तक 20,618 मौतें हुई हैं। सक्रिय मामले 77,717 हैं। दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट घटकर 14.24 प्रतिशत हो गया है।

MAY 13, 2021 14:48 IST

बिहार में लॉकडाउन 25 मई तक बढ़ाया गया

कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए बिहार सरकार ने पूरे प्रदेश में लॉकडाउन को 25 मई तक बढ़ा दिया है।
 

MAY 13, 2021 13:08 IST

2-18 आयुवर्ग में कोवैक्सीन के सेकेंड- थर्ड फेज ट्रायल की मिली मंजूरी

 ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (डीसीजीआई) ने अपने निर्माता भारत बायोटेक लिमिटेड को दो से 18 साल के आयु वर्ग में कोवैक्सिन (कोविड वैक्सीन) के दूसरे-तीसरे फेज के क्लिनिकल परीक्षण की अनुमति दे दी है। ये जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को दी है।मंत्रालय ने कहा, परीक्षण 525 स्वस्थ स्वयंसेवकों में आयोजित किया जाएगा।मंत्रालय ने कहा, परीक्षण में टीका इंट्रामस्क्युलर मार्ग द्वारा दो खुराक में 0 और 28 दिन पर दिया जाएगा।सावधानीपूर्वक परीक्षा के बाद, डीसीजीआई ने विषय विशेषज्ञ समिति (एसईसी) की सिफारिश को स्वीकार कर लिया।

देश के राष्ट्रीय ड्रग रेगुलेटर ने बुधवार को सबसे कम उम्र के युवा समूह में क्लिनिकल ट्रायल आयोजित करने की मंजूरी दे दी, ताकि उन्हें घातक महामारी के प्रकोप से बचाया जा सके।हैदराबाद स्थित भारत बायोटेक इंटरनेशनल लिमिटेड (बीबीआईएल) ने दो से 18 साल के आयु वर्ग में कोवाक्सिन के दूसरे-तीसरे चरण का परीक्षण करने का प्रस्ताव दिया था।तीव्र नियामक प्रतिक्रिया के रूप में, प्रस्ताव इस वर्ष 11 मई को विषय विशेषज्ञ समिति (एसईसी) (कोविड -19) में विचार-विमर्श किया गया था।विस्तृत विचार-विमर्श के बाद समिति ने प्रस्तावित दूसरे और तीसरे चरण के परीक्षण को कुछ शर्तों के लिए अनुमति देने की सिफारिश की।

MAY 13, 2021 12:50 IST

महाराष्ट्र में 1 जून तक लॉकडाउन

महाराष्ट्र सरकार ने 1 जून तक लॉकडाउन को बढ़ा दिया है, इसके साथ ही दूसरे राज्यों से महाराष्ट्र में दाखिल होने के लिए आरटीपीसीआर का नेगेटिव रिपोर्ट लाना जरूरी होगा।हाराष्ट्र सरकार ने राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण की श्रृंखला तोड़ने के लिए लगाई लॉकडाउन जैसी पाबंदियां बृहस्तपिवार को एक जून तक बढ़ा दी।मुख्य सचिव सीताराम कुंटे ने एक आदेश में कहा कि राज्य में लागू पाबंदियां एक जून सुबह सात बजे तक लागू रहेगी।आदेश के अनुसार, अब राज्य में परिवहन के किसी भी माध्यम से आने वाले व्यक्ति को संक्रमित ना होने की पुष्टि करने वाली ‘आरटी-पीसीआर’ रिपोर्ट दिखानी होगी, जो राज्य में आने से 48 घंटे पहले जारी की गई हो।
संवेदनशील क्षेत्रों’ (जहां संक्रमण के मामले अधिक हैं) से आने वाले लोगों पर लगी सभी पाबंदियां अब देश के हर राज्य से आने वाले लोगों पर लागू होगी।उसके अनुसार, माल वाहकों के मामले में, ऐसे वाहनों में दो से अधिक लोगों को यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी। यदि ये महाराष्ट्र के बाहर से आ रहे हैं, तो उन्हें संक्रमित ना होने की पुष्टि करने वाली ‘आरटी-पीसीआर’ रिपोर्ट दिखानी होगी, जो राज्य में आने से 48 घंटे पहले जारी की गई हो और यह सात दिन तक ही मान्य होगी।राज्य में लॉकडाउन जैसी पाबंदियों पांच अप्रैल को लागू की गई थी। इन पाबंदियों को 15 अप्रैल को कड़ा कर दिया गया था और सीआरपीसी की धारा 144 के तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्रित होने पर रोक लगा दी गई थी।

MAY 13, 2021 10:55 IST

केंद्र की वैक्सीनेशन पॉलिसी पर महाराष्ट्र सरकार ने साधा निशाना

महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने कहा कि टीकों की कमी के कारण 12 लाख लोग अपनी दूसरी खुराक का इंतजार कर रहे हैं। हम वैक्सीन खुराक प्राप्त नहीं कर रहे हैं। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने 1 करोड़ वैक्सीन के लिए आशय पत्र जारी किया। केंद्रीय सरकार को बड़े पैमाने पर ऑक्सीजन संयंत्र लगाने के लिए सब्सिडी की घोषणा करनी चाहिए। महाराष्ट्र के उद्योग विभाग ने उन कंपनियों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए एक नीति बनाई है जो राज्य में ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित करेंगी।

MAY 13, 2021 10:12 IST

एमपी सरकार का बड़ा ऐलान

मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हम उन बच्चों को 5000 रुपये प्रति माह पेंशन देंगे जो इस COVID महामारी में अपने माता-पिता / अभिभावकों को खो चुके हैं। हम इन बच्चों के लिए मुफ्त शिक्षा और इन परिवारों के लिए मुफ्त राशन की व्यवस्था करेंगे:

MAY 13, 2021 09:41 IST

24 घंटे में कोरोना के कुल 3, 62 727 केस सामने आए

पिछले 24 घंटों में कोरोना के कुल 3,62, 727 केस सामने आए हैं। इसके साथ मरने वालों की संख्या 4,120 हो गई है। इस समय देश में कोरोना के कुल मामले 2 करोड़ 37 लाख से ज्यादा हैं, जबकि 1 करोड़ 97 लाख से अधिक लोग डिस्चार्ज हो चुके हैं। इसके अलावा देश में ऐक्टिव केस की संख्या तीन लाख 71 हजार 525 है।

MAY 13, 2021 08:37 IST

उन्नाव : गंगा नदी के पास बालू में दफनाए गए शव

उत्तर प्रदेश में गंगा नदी शवों का मिलना जारी है। गाजीपुर के पास नदी में शव देखे जाने की घटना के बाद उन्नाव में नदी के समीप बालू में शव दफनाए जाने की बात सामने आई है। उन्नाव के जिलाधिकारी का कहना है कि नदी के बहाव से थोड़ी दूर बालू में दफनाए गए शव मिले हैं। बालू में और शव तो नहीं दबे हैं, इसकी जांच की जा रही है।
MAY 13, 2021 08:36 IST

गुजरात में सरकारी मेडिकल कॉलेज के शिक्षक हड़ताल पर गए

गुजरात सरकार द्वारा संचालित मेडिकल कॉलेजों के शिक्षक प्रशासन पर उनकी मांगों को लेकर दिये गए आश्वासन को पूरा नहीं करने का आरोप लगाते हुए बुधवार को हड़ताल पर चले गए। गुजरात मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन (जीएमटीए) से संबद्ध सैंकड़ों प्राध्यापकों और व्याख्याताओं ने हड़ताल में हिस्सा लिया है। जीएमटीए के सदस्यों ने वेतन बढ़ोतरी समेत कई मांगों को लेकर पिछले शुक्रवार को हड़ताल शुरू की थी, लेकिन सरकार की ओर से कोई समाधान निकालने का आश्वासन दिये जाने कुछ घंटे बाद हड़ताल वापस ले ली गई थी।

MAY 13, 2021 08:36 IST

असम में कोविड-19 से 71 और मौतें हुईं, 5,657 नए मामले आए

असम में बुधवार को कोविड-19 के कारण 71 और मौतें होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 1,909 हो गई, जबकि संक्रमण के 5,657 नए मामले सामने आने से राज्य में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 3,10,086 हो गए। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) ने यह जानकारी दी। वर्तमान में, राज्य में कुल 40,970 मरीजों का इलाज चल रहा है। एनएचएम ने अपने बुलेटिन में कहा कि दिन में बीमारी से 3,880 लोग ठीक हुए, जिससे राज्य में अब तक ठीक हो चुके कुल लोगों की संख्या 2,65,860 हो गई। बुलेटिन में कहा गया कि राज्य में टीकों की कुल 32,31,673 खुराक दी गई हैं। बुधवार को कुल 38,591 लोगों को टीका लगाया गया।

MAY 13, 2021 08:36 IST

जम्मू-कश्मीर में ऑक्सीजन से लैस 800 बिस्तर बढ़ाए गए

जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने कोविड-19 मामलों में वृद्धि के मद्देनजर मौजूदा बिस्तर क्षमता को बढ़ाने के लिए एक सप्ताह में क्षेत्र में ऑक्सीजन से लैस लगभग 800 अधिक नए बिस्तर जोड़े हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। इस बीच, दो प्रमुख निजी अस्पतालों में भी 60 बिस्तर बढ़ाए गए हैं। आदिवासी मामलों के सचिव और जम्मू क्षेत्र में कोविड-19 रोकथाम कार्य के प्रभारी, शाहिद इकबाल चौधरी ने बताया कि अस्पताल, इंजीनियरिंग विंग और प्रशासन ऑक्सीजन लाइन से लैस बिस्तर की क्षमता बढ़ाने के लिए प्रयास कर रहे हैं।