Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में स्कूल जा रही एक छात्रा के साथ बीच सड़क पर छेड़छाड़ और थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। घटना बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र की बताई जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने भी मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी छात्रा
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना 1 अक्टूबर की सुबह की बताई जा रही है। छात्रा अपने स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान बुढ़ाना कस्बे में एक युवक ने सड़क पर उसका रास्ता रोककर उसके साथ बदसलूकी की। आरोप है कि युवक ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। छात्रा ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे थप्पड़ मारा।
छात्रा को मारा थप्पड़
घटना के दौरान आसपास मौजूद दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हो गया। सामने आए अलग-अलग फुटेज में युवक छात्रा के साथ बदसलूकी करता हुआ दिखाई दे रहा है। एक वीडियो में वह छात्रा को धक्का देता नजर आता है, जबकि दूसरे फुटेज में विरोध करने पर छात्रा को थप्पड़ मारते हुए देखा जा सकता है।
आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कोशिश जारी
वहीं घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस ने वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बुढ़ाना कोतवाली में अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि, आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच चल रही है। आरोपी की पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
