शहर

अल-कायदा मॉड्यूल पर UP ATS का बड़ा एक्शन, आजमगढ़ से 19 साल का नबील गिरफ्तार; युवाओं का कर रहा था ब्रेनवॉश

उत्तर प्रदेश एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड (UP ATS) ने आजमगढ़ जिले से 19 वर्षीय मोहम्मद नबील को प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल-कायदा (AQIS) की विचारधारा फैलाने और युवाओं को भड़काने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

Image

UP ATS का बड़ा एक्शन

Photo : Times Now Digital

उत्तर प्रदेश एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड (UP ATS) ने राज्य में कट्टरपंथ और आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आजमगढ़ जिले से एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) की विचारधारा का प्रचार-प्रसार कर रहा था और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए देश के युवाओं को भड़काने और उनका ब्रेनवॉश करने की कोशिश में जुटा था।

एटीएस द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान आजमगढ़ के दीदारगंज निवासी मोहम्मद नबील के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि नबील सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय था और वह व्हाट्सएप पर कई ऐसे संदिग्ध ग्रुप चला रहा था, जिसमें जम्मू-कश्मीर के अलावा कई अन्य देशों के लोग भी जुड़े हुए थे। उसने अरबी भाषा में 'ला इलाहा इल्लल्लाह' नाम से एक ग्रुप बनाया था, जिसमें जुड़े सदस्यों को वह 'मुजाहिद्दीन' कहकर संबोधित करता था।

'44 वेज ऑफ जिहाद'

जांच अधिकारियों ने पाया कि नबील इन ग्रुप्स में अल-कायदा से जुड़े आतंकियों द्वारा लिखी गई '44 वेज ऑफ जिहाद' जैसी आपत्तिजनक किताबें और सामग्री शेयर करता था। इतना ही नहीं, वह 'फ्लेम्स ऑफ वॉर' नाम के अंतरराष्ट्रीय ग्रुप से भी जुड़ा हुआ था, जिसमें बांग्लादेश, म्यांमार और सऊदी अरब के संदिग्ध लोग शामिल थे। इन ग्रुप्स में पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाकर बम बनाने की ट्रेनिंग लेने तथा पोटेशियम नाइट्रेट जुटाने जैसी गंभीर बातों पर चर्चा होती थी।

अल-कायदा मॉड्यूल पर UP ATS का प्रहार

एटीएस के मुताबिक, आरोपी और उसके साथी पाकिस्तान के संपर्कों के साथ मिलकर 'गजवा-ए-हिंद' की साजिश को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। खुफिया जानकारी के सत्यापन के बाद लखनऊ के एटीएस थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल नबील को अदालत में पेश कर पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article