भाजपा का त्रिस्तरीय कार्यक्रम
भाजपा की ओर से एक से 22 जून तक अन्य कार्यक्रम करने का निर्देश दिया गया है। इनमें हर लोक सभा सीट पर एक प्रेस वार्ता करना, प्रबुध्द व्यक्तियों का सम्मेलन करना, सोशल मीडिया इंफ्लुअर्स की मीटिंग करना, व्यापारी सम्मेलन करना, विकास तीर्थ कार्यक्रम आयोजित करना शामिल है। इसके साथ ही विधानसभा स्तर पर भी कार्यक्रम होंगे। इनमें विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक और भोजन करना, पार्टी के सभी सातों मोर्चों का संयुक्त सम्मेलन करना, लाभार्थियों का सम्मेलन करना और 21 जून को योगा दिवस पर कार्यक्रम करना शामिल है। 23 जून को श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 लाख बूथों पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। यह वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से होगा। 20 से 30 जून तक घर-घर संपर्क अभियान भी चलाया जाएगा। इसके लिए लोकसभा के लिए नियुक्त दो सदस्यों की टोली के साथ ही अन्य नेताओं को भी शामिल होने को कहा गया है। मोदी सरकार के 9 साल के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए खास रणनीति बनाई गई है। इस विशाल अभियान की तैयारी के लिए प्रदेश इकाइयों को निर्देश दिया गया है कि वे प्रदेश कार्यसमिति की एक दिन की बैठक बुलाएं। इसके लिए 16, 17 और 18 मई को प्रदेश की कार्यसमिति की बैठक बुलाने का निर्देश हैं। इन बैठकों में प्रदेश अभियान समिति के सभी सदस्य, सांसद, विधायक, महापौर आदि शामिल होंगे। इसके बाद जिला स्तर पर तैयारी होगी। इसके लिए 19, 20 और 21 मई को जिला स्तर पर एक दिन की कार्य समिति की बैठक आयोजित होगी। फिर 22 और 23 मई को मंडल स्तर पर समिति की बैठक होगी जिसमें तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।