देश

'NDA सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं', हैदराबाद में राजनाथ सिंह बोले- अगली पीढ़ी के बारे में सोचती है भाजपा

Intellectual Meet: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को न केवल अपने कार्य में बल्कि अपनी नीयत में भी ईमानदार करार देते हुए शुक्रवार को कहा कि पार्टी हमेशा ''अगली पीढ़ी के बारे में सोचती है, न कि अगले चुनाव के बारे में।''

Image

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (फोटो साभार: @rajnathsingh)

Photo : Twitter

Intellectual Meet: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को न केवल अपने कार्य में बल्कि अपनी नीयत में भी ईमानदार करार देते हुए शुक्रवार को कहा कि पार्टी हमेशा ''अगली पीढ़ी के बारे में सोचती है, न कि अगले चुनाव के बारे में।''

राजनाथ सिंह ने हैदराबाद में 'इंटेलेक्चुअल मीट' को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के बजट का हर रुपया देश की सुरक्षा को मजबूत करने में इस्तेमाल किया जा रहा है और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार पर किसी भी तरह के भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं हैं।

क्या कुछ बोले राजनाथ सिंह?

राजनाथ सिंह ने कहा, ''हम अगला चुनाव (जीतने) की चिंता नहीं करते, बल्कि अगली पीढ़ी की चिंता करते हैं। हम इस बात को लेकर चिंतित नहीं हैं कि अगले चुनाव में क्या होगा-हम इस बात को लेकर चिंतित हैं कि अगली पीढ़ी के साथ क्या होगा। हमारी नीयत बिल्कुल साफ है। हमारे शब्दों और कार्यों में कोई अंतर नहीं है।''

उन्होंने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की पूर्ववर्ती सरकार पर भ्रष्टाचार और घोटालों में लिप्त होने का आरोप लगाया, जिनमें ''2जी घोटाला, कोयला घोटाला और राष्ट्रमंडल खेल घोटाला" शामिल थे।''

उन्होंने कहा कि संप्रग के शासनकाल में लगभग हर दिन नये घोटालों की खबरें सामने आती थीं, जिससे राजकोष को लाखों करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। राजनाथ सिंह ने कहा कि उनके कार्यकाल (2014 से 2019) में गृह मंत्री रहते हुए रक्षा बजट का आवंटन 2.5 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 8 लाख करोड़ रुपये हो गया था।

रक्षा मंत्री ने की HAL परियोजना की समीक्षा

इससे पहले, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में भारतीय वायुसेना को तेजस मार्क 1ए लड़ाकू विमानों की आपूर्ति करने में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड की ओर से हो रही अत्यधिक देरी का मुद्दा प्रमुखता से उठा। राजनाथ सिंह ने सरकारी एयरोस्पेस कंपनी द्वारा वर्तमान में लागू की जा रही सभी प्रमुख परियोजनाओं के प्रदर्शन की व्यापक समीक्षा की थी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article