Delhi: दिल्ली में आज होने वाली नवनिर्वाचित भाजपा विधायकों की बैठक स्थगित कर दी गई है। भाजपा सूत्रों ने बताया कि अब यह बैठक 19 फरवरी को होगी और नए मुख्यमंत्री 20 फरवरी को शपथ लेंगे। भाजपा के एक सूत्र ने कहा कि कल होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक स्थगित कर दी गई है। अब यह बैठक 19 फरवरी को होगी। मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह भी 18 फरवरी के बजाय 20 फरवरी को होगा।
भाजपा ने अभी तक नहीं की सीएम के नाम की घोषणा
भाजपा 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में आई है। भाजपा ने दिल्ली विधानसभा की 70 में से 48 सीटें जीती हैं। पार्टी ने चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद के लिए किसी चेहरे की घोषणा नहीं की थी। मुख्यमंत्री के चयन को लेकर भाजपा में विचार-विमर्श चल रहा है। विपक्षी दलों ने 8 फरवरी को परिणाम घोषित होने के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए चेहरे के चयन में देरी को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है।
बता दें, दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजें आने के बाद से ही मनजिंदर सिंह सिरसा, रेखा गुप्ता और प्रवेश वर्मा के नाम सीएम पद की दौड़ में सबसे आगे है। दिल्ली में बीजेपी को हर वर्ग का वोट मिला है चाहे वह जाट हो या सिख या फिर पूर्वांचली वोट, हर किसी ने बीजेपी पर अपना भरोसा जताया। ऐसे में सीएम और कैबिनेट सदस्यों के नाम के चुनाव में इन सभी फैक्टर को ध्यान में रखा जाने की उम्मीद है।
