Lal Krishna Advani Health Update: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी की तबीयत स्थिर है। चिकित्सकों का एक दल उनकी निगरानी कर रहा है। बता दें, 96 साल के आडवाणी को बुधवार को दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अपोलो अस्पताल के एक सूत्र ने गुरुवार को बताया कि गत रात अस्पताल में भर्ती किए जाने के बाद लाल कृष्ण आडवाणी हालत आज स्थिर है। वह फिलहाल तंत्रिका विज्ञान विभाग में चिकित्सकों के एक दल की निगरानी में हैं। पूर्व उप प्रधानमंत्री को बुधवार रात करीब नौ बजे अपोलो अस्पताल लाया गया था। उनके साथ उनकी बेटी प्रतिभा आडवाणी थीं। अस्पताल के एक सूत्र ने बुधवार रात को बताया कि आडवाणी को न्यूरोलॉजी के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. विनीत सूरी की निगरानी में भर्ती कराया गया है।
कुछ दिन पहले भी बिगड़ी थी तबीयत
देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी की तबीयत बीते 15 दिनों में दूसरी बार खराब हुई है। कुछ दिन पहले भी उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले जाया गया था। उन्हें एम्स में एक रात रखने के बाद छुट्टी दे दी गई थी।
भारत रत्न से किया गया था सम्मानित
बता दें, इस साल की शुरुआत में लाल कृष्ण आडवाणी को भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनके आवास पर प्रतिष्ठित भारत रत्न से सम्मानित किया था। लाल कृष्ण आडवाणी ने लंबे समय तक भाजपा के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया है।
