आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को दिल्ली के जंतर मंतर पर विशाल रैली कर देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ लोग मिलकर देश से तानाशाह सरकार उखाड़ फेंकेंगे। ये लोग सत्ता की राजनीति करें और हम जनता के लिए काम करेंगे। आज से यह बदलाव की गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि मोदी जी कहते रहे कि दिल्लीवालों का ‘बेटा’ भ्रष्ट और है, लेकिन कोर्ट ने साफ कर दिया कि केजरीवाल कट्टर ईमानदार था, है और रहेगा। कांग्रेस के भ्रष्टाचार से तंग आकर लोगों ने बड़ी उम्मीदों से मोदी जी को पूर्ण बहुमत दिया। आज देश का हर सेक्टर बर्बाद है। इस दौरान दिल्ली, पंजाब, गुजरात, गोवा समेत विभिन्न प्रांतों से आए ‘‘आप’’ नेताओं, कार्यकर्ताओं और हजारों आम लोगों ने ‘पढ़ा-लिखा दमदार है, मेरा केजरीवाल कट्टर ईमानदार है’ के जमकर नारे लगाए।
मोदी जी-अमित शाह षड़यंत्र रच कर दिल्लीवालों को परेशान किया- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले चार साल से पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने षड़यंत्र रच कर दिल्ली के लोगों को बहुत परेशान और दुखी किया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल चोर है, भ्रष्टाचारी है, केजरीवाल ने शराब घोटाला किया है, केजरीवाल 100 करोड़ खा गया। दिन भर मीडिया में डिबेट चलता था। दिल्ली के लोगों को बहुत दुखी किया। जज साहब ने फैसला सुनाया है कि मोदी जी झूठ बोल रहे हैं, केजरीवाल कट्टर ईमानदार है। पूरा केस फर्जी है, कोई सबूत नहीं है। उन्होंने कहा कि सदियों के बाद ऐसा फैसला आया है। मोदी जी और अमित शाह ने आम आदमी पार्टी को ठिकाने लगाने के लिए पूरे केस को व्यक्तिगत मॉनिटर कर रहे थे कि केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, संजय सिंह छूटना नहीं चाहिए। कोर्ट का यह फैसला मोदी जी, अमित शाह और भाजपा के गाल पर जोरदार तमाचा है।
12 साल में मोदी जी ने देश का बेड़ा गर्क कर दिया- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में टूजी, कॉमनबेल्थ, कोयला समेत अन्य घोटालों से लोग परेशान हो गए थे। 2014 में कांग्रेस के भ्रष्टाचार से तंग आकर लोगों ने बड़ी उम्मीदों के साथ मोदी जी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। लोगों को बड़ी उम्मीद थी कि अब देश बदलेगा, मोदी जी कुछ करेंगे। मोदी जी को प्रधानमंत्री बने 12 साल हो गए, लेकिन जनता को कुछ नहीं मिला। लोगों की जिंदगी नहीं सुधरी। न अच्छी सड़कें हैं, न पीने का पानी है, न सीवर है, न 24 घंटे बिजली है, हवा में प्रदूषण है। इन 12 साल में इन लोगों ने देश का बेड़ा गर्क कर दिया। देश का एयरलाइन, रेलवे, बैंक, स्कूल, अस्पताल समेत हर सेक्टर बर्बाद है। 12 साल में इन लोगों ने देश को बर्बाद कर दिया। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 2014 तक बीजिंग में भारत से ज्यादा प्रदूषण होता था, लेकिन 12 साल में बीजिंग ने अपना प्रदूषण खत्म कर दिया। आज पूरे उत्तर भारत के अंदर सांस लेना मुश्किल हो रहा है। मोदी सरकार से प्रदूषण ठीक नहीं हुआ। ये लोग कहते हैं कि विकसित भारत बनाएंगे। विकसित भारत छोड़ो, रहने लायक भारत बना दो। कम से कम लोग सांस तो ले सकें।
प्रधानमंत्री में हिम्मत है तो असली भ्रष्टाचारियों पर एक्शन लेकर दिखाएं- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मोदी जी कहते हैं कि केजरीवाल भ्रष्ट है, लेकिन कोर्ट ने कह दिया केजरीवाल कट्टर ईमानदार है। मोदी जी भ्रष्टाचार खत्म करना चाहते हैं और हिम्मत है तो कार्रवाई करके दिखाओ। गुजरात में 20 हजार करोड़ रुपए का कोकीन हेरोइन पकड़ा गया। मोदी जी में हिम्मत है तो उन पर कार्रवाई करके दिखाएं। गुजरात में हर साल 30 हजार करोड़ रुपए की नकली दारू बिकती है, मोदी जी में हिम्मत है तो इसे बंद करके दिखाएं। मोदी जी ने अपने एक दोस्त को अरबों खरबो रुपए कीमत की एक हजार एकड़ जमीन एक रुपए में दे दी। अगर हिम्मत है तो एक्शन लेकर दिखाएं। मोदी जी ब्रिज और पुलों का उद्घाटन करके आते हैं। उद्घाटन किए एक महीना नहीं होता है और ब्रिज गिर जाता है, सड़क टूट जाती हैं। मोदी जी में हिम्मत है तो वहां एक्शन लेकर दिखाएं। पूरे देश में पेपर लीक हो रहा है, यहां एक्शन लेकर दिखाएं।
