भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इस समय पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं। यहां उन्होंने सोमवार को पश्चिम बंगाल में निवेश और रोजगार को लेकर भाजपा सरकार की प्राथमिकताएं गिनाईं। साथ ही सूबे की पूर्ववर्ती सरकार को जमकर घेरा। नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन के दौरान पूंजी का पलायन हुआ और करीब 6,700 कंपनियां बंद हो गईं। इसके साथ ही उन्होंने जोर दिया कि राज्य में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण बनाना भाजपा सरकार की प्राथमिकता होगी।
कोलकाता में आयोजित ‘युवा संवाद कॉन्क्लेव’ में भाजपा अध्यक्ष ने युवाओं से भी संवाद किया। भाजपा प्रमुख ने कहा कि 4 मई को पश्चिम बंगाल में एक नयी सुबह आई,जब विधानसभा चुनाव में भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस को हराया और अब युवाओं की उम्मीदें पूरी होंगी। नितिन नवीन ने इस दौरान युवाओं से जीवन में शॉर्टकट से दूर रहने का आग्रह किया और लगन एवं निरंतरता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मैं सभी युवाओं से आग्रह करूंगा कि वे जीवन में शॉर्टकट रास्ते से बचें। जीवन 100 मीटर की दौड़ नहीं, बल्कि एक लंबी दौड़ है,जिसमें ताकत और निरंतरता की परीक्षा होती है।
गंगासागर मेले को लेकर नवीन का बड़ा बयान
नितिन नवीन ने सोमवार को दक्षिण 24 परगना जिले के गंगासागर का भी दौरा किया। उन्होंने गंगा और बंगाल की खाड़ी के संगम पर स्नान किया और कपिल मुनि आश्रम में पूजा-अर्चना की। वहां जब उनसे गंगासागर मेले को राष्ट्रीय मेले का दर्जा देने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह मांग जल्द पूरी होगी।सनद रहे कि गंगासागर मेला हर साल मकर संक्रांति के आसपास आयोजित होता है और इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। पश्चिम बंगाल सरकार भी केंद्र से इसे राष्ट्रीय मेले का दर्जा देने और मेले से जुड़ी सांस्कृतिक विरासत के लिए वित्तीय व संस्थागत सहयोग देने की मांग कर चुकी है।
संगठन को मजबूत करने पर भी जोर
नितिन नवीन का 27 और 28 सितंबर को पश्चिम बंगाल का दो दिवसीय दौरा पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों से भी जुड़ा है। उन्होंने राज्य भाजपा के पदाधिकारियों, जिला नेताओं, सांसदों और विधायकों समेत विभिन्न स्तर के नेताओं के साथ बैठकें कीं। इन बैठकों में संगठन के कामकाज और जमीनी स्तर पर पार्टी के समन्वय को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
