देश

बीजेपी ने जारी की संगठन महामंत्रियों की जंबो सूची, चंद्रशेखर को मध्य प्रदेश की कमान

BJP ने शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है। शिवप्रकाश को आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गोवा का दायित्व दिया गया है, जबकि सौदान सिंह बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल का काम देखेंगे।

Image

बीजेपी ने जारी की संगठन मंत्रियों की जंबो सूची

प्रदेश प्रभारियों और सह प्रभारियों की घोषणा के एक दिन बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठन को और मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन महामंत्रियों और सह संगठन मंत्रियों की नियुक्ति कर दी है। राष्ट्रीय स्तर पर सह-संगठन की जिम्मेदारियों के साथ-साथ विभिन्न राज्यों के प्रदेश महामंत्री (संगठन), सह महामंत्री (संगठन) और संगठक शामिल हैं। बीजेपी की नई नियुक्तियां ऐसे समय हुई हैं जब पार्टी विभिन्न राज्यों में अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने पर काम कर रही है। इससे पहले अगस्त में राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई टीम का ऐलान किया गया था, जिसमें राष्ट्रीय महामंत्री, उपाध्यक्ष और सचिवों की नियुक्तियां की गई थीं।

नियुक्तियों में शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है। शिवप्रकाश को आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गोवा का दायित्व दिया गया है, जबकि सौदान सिंह बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल का काम देखेंगे। शिवप्रकाश और सौदान सिंह को पुन: यह जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। दोनों का केंद्र क्रमश: मुंबई और भुवनेश्वर रखा गया है। इसके अलावा वी. सतीश को एससी-एसटी मोर्चा और संसदीय कार्यालय का संगठक बनाया गया है। उनका केंद्र दिल्ली होगा। वहीं, नागेन्द्र को वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क की जिम्मेदारी के साथ संगठक बनाया गया है और उनका केंद्र भी दिल्ली रहेगा।

चंद्रशेखर की दक्षिण से वापसी

राजस्थान और तेलंगाना के महामंत्री संगठन रहे चंद्रशेखर को मध्य प्रदेश का महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। उनका केंद्र भोपाल होगा। फरवरी 2026 में हितानंद शर्मा के पद से हटने के बाद से ही मध्य प्रदेश का महामंत्री (संगठन) पद खाली था। महाराष्ट्र में अजय जामवाल को प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। वहीं सतीश धोंड को प्रदेश सह महामंत्री (संगठन), महाराष्ट्र के साथ चार राज्यों में जनजाति संपर्क की जिम्मेदारी दी गई है। इन राज्यों में गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र शामिल हैं। मधुकर को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है। उनका केंद्र हैदराबाद होगा। तेलंगाना में दशरथ को प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) बनाया गया है और उनका केंद्र वारंगल रहेगा।

छत्तीसगढ़ से झारखंड पहुंचे पवन साय

असम और त्रिपुरा से जुड़े संगठनात्मक काम की जिम्मेदारी रविंद्र राजू को दी गई है। उनका केंद्र गुवाहाटी होगा। बिहार में भीखूभाई दलसानिया को प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है, जबकि झारखंड की जिम्मेदारी पवन साईं को दी गई है। दोनों के केंद्र क्रमश: पटना और रांची होंगे। हिमाचल प्रदेश में सिद्धार्थन को प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। उनका केंद्र शिमला होगा। गुजरात के साथ दादरा नगर हवेली, दमन एवं दीव की जिम्मेदारी रत्नाकर को दी गई है, जिनका केंद्र अहमदाबाद होगा। गुजरात में अरुण बिन्नाडी को प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। उत्तराखंड की जिम्मेदारी फणीन्द्रनाथ शर्मा को दी गई है। दिल्ली और हरियाणा के लिए पवन राणा, छत्तीसगढ़ के लिए कर्मवीर को प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। कर्मवीर पिछले कई साल से झारखंड के प्रदेश महामंत्री संगठन थे।

यूपी में धर्मपाल को फिर मौका

ओडिशा में मानस मोहंती, पंजाब और चंडीगढ़ में मंत्री श्रीनिवासुलु, उत्तर प्रदेश में धर्मपाल और पश्चिम बंगाल में अमिताभ चक्रवर्ती को संगठन की जिम्मेदारी दी गई है। इनके केंद्र क्रमश: भुवनेश्वर, चंडीगढ़, लखनऊ और कोलकाता होंगे। इसके अलावा अभय गिरी को ब्रज क्षेत्र का संगठक बनाया गया है, जिनका केंद्र आगरा होगा। अनंत नारायण मिश्र को भागलपुर, पूर्णिया और कोसी क्षेत्र में संगठन की जिम्मेदारी दी गई है। उनका केंद्र पूर्णिया रहेगा।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article