Bihar Election 2025: बिहार में सियासी पारा लगातार बढ़ता जा रहा है। भाजपा और बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बुधवार को राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा और सम्राट चौधरी पर तंज कसते हुए कहा कि “बिहार में अपराधी ही ‘विजय’ और ‘सम्राट’ बन गए हैं।”
'राज्य में बिना रिश्वत दिए कोई काम नहीं होता'
तेजस्वी यादव ने ‘बिहार अधिकार यात्रा’ के दूसरे दिन समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, “जनता भ्रष्ट सरकार से तंग आ चुकी है। बिना रिश्वत दिए कोई काम नहीं होता। राज्य में कोई सुरक्षित नहीं है। जनता बेरोजगारी और महंगाई से परेशान है। अब लोग 20 साल पुरानी ‘खटारा’ सरकार से बदला लेंगे और एनडीए को आने वाले चुनावों में हराएंगे।” तेजस्वी यादव ने वादा किया कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो राज्य का कोई भी डिग्रीधारी युवक बेरोजगार नहीं रहेगा। उन्होंने कहा, “हम जो कहते हैं, वो करते हैं। सरकार बनी तो हर डिग्रीधारी को नौकरी और रोज़गार देंगे।”
क्या है ‘बिहार अधिकार यात्रा’ का उद्देश्य?
बता दें कि 16 सितंबर से शुरू हुई ‘बिहार अधिकार यात्रा’ का उद्देश्य युवाओं को रोजगार दिलाना, महिलाओं के अधिकार सुनिश्चित करना, शिक्षकों का सम्मान, और शिक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाना है। यह यात्रा जहानाबाद से शुरू हुई और 20 सितंबर को वैशाली में खत्म होगी। इस दौरान यात्रा बेगूसराय, खगड़िया और मधेपुरा जैसे जिलों से भी गुजरेगी।
बिहार की मौजूदा सियासी समीकरण की बात करें तो राज्य विधानसभा में इस समय एनडीए के पास 243 में से 131 सीटें हैं, जबकि विपक्षी इंडिया गठबंधन के पास 111 सीटें हैं। एनडीए में भाजपा 80, जदयू 45, हम(से) 4 और 2 निर्दलीय विधायक शामिल हैं। वहीं, इंडिया गठबंधन में राजद 77, कांग्रेस 19, भाकपा(माले) 11, माकपा 2 और भाकपा के 2 विधायक हैं।
