Bihar: शनिवार को बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने दो बड़े फैसले लिए हैं। दोनों फैसले चौंकाने वाले दिख रहे। शनिवार को दिन में नीतीश कुमार ने जहां अपनी पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की घोषणा की, जिससे ललन सिंह गायब दिखे तो वहीं शाम होते-होते मंत्रालय में ही फेर बदल कर डाला। कई विवादित बयानों के कारण चर्चा में रहे मंत्री चंद्रशेखर से नीतीश कुमार ने शिक्षा विभाग छीन लिया।
चंद्रशेखर की शिक्षा विभाग से छुट्टी
भगवान राम पर विवादित बयान देने वाले शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर की शिक्षा विभाग से छुट्टी कर उनका विभाग बदल दिया गया है। नीतीश कुमार ने आलोक मेहता को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए बिहार का नया शिक्षा मंत्री बना दिया है।
गन्ना उद्योग पहुंचे चंद्रशेखर यादव
वहीं प्रोफेसर चंद्रशेखर यादव को गन्ना उद्योग विभाग दे दिया है। इसके अतिरिक्त, मंत्री ललित यादव को भूमि राजस्व विभाग में एक अतिरिक्त भूमिका सौंपी गई है, जिसके प्रमुख पहले आलोक मेहता थे। ललित यादव जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की अपनी मौजूदा जिम्मेदारी को भी संभालते रहेंगे।
राजद खेमे के सभी मंत्री
जिन तीन मंत्रियों के विभाग बदले गए हैं, वे सभी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) खेमे के हैं। बिहार कैबिनेट में फेरबदल नीतीश कुमार द्वारा जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची में नए नेताओं को नियुक्त करने के कुछ घंटों बाद हुआ।
