देश

उप चुनाव:नीतीश-तेजस्वी जोड़ी का पहला टेस्ट,बाहुबली की पत्नियों और मामा-भांजा में कौन मारेगा बाजी

  • Agency by: Agency
  • Updated Nov 1, 2022, 07:17 PM IST

Bihar By Election: उप चुनाव में प्रचार से नीतीश कुमार ने दूरी बना रखी है। दूरी की वजह जहां नीतीश कुमार को चोट लगना बताया जा रहा है। वहीं भाजपा इसे गठबंधन में दरार बता रही है। भाजपा नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का दावा है कि नीतीश कुमार, उम्मीदवारों का चयन मनमुताबिक नहीं होने के कारण प्रचार में नहीं गए।

Image

फाइल फोटो: उप चुनाव, बिहार में 2024 की दिशा तय करेंगे

Photo : PTI
KEY HIGHLIGHTS
  • मोकामा में बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी राजद की उम्मीदवार हैं ।
  • भाजपा बाहुबली ललन सिंह की पत्नी सोनम देवी को उम्मीदवार बनाया है।
  • गोपालगंज सीट पर साधु यादव ने अपनी पत्नी को मैदान में उतारकर चुनाव रोचक बना दिया है।

Bihar By Election:बिहार में राजद के साथ मिलकर सरकार बनाने के बाद नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव की जोड़ी का पहला टेस्ट 3 नवंबर को है। राज्य के मोकामा और गोपालगंज विधानसभा क्षेत्र में उप चुनाव है। और भाजपा से गठबंधन तोड़ने के बाद नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार जनता की बीच वोट मांगेगी। ऐसे में अगर इन 2 सीटों पर गठबंधन की जीत होती है, तो न केवल उसे यह कहने का मौका मिल जाएगा, कि उसे जनता का आशीर्वाद मिल गया है। बल्कि राजद में भी जारी कलह पर लगाम लग सकेगी। वहीं अगर गठबंधन के बावजूद भाजपा को जीत मिलती है तो फिर न केवल नीतीश कुमार के नेतृत्व पर सवाल उठेंगे, बल्कि भाजपा को भी बड़ा बूस्ट मिल जाएगा। हालांकि उप चुनाव में प्रचार से नीतीश की दूरी ने भाजपा को गठबंधन पर सवाल उठाने का मौका भी दे दिया है। दूसरी बाहुबलियों की पत्नियों और मामा-भांजा की टक्कर ने चुनाव को रोचक बना दिया है।

नीतीश कुमार चुनाव प्रचार से दूर

असल में उप चुनाव में प्रचार से नीतीश कुमार ने दूरी बना रखी है। दूरी की वजह जहां नीतीश कुमार को चोट लगना बताया जा रहा है। वहीं भाजपा इसे गठबंधन में दरार बता रही है। भाजपा नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का दावा है कि नीतीश कुमार, उम्मीदवारों का चयन मनमुताबिक नहीं होने के कारण प्रचार में नहीं गए। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की चोट एक बहाना है। वहीं मोकामा में चुनावी सभा के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश जी को चोट लगी है इसलिए वह नहीं आ पाए।

बाहुबलियों की पत्नी के बीच लड़ाई

वैसे तो बिहार में 2 सीटों पर उप चुनाव है। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा मोकामा सीट की है। जहां पर सीधे बाहुबलियों की पत्नियों के बीच टक्कर है। मोकामा में बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी राजद की उम्मीदवार हैं । और उनके खिलाफ मैदान में बाहुबली नेता ललन सिंह की पत्नी सोनम देवी उम्मीदवार हैं। ललन सिंह पहले जद (यू ) में थे, अब वह भाजपा में शामिल हो गए है। मोकामा सीट एक-47 केस में अनंत सिंह की विधायकी जाने के बाद खाली हुई है। वैसे इस सीट पर अनंत सिंह का ही दबदबा रहा है। साल 2005 से अनंत सिंह ही चुनाव जीतते आए हैं। चाहे उन्होंने निर्दलीय ही चुनाव क्यों नहीं लड़ा हो। मोकामा विधानसभा भूमिहार जाति के दबदबे वाली सीट है और दोनों उम्मीदवार इसी जाति से हैं।

मोकामा की तरह गोपालगंज सीट पर भाजपा उम्मीदवार कुसुम देवी के सामने राजद उम्मीदवार मोहन लाल गुप्ता चुनाव मैदान में हैं। हालांकि इस सीट पर लालू यादव के साले साधु यादव ने अपनी पत्नी इंदिरा यादव को मैदान में उतार दिया है। इसके लिए 2020 के विधान सभा में खेल करने वाली AIMIM के उम्मीदवार के मैदान में आने लड़ाई रोचक हो गई है। AIMIM ने अब्दुल सलाम को उम्मीदवार बनाया है। इसकी वजह से मुस्लिम वोट बंटने का डर राजद को सता रहा है। 2020 में भाजपा के सुभाष सिंह ने चुनाव जीता था। लेकिन उनकी मृत्यु से यह सीट खाली हुई है। भाजपा ने उनकी जगह उनकी पत्नी कुसुम देवी को मैदान में उतारा है।

2024 की तय होगी दिशा

अगस्त में नीतीश के साथ गठबंधन करने के बाद जिस तरह दो महीने के अंदर के राजद के दो मंत्रियों के इस्तीफे हुए हैं। उसे देखते हुए इन चुनावों के नतीजों का असर गठबंधन पर दिख सकता है। क्योंकि अगर गठबंधन को हार मिलती है, तो भाजपा को बड़ा बूस्ट मिलेगा और जद(यू) में बड़ी सेंध भी लग सकती है। लेकिन अगर गठबंधन चुनाव जीतता है, तो तेजस्वी के लिए पार्टी में बड़ रही कलह को संभालना आसान हो जाएगा। अगस्त में सरकार बनाने के बाद राष्ट्रीय जनता दल के से पहले कानून मंत्री बनाए गए कार्तिकेय सिंह को इस्तीफा देना पड़ा था। और उसके बाद खुद को चोरों का सरकार कहकर सुर्खियों में आए सुधाकर सिंह को मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

प्रशांत श्रीवास्तव
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article