देश

सीएम चुप हैं, इसका मतलब है वह अपराधियों को बचा रहे हैं, अपने ऊपर हुए हमले पर बोले भीम आर्मी चीफ

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Jun 29, 2023, 06:13 PM IST

उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के देवबंद में भीम आर्मी नेता और आजाद समाज पार्टी कांशी राम के प्रमुख चंद्रशेखर (Chandrashekhar Azad) आजाद पर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाकर उनपर हमला किया। इसके दूसरे दिन चंद्रशेखर आजाद ने यूपी में क्राइम को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा।

Image

भीम आर्मी नेता और आजाद समाज पार्टी कांशी राम के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद

Photo : ANI

भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद (Chandrashekhar Azad) पर उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के देवबंद में बुधवार को अज्ञात हमलावरों ने गोली चलाई। इस हमले भीम आर्मी चीफ बाल-बाल बच गए। एक गोली उनके पेट से छूकर निकल गई। लेकिन वो घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। हमले के एक दिन बाद मीडिया से बात करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि मैं अपनी जिंदगी के लिए लड़ रहा हूं लेकिन अपराधी अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं। यह सत्ता में बैठे लोगों के संरक्षण के बिना नहीं किया जा सकता। मेरा मानना है कि यह सरकार की घोर लापरवाही है। मुख्यमंत्री ने एक शब्द भी नहीं कहा। इससे पता चलता है कि वह अपराधियों को बचा रहे हैं।

वंचितों पर तो सदियों से हमला होते आया है

भीम आर्मी नेता और आजाद समाज पार्टी कांशी राम के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह आज का हमला नहीं है, वंचितों पर तो सदियों से हमला होते आया है लेकिन आज कानून का राज है। जब मेरे जैसे व्यक्ति के साथ ऐसा हो रहा है तो कानून व्यवस्था की क्या स्थिति है? पिछले 24 घंटे में क्या कार्रवाई हुई?

अपराधियों की तलाश कर रही है पुलिस

हमले के बाद सीनियर एसपी विपिन टाडा ने बताया अब उनके द्वारा बताए गए घटनाक्रम की पुलिस जांच कर रही है। सीटी एसपी अभिमन्यू मांगलिक ने बताया कि आजाद बुधवार को देवबंद में अपनी पार्टी के किसी कार्यकर्ता के घर से छुटमलपुर लौट रहे थे। जब उनकी गाड़ी देवबंद क्षेत्र में थी, तभी हरियाणा नंबर की एक कार में सवार होकर आए हमलावरों ने चंद्रशेखर पर चार राउंड गोली चलाई जिससे एक गोली उनके पेट को छूती हुई निकल गई। इस गोलीबारी में कार के शीशे भी टूट गए। अधिकारी ने बताया कि जिले की सीमाओं को सील कर दिया गया है और सीसीटीवी कैमरों की मदद से हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है एवं उनकी तलाश की जा रही है। हमलावरों की तलाश में आसपास के जिलों को भी अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला हैं कि हमलावरों की संख्या चार से पांच के बीच हो सकती हैं। लखनऊ में पुलिस महानिदेशक कार्यालय ने सहारनपुर पुलिस से घटना के बारे में विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

सपा, लोकदल ने की हमले की निंदा

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सहारनपुर के देवबंद में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रशेखर आजाद पर सत्ता संरक्षित अपराधियों के द्वारा जानलेवा हमला घोर निंदनीय एवं कायरतापूर्ण कृत्य है। बीजेपी राज में जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं तो आम जनता का क्या होगा। यूपी में जंगलराज। राष्ट्रीय लोकदल प्रमुख जयंत सिंह ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला मन व्यथित करने वाली घटना है। विश्वास है कि भीम आर्मी प्रमुख जल्द स्वस्थ होकर अपने चुने पथ पर चलते रहेंगे।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article