Bengaluru News: कर्नाटक के बेंगलुरु से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, यहां एक 18 वर्षीय युवक ने खुद को भगवान का बेटा बताते हुए, असत्य की दुनिया में सत्य की तलाश करने की बात लिखकर घर छोड़ दिया। यह मामला विद्यारण्यपुरा इलाके का है और हर किसी को हैरान कर रहा है। मोहित पुरोहित जो कि खुद को मोहित ऋषि बताता है, बी.कॉम के छात्र हैं, 16 जनवरी की सुबह 4 बजे अचानक घर से निकल गए। उनके परिवार ने जब उनका मोबाइल फोन कॉल करने की कोशिश की, तो पाया कि फोन घर पर ही उनकी नोटबुक के अंदर रखा हुआ था। नोटबुक में मिले पत्र ने परिवार को हिलाकर रख दिया।
भगवान ने मुझे लोगों की भलाई के लिए चुना है
मोहित ने अपने पत्र में लिखा कि इस स्वार्थी दुनिया में, भगवान ने मुझे लोगों की भलाई के लिए चुना है। इसलिए मैं, मोहित ऋषि, इस राजसी जीवन को छोड़कर प्रेम और स्नेह जैसी माया से दूर होकर सत्य की ओर बढ़ रहा हूं। मैं भगवान नारायण का एक हिस्सा हूं। असत्य की दुनिया में सत्य की तलाश करने जा रहा हूं। कृपया मुझसे प्रेम के बंधन में बंधकर मुझे ढूंढने की कोशिश न करें। परिवार ने मोहित की गुमशुदगी की शिकायत कोडिगेहाली पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई है। पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का मानना है कि मोहित प्रयागराज में चल रहे कुंभ मेले की ओर जा सकते हैं। हालांकि, अभी तक उनकी सही लोकेशन का पता नहीं चल सका है। मोहित की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की गई हैं और लोगों से जानकारी देने की अपील की गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और उनकी तलाश में जुटी है। मोहित के माता-पिता उनकी सलामती को लेकर परेशान हैं। उन्होंने जनता और पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और परिवार को उम्मीद है कि मोहित जल्द सुरक्षित वापस लौट आएंगे।
