देश

Bengaluru Crime: सनकी प्रेमी ने प्यार में पार की सारी हदें, अपनी लिव-इन पार्टनर को दिया दर्दनाक मौत? रसोई के चाकू से काटा गला

Bengaluru Crime: बेंगलुरु के बेलंदूर इलाके में शनिवार की सुबह एक सनकी प्रेमी ने शक के चलते अपनी 22 वर्षीय लिव-इन पार्टनर की रसोई के चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान सिक्किम की रहने वाली अति हांगमा सुब्बा के रूप में हुई है, जो शहर के एक सैलून में काम करती थी। पुलिस ने आरोपी प्रेमी पुरबा लेप्चा (दार्जिलिंग निवासी) को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों महज एक महीने पहले ही बेंगलुरु शिफ्ट हुए थे और डोड्डाकनाहल्ली में साथ रह रहे थे।

Image

बेंगलुरु में एक सनकी प्रेमी ने अपनी लिव-इन पार्टन की हत्या कर दी। AI IMAGE

Bengaluru Crime: कर्नाटक में महिलाओं के खिलाफ अपराध के दो रोंगटे खड़े कर देने वाले मामले सामने आए हैं। राजधानी बेंगलुरु में एक सनकी प्रेमी ने अपनी लिव-इन पार्टनर पर किसी दूसरे पुरुष से दोस्ती का शक होने के बाद रसोई के चाकू से उसका गला काट दिया।

बता दें कि बेंगलुरु के बेलंदूर थाना क्षेत्र के डोड्डाकनाहल्ली इलाके में शनिवार (13 जून) की सुबह एक 22 वर्षीय युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान सिक्किम की रहने वाली अति हांगमा सुब्बा के रूप में हुई है, जो शहर के एक सैलून में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थी। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसका नाम पुरबा लेप्चा है। पुरबा मूल रूप से दार्जिलिंग का रहने वाला है और बेंगलुरु के एक स्थानीय होटल में वेटर का काम करता था।

एक महीने पहले ही बेंगलुरु आए थे दोनों

पुलिस के मुताबिक, अति हांगमा और पुरबा पिछले कुछ समय से रिलेशनशिप में थे और महज एक महीने पहले ही अपने सुनहरे भविष्य की तलाश में बेंगलुरु शिफ्ट हुए थे। दोनों डोड्डाकनाहल्ली में एक साथ लिव-इन में रह रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शनिवार की सुबह पुरबा ने अति हांगमा को किसी दूसरे पुरुष के साथ दोस्ती को लेकर टोकना शुरू किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

इसी दौरान तैश में आकर पुरबा ने रसोई में रखा चाकू उठाया और अति हांगमा का गला रेत दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बेलंदूर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

कोप्पल में मर्डर के बाद लाश को फूंका

वहीं दूसरी घटना कोप्पल जिले की है, जहां एक शख्स ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर सबूत मिटाने के लिए उसकी लाश को आग के हवाले कर दिया। 8 जून की रात करीब 7:00 से 10:15 बजे के बीच एक निर्माणाधीन मकान के कमरे में एक महिला की हत्या कर दी गई। आरोपी ने न सिर्फ महिला की जान ली, बल्कि सबूत मिटाने के लिए शव को एक कंबल में लपेटकर आग लगा दी।

ईंट से कुचलकर मार डाला

संगनेगौड़ा मालीपाटिल की शिकायत पर कनकगिरी पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 के तहत केस दर्ज किया गया था। जांच में पता चला कि मृतका कुश्तागी तालुक के रहने वाले एक 30 वर्षीय व्यक्ति के साथ रिश्ते में थी। घटना की रात आरोपी महिला को बहला-फुसलाकर कनकगिरी के एक निर्माणाधीन मकान में ले गया।

वहां किसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया, जिसके बाद आरोपी ने महिला पर ईंट से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कंबल और अन्य सामान जब्त कर लिया है। चूंकि आरोपी दूसरी कम्युनिटी (समुदाय) से ताल्लुक रखता है, इसलिए पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ SC/ST (PoA) एक्ट, 1989 की धारा 3(2)(5) भी जोड़ दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article