देश

ये कैसी जिद्द? 2 दिन में 2 बार मोबाइल टावर पर चढ़कर लड़की ने किया जमकर ड्रामा, समझिए क्या है ये अजीबोगरीब मामला

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक युवती द्वारा मोबाइल टावर पर चढ़ने की घटना ने सनसनी फैला दी। बुर्का पहने युवती दो दिन में दूसरी बार टावर पर चढ़ गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा। यह घटना इसलिए भी चिंता का विषय बन गई है क्योंकि युवती पहले भी ऐसा कर चुकी है।

Image

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गईं।

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां रुधौली थाना क्षेत्र के हनुमानगंज चौकी के पास मुड़ाडीहा उर्फ भोपालपुर गांव में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बुर्का पहनी एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई।

देखते ही देखते मौके पर हजारों लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह युवती महज दो दिन के भीतर दूसरी बार ऐसा खौफनाक कदम उठा चुकी है। इससे पहले यही युवती दो दिन पहले वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के पड़िया चौराहे पर भी इसी तरह टावर पर चढ़कर घंटों ड्रामा कर चुकी थी।

दो दिन में दूसरी बार टावर पर चढ़कर किया हंगामा

इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और युवती को समझाने-बुझाने और सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिशों में जुट गई। काफी मशक्कत और घंटों चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद आखिरकार पुलिस ने युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

इस घटना के बाद अब प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर पहली बार समझाने और चेतावनी देने के बाद भी युवती बार-बार अपनी जान जोखिम में डालकर ऐसा क्यों कर रही है। लोगों का कहना है कि आजकल सोशल मीडिया पर सस्ती लोकप्रियता (वायरल होने) पाने या किसी बात का दबाव बनाने के लिए लोग अपनी जान दांव पर लगाने लगे हैं, जो कि एक खतरनाक और चिंताजनक विषय बनता जा रहा है।

कानून-व्यवस्था और युवाओं पर गलत असर की चिंता

इस प्रकार की हरकतों से न सिर्फ कानून-व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि समाज के बच्चों और युवाओं में भी बेहद गलत संदेश जा रहा है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि युवती को सुरक्षित बचा लिया गया है और फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

युवती से सघन पूछताछ के बाद ही साफ हो पाएगा कि इस ड्रामे के पीछे की असली वजह क्या है। इसके साथ ही पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे रील बनाने या किसी भी तरह का दबाव बनाने के लिए ऐसे जानलेवा स्टंट और हरकतों से दूर रहें, क्योंकि अगर समय रहते इस पर सख्ती नहीं हुई तो यह एक नया ट्रेंड बन सकता है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article