Prashant Kishor: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में सोमवार को जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नीरज कुमार सिन्हा को 18,953 मतों के अंतर से पराजित करके अपना परचम लहराया है। निर्वाचन आयोग के परिणामों के अनुसार, सभी 31 में से 31 दौरों की मतगणना पूरी होने के बाद प्रशांत किशोर को 63,203 वोट मिले, जबकि भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा को 44,250 मत प्राप्त हुए। वहीं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा कुमारी 14,085 मत हासिल करके तीसरे स्थान पर रहीं। अन्य उम्मीदवारों में प्रगतिशील जनता पार्टी के मनोरंजन कुमार श्रीवास्तव को 950, राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के तनवीर आलम को 847, भारतीय आम आवाम पार्टी के प्रदीप कुमार को 763, भारतीय जवान किसान पार्टी के बैजनाथ प्रसाद को 369, निर्दलीय अनिल दास को 308 और निर्दलीय सिकंदर कुमार को 261 मत मिले। पीके की इस प्रचंड जीत पर कई राजनेताओं ने उनकी शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी बधाई
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने X अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, "लोकतंत्र के महापर्व में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनता ने जनसुराज को चुना है। मैं जनता के इस निर्णय का सम्मान करते हुए प्रशांत किशोर को उनकी जीत पर हार्दिक बधाई देता हूं।" इसके अलावा ही पीके की जीत को उनकी पार्टी से बाहर के कई नेताओं ने भी "भाजपा के अहंकार के लिए सबक" करार दिया। इनमें जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव तथा भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य भी शामिल हैं।
तेज प्रताप यादव ने बोली ये बात
तेज प्रताप यादव ने अपने X पर प्रशांत किशोर को बधाई देते हुए लिखा कि, "प्रशांत किशोर को प्रचंड विजय की हार्दिक शुभकामनाएं। बांकीपुर विधानसभा से आपकी ऐतिहासिक एवं प्रचंड विजय पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह जीत आपके अथक परिश्रम, समर्पण और जनता के विश्वास का परिणाम है। इस चुनाव में जनशक्ति जनता दल ने भी आपका पूरा समर्थन किया। हमें विश्वास है कि आप बांकीपुर के विकास की नई लहर चलाने का कार्य करेंगे और क्षेत्र की जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह खरे उतरेंगे। ईश्वर से प्रार्थना है कि आप निरंतर जनसेवा के पथ पर आगे बढ़ते रहें और बांकीपुर नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे। एक बार पुनः आपको इस शानदार विजय पर ढेरों-ढेरों शुभकामनाएं। जय बिहार! जय हिंद! वंदे मातरम्!
प्रशांत किशोर की पत्नी ने क्या कहा?
प्रशांत किशोर की पत्नी डॉ. जाह्नवी दास ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि, "हम सब बहुत खुश हैं...यह बहुत मुश्किल सीट थी, जिसकी वजह से यह जीत इसे और भी खास बनाती है और हमें और भी ज़्यादा खुशी देती है। मैं बांकीपुर और बिहार के लोगों को यह शानदार जीत दिलाने के लिए दिल से धन्यवाद देती हूं। मैं हमेशा उन सभी की शुक्रगुजार रहूंगी।"
अरविंद केजरीवाल ने भी दी बधाई
आम आदमी पार्टी के प्रमुख और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल प्रशांत किशोर के लिए अपने X पर लिखा कि, "भाजपा अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष की सीट ही हार गई। बांकीपुर से प्रशांत किशोर बड़े मार्जिन से जीत गए। उनको बहुत-बहुत बधाई। भाजपा की जमीन पूरी तरह से खिसक चुकी है। चंदा चोरी, पेपर लीक, E20... मोदी सरकार के प्रति लोगों में गहरा असंतोष है। अहंकार टूटता जा रहा है। देश की जनता ने बदलाव का संकेत दे दिया है। वहीं भाजपा सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा, "ये तो समीक्षा की बात होगी कि इसकी वजह क्या रही। कई बार उपचुनाव में और आम चुनाव में अंतर होता है। एक सीट से सरकार बनती या बिगड़ती नहीं है। ये समीक्षा का विषय है लेकिन मैं ये कहना चाहता हूं कि जो लोग EVM पर सवाल उठाते हैं, आज ये बात साबित हो गई कि EVM ठीक है। हम लोग लोकतंत्र में जनादेश का स्वागत करते हैं। विपक्ष भी इस बात को स्वीकार करे जो हमेशा EVM पर ठिकड़ा फोड़ता है।"
"बांकीपुर की जनता की जीत"
वहीं अपनी जीत पर प्रशांत किशोर ने कहा, "बांकीपुर की जनता की जीत है। ये चुनाव विधायक बनाने का चुनाव नहीं है। ये भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को संदेश देने का चुनाव है कि किसी अच्छे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाएं। जनता ने आपके 202 विधायक जिताए हैं किसी अपराधी, किसी गलत चाल-चरित्र चेहरे वाले व्यक्ति को बिहार का नेतृत्व मत दीजिए। अच्छे आदमी को बनाएं ताकि बिहार में भी शिक्षा, रोजगार हो। बिहार के बच्चों को बाहर मजदूरी करने ना जाना पड़े। ये संदेश बांकीपुर के लोगों ने दिया है: जिन्होंने वोट दिया है उनका धन्यवाद जिन्होंने वोट नहीं दिया है उनको यही कहेंगे कि आपका विश्वास जीतने के लिए और मेहनत और प्रयास करेंगे। बिहार को अच्छा नेतृत्व मिलना चाहिए बिहार सुधरना चाहिए"
भाजपा अपने गढ़ में पराजित हुई
30 जुलाई को हुए मतदान से पहले कई दिनों तक प्रशांत किशोर और भाजपा की ओर से जोरदार चुनाव प्रचार किया गया था। चुनाव प्रचार के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर चुनावी अनियमितताओं के आरोप लगाए और इस संबंध में निर्वाचन आयोग का भी रुख किया। 1970 के दशक के जेपी आंदोलन के प्रमुख नेताओं में रहे वरिष्ठ समाजवादी नेता शिवानंद तिवारी ने कहा, "बांकीपुर के जनादेश को हाल के छात्र आंदोलनों में दिखी भाजपा के प्रति व्यापक असंतोष की पृष्ठभूमि में देखा जाना चाहिए। साथ ही प्रशांत किशोर को भी इसका श्रेय दिया जाना चाहिए, जिन्होंने असाधारण ऊर्जा और संगठनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।" राजद के प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने भी परिणाम पर खुशी जताई। उनकी पार्टी अक्सर प्रशांत किशोर को भाजपा की "बी टीम" बताती रही है। गगन ने कहा, "हमारे लिए यह अधिक महत्वपूर्ण है कि भाजपा अपने गढ़ में पराजित हुई, बजाय इसके कि जीत किसकी हुई।" गौरतलब है कि ने नवंबर पिछले साल लगातार पांचवीं बार बांकीपुर विधानसभा सीट जीती थी। हालांकि, अप्रैल में राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
