देश

'बड़े भाई का प्रेम स्वीकार करती हूं...', रक्षाबंधन पर बाबा रामदेव ने गिफ्ट की मिठाई तो क्या-क्या बोलीं कंगना रनौत?

रक्षाबंधन 2026 पर कंगना रनौत और बाबा रामदेव के बीच पुराना विवाद खत्म होता नजर आया। बाबा रामदेव ने कंगना को मिठाई और तोहफा भेजकर बहन बताते हुए शुभकामनाएं दीं। कंगना ने भी उन्हें अपना बड़ा भाई बताते हुए मिठाई और स्नेह स्वीकार किया। दोनों के बीच विवाद कंगना की 'जेनरेशन गटर' टिप्पणी के बाद शुरू हुआ था।

Image

रक्षाबंधन के अवसर पर कंगना रनौत ने बाबा रामदेव को दी शुभकामनाएं।

Raksha Bandhan 2026: बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत और योग गुरु बाबा रामदेव के बीच पिछले दिनों शुरू हुआ विवाद अब खत्म होता नजर आ रहा है। रक्षाबंधन के मौके पर बाबा रामदेव ने कंगना के लिए मिठाई और तोहफा भेजा और उन्हें बहन बताते हुए रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। बाबा रामदेव ने कहा कि देश में किसी भी वजह से नफरत और आपसी बैर नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विवादों को बातचीत के जरिए खत्म किया जाना चाहिए। रामदेव ने यह भी बताया कि वह कंगना को फोन करके रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देंगे।

कंगना ने भी स्वीकार किया भाई का प्यार

बाबा रामदेव के इस स्नेह को लेकर कंगना रनौत ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि त्योहारों का मकसद गलतियों को भूलकर रिश्तों को मजबूत करना है। कंगना ने बाबा रामदेव को अपना बड़ा भाई बताते हुए उनकी भेजी मिठाई और प्रेम को स्वीकार किया। उन्होंने इंस्टा पर लिखा,"त्योहार का दिन होता ही सब भूल-चूक माफ करने के लिए है. मेरे भाई बाबा रामदेव जी ने बहुत अच्छा कहा कि विवाद नहीं संवाद होना चाहिए. आज रक्षाबंधन के दिन मैं उनकी मिठाई और बड़े भाई का प्रेम, दोनों स्वीकार करती हूं. बहुत धन्यवाद, ईश्वर आपको लंबी आयु दे।"

कंगना रनौत ने बाबा रामदेव को दी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं।

कंगना रनौत ने बाबा रामदेव को दी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं।

बाबा रामदेव ने क्या-क्या कहा?

बाबा रामदेव ने बताया कि वह अपनी बहन कंगना रनौत के लिए गिफ्ट और मिठाई डाक के जरिए भेज रहे हैं। बाबा रामदेव ने कहा कि रक्षा बंधन भाई-बहन के प्यार और रिश्ते का त्योहार है। उन्होंने देश में आपसी भाईचारे और प्रेम का संदेश देते हुए कहा कि देश में किसी भी तरह की नफरत नहीं होनी चाहिए और लोगों को एक-दूसरे के प्रति दुश्मनी का भाव नहीं रखना चाहिए। उन्होंने आगे बताया कि वह आज कंगना रनौत को फोन कर रक्षा बंधन की शुभकामनाएं भी देंगे। बाबा रामदेव का यह संदेश ऐसे समय में आया है जब रक्षा बंधन के जरिए भाई-बहन के रिश्ते और आपसी प्रेम का संदेश दिया जा रहा है।

'जेनरेशन गटर' टिप्पणी से शुरू हुआ था विवाद

दरअसल, दोनों के बीच विवाद कंगना की 'जेनरेशन गटर' टिप्पणी के बाद शुरू हुआ था। कंगना ने युवा प्रदर्शनकारियों पर टिप्पणी करते हुए यह शब्द इस्तेमाल किया था, जिस पर बाबा रामदेव ने आपत्ति जताई थी। उन्होंने कंगना की टिप्पणी को लेकर उनके खिलाफ सवाल उठाए और कहा था कि युवाओं को 'गटर' कहना गलत सोच का संकेत है। इसके बाद दोनों के बीच सोशल मीडिया और सार्वजनिक बयानों के जरिए तीखी बयानबाजी हुई। कंगना ने भी रामदेव की टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए उनके निजी जीवन और विवादों का जिक्र किया था।

हालांकि, रक्षाबंधन के मौके पर दोनों ने पुरानी बातों को पीछे छोड़ने का संकेत दिया है। बाबा रामदेव के तोहफे और कंगना के जवाब से साफ है कि दोनों अब विवाद खत्म कर रिश्ते को सामान्य करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article