Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या समेत पूरे देश में इस समय राम लला के आगमन को लेकर जश्न माहौल है। देश विदेश से लोग राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में भाग लेने के लिए अयोध्या पहुंच रहे हैं। राम लला के लिए मुस्लिम समुदाय में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। कश्मीर से लेकर अफगानिस्तान तक के मुस्लिम राम लाल के लिए जमकर दान कर रहे हैं। भोग के लिए चीजें भेज रहे हैं, कई स्वयं लेकर आ रहे हैं।
राम मंदिर के लिए विदेशों से आई भेंट
भगवान रामलला की मूर्ति के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह की तारीख नजदीक आने के साथ, अयोध्या के राम मंदिर को भक्तों से तरह-तरह के उपहार मिल रहे हैं। विभिन्न राज्यों और देशों के लोगों ने भी अपनी श्रद्धा व्यक्त करने के लिए मंदिर को वस्तुएं दान की हैं। समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि उन्होंने अफगानिस्तान और कश्मीर से प्राप्त उपहार श्री राम मंदिर के 'यजमान' अनिल मिश्रा को सौंप दिए हैं।
अफगानिस्तान से आया नदी का जल
विहिप अध्यक्ष बताया कि अफगानिस्तान की कुभा (काबुल) नदी का पानी अयोध्या में राम मंदिर के लिए उपहार के रूप में भेजा गया है। जिसे यजमान अनिल मिश्रा को सौंप दिया गया है।
कश्मीर से आए मुसलमान भाई-बहन
विहिप अध्यक्ष ने खुलासा किया कि कश्मीरी मुसलमानों ने अयोध्या में राम मंदिर के लिए जैविक रूप से उत्पादित 2 किलो शुद्ध केसर उपहार में दिया। उन्होंने कहा- "कश्मीर के मुस्लिम भाई-बहन मुझसे मिलने आए और राम मंदिर के निर्माण पर अपनी खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भले ही हम अलग-अलग धर्मों का पालन करते हैं, हमारे पूर्वज एक ही हैं। उन्होंने कहा कि भगवान राम उनके पसंदीदा पूर्वजों में से एक हैं।"
नेपाल से क्या आया
नेपाल के जनकपुर को भगवान राम की पत्नी सीता का जन्मस्थान माना जाता है। वहां से राम मंदिर के लिए चांदी के जूते, आभूषण और कपड़े सहित 3,000 से अधिक उपहार दान किए गए हैं।
