देश

राम मंदिर के साथ-साथ ही अयोध्या में बनकर तैयार हो जाएगी मस्जिद, ट्रस्ट बोला- 2023 तक निर्माण पूरा हो जाएगा

  • Agency by: Agency
  • Updated Nov 13, 2022, 02:47 PM IST

अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण भी 2023 तक पूरा हो जाएगा। अब मस्जिद के ट्रस्ट ने भी दावा कर दिया है कि अयोध्या में मस्जिद दिसंबर 2023 तक बनकर तैयार हो जाएगी। उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने मस्जिद निर्माण के लिए इंडो इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन ट्रस्ट का गठन किया है।

Image

अयोध्या मस्जिद का निर्माण 2023 तक हो जाएगा पूरा

Photo : BCCL

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर अयोध्या में मुसलमानों को दी गई जमीन पर मस्जिद का निर्माण दिसंबर 2023 तक पूरा होने की उम्मीद है। यह जानकारी मस्जिद निर्माण का कार्य कर रहे ट्रस्ट ने दी। मस्जिद का निर्माण करा रहे ‘इंडो इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन ट्रस्ट’ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अगर ऐसा हुआ तो यह एक संयोग होगा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण मुकम्मल होने के आसपास ही मस्जिद के ढांचे की तामीर भी पूरी हो जाएगी।

ट्रस्ट के सचिव अतहर हुसैन ने रविवार को बताया- "हमें इस महीने के आखिर तक अयोध्या विकास प्राधिकरण से मस्जिद, अस्पताल, सामुदायिक रसोई, पुस्तकालय और रिसर्च सेंटर का नक्शा मिल जाने की उम्मीद है। उसके फौरन बाद हम मस्जिद का निर्माण कार्य शुरू कर देंगे।"

उन्होंने कहा कि वैसे तो फाउंडेशन मस्जिद के साथ बाकी चीजों का भी निर्माण शुरू कराएगी, लेकिन क्योंकि मस्जिद छोटी है इसलिए उसके जल्द बनकर तैयार हो जाने की संभावना है। हालांकि इसके निर्माण की कोई समय सीमा नहीं तय की गई है, मगर उम्मीद है कि अगले एक साल के अंदर (दिसंबर 2023 तक) हम मस्जिद का ढांचा तैयार कर लेंगे।

हुसैन ने बताया कि मस्जिद और अन्य सुविधाओं का निर्माण उसी डिजाइन के अनुरूप किया जाएगा जो ट्रस्ट ने पहले जारी किया था। उन्होंने बताया कि मस्जिद का नाम 'धन्नीपुर अयोध्या मस्जिद' होगा। जबकि मस्जिद और अन्य सभी सुविधाओं के पूरे परिसर को 'मौलवी अहमदुल्लाह शाह कॉम्पलेक्स' के तौर पर जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि अहमदुल्लाह शाह महान स्वतंत्रता सेनानी थे।

End of Article