देश

Ayodhya Deepotsav: दीपोत्सव के लिए अयोध्या तैयार, 18 लाख दीयों से जगमग होगी रामनगरी; PM मोदी यहीं मनाएंगे छोटी दिवाली

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 23, 2022, 01:00 AM IST

Ayodhya Deepotsav:दिवाली से पहले अयोध्या में दीपोत्सव की भव्य तैयारियां चल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस साल दीपोत्सव कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। 5 अगस्त 2020 के बाद पीएम की यह पहली अयोध्या यात्रा है। पीएम के इस दौरे से पहले तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस दौरान सुरक्षा की सख्त व्यवस्था की गई है।

Ayodhya Deepotsav: भव्य दीपोत्सव के लिए अयोध्या नगरी पूरी तरह से तैयार हो चुकी है। पीएम मोदी इस दीपोत्सव में भाग लेंगे और छोटी दिवाली यहीं मनाएंगे। अयोध्या को 600 किलो फूल और 18 लाख दीयों से सजाया गया है।

पीएम मोदी का कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिवाली की पूर्व संध्या उत्तर प्रदेश के अयोध्या में बिताएंगे। जहां भव्य राम मंदिर बनाया जा रहा है। 2020 में मंदिर की आधारशिला रखने के बाद पीएम मोदी की यह पहली अयोध्या यात्रा होगी। मंदिर के एक हिस्से को अगले साल दिसंबर तक तीर्थयात्रियों के लिए खोले जाने की संभावना है। एक सरकारी बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री शाम करीब पांच बजे निर्माण स्थल के अंदर अस्थायी राम मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे और फिर निरीक्षण करेंगे।

ayodhya

दीपोत्सव के लिए अयोध्या तैयार

शाम लगभग 6:30 बजे, पीएम मोदी सरयू नदी के किनारे आरती में भाग लेंगे। जिसके बाद दीपोत्सव समारोह होगा। इस वर्ष, दीपोत्सव का छठा संस्करण आयोजित किया जा रहा है और यह पहली बार है कि प्रधानमंत्री इस समारोह में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री सरयू नदी के किनारे राम की पैड़ी में लेजर शो भी देखेंगे।

सीएम योगी रहेंगे साथ

पीएम मोदी के साथ-साथ इस मौके पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। सीएम योगी ने ट्वीट पर कहा- "श्री अयोध्या जी भव्य और दिव्य दीपोत्सव के लिए तैयार हैं। आप सभी का स्वागत है। जय श्री राम।" एक अन्य ट्वीट में सीएम ने लिखा- "अध्यात्म, संस्कृति व विकास की त्रिवेणी श्री अयोध्या जी एक बार पुनः लाखों दीयों के प्रकाश से दीप्त होंगी। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम की नगरी में दीपोत्सव के माध्यम से पूरा विश्व धर्मनगरी की अलौकिक आभा की अनुभूति करेगा। आप सभी का इस दिव्य-भव्य-नव्य आयोजन में स्वागत है।"

एक अन्य ट्वीट में सीएम ने लिखा- "महान सनातन संस्कृति की रंगोली, 'दीपोत्सव' भारतीय दर्शन, आध्यात्मिकता और राष्ट्रीय आस्था का ऐसा प्रकाशमयी शृंगार है, जो जन-जन को हर प्रकार के अंधकार से लड़ने की प्रेरणा प्रदान करता है। यह 'दीपोत्सव' मानवीय मूल्यों के उत्थान का जनोत्सव है। सद्भाव और समता के भाव का संगम है।"

सुरक्षा सख्त

दीपोत्सव उत्सव के दौरान लाखों लोगों के यहां पहुंचने की भी संभावना है। इस अवसर पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा की सख्त व्यवस्था की गई है। चप्पे-चप्पे पर कमांडो तैनात किए गए हैं और ड्रोन-कैमरों से भी नजर रखी जा रही है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article